July 19, 2026

Jamtara News: जामताड़ा में कदाचारमुक्त हुई JFWC परीक्षा

Jamtara: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा आयोजित झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा -2024 रविवार को जामताड़ा जिले के 16 परीक्षा केंद्रों पर कदाचारमुक्त, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई. परीक्षा तीन पालियों में आयोजित की गई. कुल 4,380 अभ्यर्थियों में से 1,060 परीक्षार्थी उपस्थित हुए, जबकि 3,320 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे.

Uploaded Image

परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी एवं नकलमुक्त बनाने के लिए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया. उनके साथ परियोजना निदेशक, आईटीडीए जुगनू मिंज सहित अन्य वरीय अधिकारी भी मौजूद रहे.

इसे भी पढ़ें: 

Ranchi News: अधिकारियों के रवैये पर वित्त मंत्री नाराज, बोले- ‘जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं’
Ranchi News: मानसून में हर आपदा से निपटने को तैयार है NDRF 9वीं बटालियन

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जेबीसी सीएम उत्कृष्ट विद्यालय एवं सीएम उत्कृष्ट विद्यालय (गर्ल्स) सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का दौरा कर परीक्षार्थियों की उपस्थिति, सीसीटीवी निगरानी, सुरक्षा व्यवस्था तथा परीक्षा संचालन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया. उपायुक्त ने केंद्राधीक्षकों, स्टैटिक दंडाधिकारियों एवं पर्यवेक्षकों को गोपनीयता, पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

परीक्षा के दौरान समाहरणालय सभागार में स्थापित जिला नियंत्रण कक्ष पूरी तरह सक्रिय रहा और सभी परीक्षा केंद्रों से लगातार संपर्क बनाए रखा गया. परीक्षा के नोडल पदाधिकारी जुगनू मिंज ने पूरे आयोजन की सतत निगरानी एवं अनुश्रवण किया, जिससे परीक्षा का संचालन बिना किसी व्यवधान के संपन्न हुआ.

परीक्षा समाप्त होने के बाद उपायुक्त ने सभी स्टैटिक दंडाधिकारी, उड़नदस्ता दल, पेट्रोलिंग दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, केंद्राधीक्षक तथा प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मियों को सफल एवं शांतिपूर्ण परीक्षा आयोजन के लिए बधाई दी. उन्होंने कहा कि पूरी टीम के समन्वित प्रयास से परीक्षा निष्पक्ष और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई, जो आगामी प्रशासनिक आयोजनों के लिए भी प्रेरणादायक है.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.