September 12, 2026

Jamia Girl Students Protest: जामिया के गर्ल्स हॉस्टल में छात्राओं का हंगामा, मेस में खराब खाना मिलने पर प्रदर्शन - Haribhoomi

Jamia Students Protest: जामिया मिल्लिया इस्लामिया में खराब खाने को लेकर J&K गर्ल्स हॉस्टल की छात्राओं ने हॉस्टल की मेस में खराब खाने को लेकर प्रदर्शन किया है।

Jamia Students Protest

जामिया में खराब खाने को लेकर छात्राओं का प्रदर्शन।

  • Published: 12 Sep 2026, 11:41 AM IST
  • Last Updated: 12 Sep 2026, 11:44 AM IST

Jamia Students Protest: जामिया मिल्लिया इस्लामिया के J&K गर्ल्स हॉस्टल की छात्राओं ने हॉस्टल की मेस में खराब खाना मिलने और प्रशासनिक स्तर पर गड़बड़ियों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया है। स्टूडेंट्स ने यूनिवर्सिटी के सेंटेनरी गेट पर धरना प्रदर्शन किया है।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया है कि मेस की व्यवस्था को लेकर लगातार शिकायत किए जाने के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया। उनका कहना है कि पहले जिन मांगों पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने सहमति जताई थी, उन्हें भी लागू नहीं किया गया।  

छात्राएं मौजूदा वेंडर का ठेका रद्द करने, मेस में महिला कर्मचारियों की नियुक्ति करने, प्रोवोस्ट और वार्डन के इस्तीफे की मांग कर रही हैं। इसके अलावा प्रदर्शन में शामिल छात्राओं के खिलाफ किसी तरह की प्रशासनिक कार्रवाई या उत्पीड़न नहीं किए जाने का आश्वासन भी मांगा है।

AISA  के सचिव सौरभ ने क्या कहा ?

स्टूडेंट्स के प्रदर्शन को लेकर AISA  के सचिव सौरभ ने कहा, "सेंटेनरी गेट पर J&K गर्ल्स हॉस्टल की छात्राएं कल भी धरने पर बैठी थीं। उनका कहना था कि हॉस्टल में खाना बेहद खराब मिल रहा है।  इसे लेकर उन्होंने लगातार शिकायत की, लेकिन इसके बावजूद उन्हें डिप्टी प्रॉक्टर निखत और वार्डन की ओर से लगातार धमकाया गया। जब छात्राओं के माता-पिता ने डिप्टी प्रॉक्टर निखत को फोन किया तो उन्हें भी धमकाया गया।" 

उन्होंने बताया, "इसके बाद कल सुबह छात्राएं यहां धरने पर बैठीं। यह धरना करीब 4-5 घंटे चला। दोपहर करीब 3 बजे छात्राएं 4 मांगों को लेकर सामने आईं। उनकी पहली मांग थी कि जिस ठेकेदार के खिलाफ पिछले 4 साल से लगातार शिकायतें मिल रही हैं, उसे हटाया जाए।

#WATCH | Delhi: On the protest by J&K Girls' Hostel students at Jamia Millia Islamia University, AISA's Jamia Unit Secretary Saurabh says, "The girls gathered here at the Centenary Gate are residents of the J&K Hostel. The protest began yesterday. The food quality was extremely… https://t.co/ooeyQ9adWn pic.twitter.com/usQfNNJW6e

— ANI (@ANI) September 11, 2026

2023 में छात्राओं ने दिया था धरना 

साल 2023 में भी जेएंडके गर्ल्स हॉस्टल की छात्राओं ने सेंटेनरी गेट पर इसी मुद्दे को लेकर धरना दिया था, लेकिन इसके बावजूद उस ठेकेदार को हटाया नहीं गया।" उन्होंने कहा, "दूसरी मांग थी कि मेस में काम करने वाले सभी पुरुष कर्मचारियों को हटाकर उनकी जगह महिला कर्मचारियों को रखा जाए।  तीसरी मांग थी कि डिप्टी प्रॉक्टर निखत से इस्तीफा लिया जाए। चौथी मांग थी कि प्रदर्शन कर रही छात्राओं के खिलाफ कोई कार्रवाई न की जाए।" 

4 मांग पर बनी सहमति 

4 मांगों पर बनी सहमति को लेकर उन्होंने कहा,  "इन सभी मांगों को लेकर कल दोपहर करीब 3 बजे DSW की टीम, प्रोवोस्ट और डिप्टी प्रॉक्टर समेत विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने छात्राओं के साथ समझौता किया और चारों मांगों पर सहमति जताते हुए दस्तावेज पर हस्ताक्षर किए।  उन्होंने कहा कि ठेकेदार को बदल दिया जाएगा।" 

छात्राओं ने क्या आरोप लगाया ?

छात्राओं का आरोप है कि उन्हें सुबह का नाश्ता और दोपहर का खाना नहीं दिया गया। शाम करीब 5 बजे प्रोवोस्ट ने सभी छात्रों को बुलाया और कहा कि जिन्हें खाना चाहिए, वे केबिन में आकर खाना ले सकते हैं। छात्राओं का आरोप है कि इस दौरान उन्हें फिर से धमकाया गया।

उन्होंने कहा कि "ठेकेदार का नाम बदलकर उसी व्यक्ति को दोबारा काम दे दिया गया। इसके साथ ही 3 पुरुष कर्मचारियों को हटाकर उनकी जगह फिर से 3 पुरुष कर्मचारियों को ही रखा गया। इस तरह जेएंडके गर्ल्स हॉस्टल की छात्राओं के साथ दोबारा धोखा किया गया, और उन्हें फिर से धमकाया गया, इसका विरोध करते हुए आज छात्राएं अपनी चारों मांगों को लेकर सेंटेनरी गेट पर प्रदर्शन कर रही हैं।"