Jaisalmer News: राजस्थान में जैसलमेर जिले के खुहड़ी थाना क्षेत्र के कोरवा गांव में विवाहिता को कथित तौर पर पेट्रोल छिड़ककर जलाने का मामला सामने आया है. गंभीर रूप से झुलसी हिना ने जोधपुर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. मृतका के पिता पुरखाराम भील की शिकायत पर पुलिस ने पति, सास, ससुर और जेठानी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. परिजनों ने ससुराल पक्ष पर लंबे समय से प्रताड़ित करने और हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है.
माणपिया निवासी पुरखाराम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी हिना की शादी 29 जून 2012 को कोरवा निवासी भगवानाराम पुत्र सोनाराम भील से हुई थी. आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही हिना को पति भगवानाराम, सास लसमो देवी, ससुर सोनाराम और जेठानी अमृता देवी शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे. शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि जेठानी बपौती जमीन को लेकर हिना से नाराज रहती थी और उसे संतान नहीं होने देने के लिए गर्भपात से जुड़ी दवाएं और संदिग्ध पदार्थ दिए जाते थे. पिता का आरोप है कि इससे हिना की तबीयत लगातार बिगड़ती गई.
कार की मांग का भी आरोप
मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर अंधविश्वास के नाम पर हिना को परेशान करने का भी आरोप लगाया है. शिकायत के मुताबिक उसे स्थानीय माता के स्थान पर ले जाकर तांत्रिक क्रियाएं और टोने-टोटके किए जाते थे. इसके अलावा करीब दो साल पहले खरीदी गई कार को मायके से लाने का दबाव बनाए जाने का भी आरोप लगाया गया है.
21 सितंबर की रात झुलसी हिना, जोधपुर में मौत
पिता के मुताबिक, 21 सितंबर 2026 की रात मामला उस समय गंभीर हो गया, जब आरोप है कि हिना पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई. शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना को हादसा या आत्महत्या दिखाने के लिए उसके मोबाइल से परिजनों को भ्रमित करने वाले संदेश भेजे गए. घटना के बाद परिजनों ने हिना को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक होने पर उसे जोधपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले में पिता की लिखित शिकायत के आधार पर खुहड़ी थाना पुलिस ने पति, सास, ससुर और जेठानी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है. जांच अधिकारी भागूराम के मुताबिक पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है. घटना से जुड़े सबूत जुटाए जा रहे हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट समेत अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि घटना किन परिस्थितियों में हुई और लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है.

जगदीश गोस्वामी
जगदीश गोस्वामी को पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 साल से अधिक वर्षों का अनुभव है. इन्होंने मीडिया में अपनी शुरुआत प्रिंट मीडिया से की. वहीं, बीते 6 साल से डिजिटल मीडिया से जुड़े हुए हैं. जगदीश राजनीति व सैन्य मुद्दों के साथ ही आम लोगों से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी रखते हैं. जगदीश PTI (प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया) और हिन्दुस्तान टाइम्स में भी सेवाएं दे चुके हैं. पढ़ने लिखने के साथ ही घूमने का भी शौक रखते हैं. राजनीति विज्ञान में मास्टर डिग्री लेने के बाद इन्होंने जर्नलिज्म की पढ़ाई की. इस दौरान इन्होंने नवभारत टाइम्स से डिजिटल मीडिया की शुरुआत की. सच बेधड़क न्यूज़ चैनल में भी इन्होंने काम किया. मीडिया में ज्यादा रुचि जगने के बाद उन्होंने वर्द्धमान खुला विश्वविद्यालय कोटा से मास कॉम में डिग्री हासिल की.
Read More