October 16, 2026

Jailer 2 BO Collection Day 1: रजनीकांत की 'जेलर 2' ने पहले दिन मचाया तहलका, ओपनिंग डे पर छप्पड़फाड़ कमाई

Time Published: Friday, October 16, 2026, 11:23 [IST]

Jailer 2 Box Office Collection Day 1: साउथ के मेगास्टार रजनीकांत की फिल्म 'जेलर 2' ने सिनेमाघरों में दस्तक देते ही बॉक्स ऑफिस पर अपनी ताकत दिखा दी है। 15 अक्टूबर 2026 को रिलीज हुई इस फिल्म ने पहले ही दिन शानदार कमाई करते हुए कई बड़ी फिल्मों के ओपनिंग रिकॉर्ड को चुनौती दी है। निर्देशक नेल्सन दिलीपकुमार की इस एक्शन एंटरटेनर में रजनीकांत का दमदार अंदाज, जबरदस्त एक्शन, प्रभावशाली डायलॉग और सरप्राइज कैमियो दर्शकों के लिए खास आकर्षण बने हुए हैं।

'जेलर 2' ने पहले दिन मचाई धूम
फिल्म की ओपनिंग को देखते हुए इसे इस साल की सबसे बड़ी शुरुआत करने वाली फिल्मों में शामिल किया जा रहा है। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक 'धुरंधर 2' के बाद यह 2026 की दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग करने वाली फिल्म बन गई है। इतना ही नहीं, वर्ल्डवाइड ओपनिंग कलेक्शन के मामले में इसने रणबीर कपूर की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'एनिमल' को भी पीछे छोड़ दिया है।

jailer 2

'जेलर 2' की कहानी में क्या है खास?

-'जेलर 2' की कहानी वहीं से आगे बढ़ती है, जहां 2023 में रिलीज हुई पहली फिल्म की कहानी खत्म हुई थी। रजनीकांत एक बार फिर टाइगर मुथुवेल पांडियन के किरदार में नजर आ रहे हैं। अपने बेटे अर्जुन यानी वसंत रवि को खोने के गम से जूझ रहा टाइगर अब परिवार के साथ शांत और सामान्य जिंदगी बिताना चाहता है।

-वह अपनी पत्नी विजया, बहू श्वेता और पोते रित्विक के साथ अपनी पुरानी हिंसक दुनिया से दूर रहने की कोशिश करता है। हालांकि मूर्तियों की तस्करी करने वाले एक खतरनाक गिरोह का मामला उसे दोबारा अपराध और खूनी संघर्ष की दुनिया में खींच लाता है।

-इसके बाद टाइगर अपने पुराने संपर्कों और दोस्तों की मदद से दुश्मनों का सामना करता है। फिल्म में मोहनलाल जैसे स्टार्स की मौजूदगी भी कहानी को खास बनाती है। बदले की आग, पुराने दुश्मनों से हिसाब चुकता करने की कोशिश और रजनीकांत का एक्शन अवतार फिल्म को एक मसाला एंटरटेनर बनाते हैं।

'जेलर 2' ने पहले दिन कितनी कमाई की?

-रजनीकांत की फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत की है। सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक'जेलर 2' ने रिलीज के पहले दिन भारत में करीब 59.70 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है। इसमें सबसे बड़ा योगदान तमिल भाषा के संस्करण का रहा, जिसने लगभग 43.35 करोड़ रुपये कमाए।

-पहली फिल्म 'जेलर' ने साल 2023 में रिलीज के पहले दिन भारत में करीब 48.35 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था। वहीं इसका पहले दिन का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन लगभग 96.36 करोड़ रुपये बताया गया था। ऐसे में सीक्वल ने घरेलू ओपनिंग के मामले में अपनी पहली फिल्म को पीछे छोड़ दिया है। रजनीकांत की लोकप्रियता और फिल्म को लेकर बने उत्साह का असर इसके शुरुआती कारोबार में साफ नजर आ रहा है।

विदेशों में भी 'जेलर 2' का जलवा, 'धुरंधर 2' को छोड़ा पीछे

-'जेलर 2' ने विदेशी बाजार में भी दमदार शुरुआत की है। फिल्म ने पहले दिन विदेशों में करीब 55 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है। इसके साथ ही इसने विदेशों में ओपनिंग डे की कमाई के मामले में 'धुरंधर 2' को पीछे छोड़ दिया है, जिसका पहले दिन का विदेशी ग्रॉस कलेक्शन लगभग 52 करोड़ रुपये बताया गया था।

-वर्ल्डवाइड कलेक्शन की बात करें तो 'जेलर 2' ने पहले दिन करीब 125.25 करोड़ रुपये का ग्रॉस कारोबार किया है। इस आंकड़े के साथ फिल्म ने रणबीर कपूर की 'एनिमल' की ओपनिंग को पीछे छोड़ दिया है। 'एनिमल' ने रिलीज के पहले दिन दुनियाभर में लगभग 116 करोड़ रुपये की कमाई की थी।

-इस तरह रजनीकांत की फिल्म ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजार, दोनों जगह अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में फिल्म की कमाई किस रफ्तार से आगे बढ़ती है और यह बॉक्स ऑफिस पर कौन-कौन से नए रिकॉर्ड बनाती है।

तमिल सिनेमा की सबसे बड़ी ओपनिंग का रिकॉर्ड अब भी 'कुली' के नाम

-हालांकि तमिल सिनेमा में ओपनिंग डे के सभी रिकॉर्ड की बात करें तो 'जेलर 2' अभी शीर्ष स्थान पर नहीं पहुंची है। रजनीकांत की ही फिल्म 'कुली' इस मामले में आगे है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक 'कुली' ने पहले दिन भारत में करीब 65 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था।

-वर्ल्डवाइड ओपनिंग ग्रॉस कलेक्शन के मामले में भी 'कुली' ने लगभग 151.14 करोड़ रुपये के साथ मजबूत रिकॉर्ड बनाया था। इसके बाद विजय की फिल्म 'लियो' का नाम आता है, जिसने पहले दिन दुनियाभर में करीब 142 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया था।

-ऐसे में 'जेलर 2' की 125.25 करोड़ रुपये की शुरुआती वर्ल्डवाइड कमाई इसे बड़ी ओपनिंग वाली फिल्मों की सूची में जगह दिलाती है लेकिन 'कुली' और 'लियो' के आंकड़ों को पार करने के लिए इसे अभी और आगे बढ़ना होगा।

क्या बॉक्स ऑफिस पर नए रिकॉर्ड बनाएगी 'जेलर 2'?

-'जेलर 2' की पहले दिन की कमाई ने ये साफ कर दिया है कि रजनीकांत का स्टारडम अब भी बॉक्स ऑफिस पर बड़ी ताकत रखता है। फिल्म को मिल रही शुरुआत और विदेशी बाजार में इसके प्रदर्शन ने आने वाले दिनों के लिए उम्मीदें बढ़ा दी हैं।

-अब फिल्म के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपनी कमाई की रफ्तार बरकरार रखने की होगी। वीकेंड पर दर्शकों की प्रतिक्रिया और टिकट खिड़की पर होने वाला कारोबार तय करेगा कि 'जेलर 2' साल 2026 की सबसे बड़ी फिल्मों में अपनी जगह कितनी मजबूत कर पाती है।