August 10, 2026

Jabalpur News: 33 KM लंबी संस्कार कांवड़ यात्रा शुरू, ग्वारीघाट से कैलाश धाम तक उमड़ा आस्था का सैलाब - Haribhoomi

सावन के दूसरे सोमवार पर जबलपुर में 33 किलोमीटर लंबी संस्कार कांवड़ यात्रा शुरू हुई। ग्वारीघाट से शुरू हुई यात्रा कैलाश धाम तक जाएगी। इसमें एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। यात्रा में नर्मदा जल के साथ पौधे भी ले जाए जाते हैं, जिन्हें कैलाश धाम की पहाड़ियों में रोपा जाता है।

Jabalpur Kanwar Yatra

33 KM लंबी संस्कार कांवड़ यात्रा शुरू, ग्वारीघाट से कैलाश धाम तक उमड़ा आस्था का सैलाब

  • Published: 10 Aug 2026, 10:58 AM IST
  • Last Updated: 10 Aug 2026, 10:58 AM IST

जबलपुर: सावन के दूसरे सोमवार पर जबलपुर में भगवान शिव की भक्ति का अनोखा नजारा देखने को मिला। नर्मदा के ग्वारीघाट से कैलाश धाम तक 33 किलोमीटर लंबी संस्कार कांवड़ यात्रा सोमवार सुबह 6 बजे शुरू हुई। यात्रा में बड़ी संख्या में शिवभक्त, जनप्रतिनिधि और कांवड़िए शामिल हुए। आयोजकों के मुताबिक इस बार यात्रा में एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।

यह यात्रा पिछले 16 वर्षों से निकाली जा रही है। नर्मदा मिशन और संस्कार कांवड़ यात्रा समिति की ओर से आयोजित इस यात्रा का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना भी है।

नर्मदा जल के साथ पौधा लेकर चलते हैं श्रद्धालु
संस्कार कांवड़ यात्रा की खास बात यह है कि श्रद्धालु कांवड़ में मां नर्मदा का जल लेकर चलते हैं और साथ में एक पौधा भी ले जाते हैं। यात्रा के समापन पर इन पौधों को कैलाश धाम की पहाड़ियों में रोपा जाता है। आयोजकों का कहना है कि पिछले वर्षों में लगाए गए पौधों के कारण पहाड़ी क्षेत्र में हरियाली बढ़ी है।

|| ॐ नमो भगवते रूद्राय नम: ||

श्रावण मास के दूसरे सोमवार पर आज जबलपुर की संस्कार कावड़ यात्रा में सम्मिलित होने का सौभाग्य प्राप्त हुआ!

मेरे आराध्य भोलेनाथ की कृपा और मां नर्मदा के आशीष से जबलपुर के ग्वारी घाट से प्रारंभ हुई यह यात्रा शिव-भक्ति से सराबोर है!

|| हर हर महादेव || pic.twitter.com/1jVSXwy1kz

— Jitendra (Jitu) Patwari (@jitupatwari) August 10, 2026

प्रह्लाद पटेल और जीतू पटवारी भी हुए शामिल
यात्रा में भाजपा के कैबिनेट मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल और मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी भी शामिल हुए। दोनों नेताओं ने सोशल मीडिया के जरिए यात्रा में शामिल होने की जानकारी साझा की। राज्यसभा सांसद सुमित्रा बाल्मीकि, लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह समेत अन्य जनप्रतिनिधियों के भी यात्रा में शामिल होने की जानकारी दी गई है।

"कावड़ यात्रा केवल आस्था का पथ नहीं, सद् एवं सत्य के रास्ते पर चलने का संकल्प भी है।"

श्रावण माह के द्वितीय पवित्र सोमवार को महायोगी पूज्य दादा गुरु जी के सान्निध्य में जबलपुर के सिद्ध घाट, (ग्वारीघाट) पर माँ नर्मदा जी के दर्शन उपरांत 'संस्कार कांवड़ यात्रा समिति, नर्मदा मिशन'… pic.twitter.com/5uWMUuNKy2

— Prahlad Singh Patel ( वृक्ष से जल, जल से जीवन) (@prahladspatel) August 10, 2026

प्रह्लाद पटेल ने कहा कि कांवड़ यात्रा सिर्फ आस्था का सफर नहीं, बल्कि सत्य के रास्ते पर चलने का संकल्प भी है। वहीं जीतू पटवारी ने इसे शिव भक्ति और मां नर्मदा के आशीर्वाद से जुड़ी यात्रा बताया।

सुरक्षा के लिए पुलिस-प्रशासन अलर्ट
श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के इंतजाम किए हैं। यात्रा के दौरान शहर के कई मार्गों पर यातायात डायवर्ट किया गया है। भीड़ को देखते हुए जबलपुर के सरकारी और निजी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।

प्रशासन ने यात्रा के दौरान तेज आवाज वाले डीजे पर प्रतिबंध लगाया है। किसी झांकी, मंच या वाहन पर दो से ज्यादा साउंड बॉक्स लगाने की अनुमति नहीं है। स्पीकर की साइज 12 इंच से अधिक नहीं होगी और ध्वनि सीमा 50 डेसिबल तय की गई है। हॉर्न स्पीकर के इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक है।

इन रास्तों से गुजरेगी यात्रा
यात्रा ग्वारीघाट से शुरू होकर रेत नाका, रामपुर चौक, शंकराचार्य चौक, शास्त्री ब्रिज, यातायात चौक, सुपर मार्केट, लॉर्डगंज, सराफा बाजार, बेलबाग, घमापुर, कांचघर, गोकलपुरी और रांझी होते हुए खमरिया स्थित कैलाश धाम पहुंचेगी। यात्रा का समापन दोपहर करीब 4 बजे भगवान शिव के जलाभिषेक के साथ होगा।