जम्मू-कश्मीर में आतंक के सफाए के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसके साथ ही आतंकियों के मददगारों पर भी कड़ी कार्रवाई की जा रही है. इस बीच जम्मू और कश्मीर पुलिस की काउंटर-इंटेलिजेंस कश्मीर (CIK) शाखा ने शनिवार (8 अगस्त) को घाटी में कई स्थानों पर छापेमारी की.
जानकारी के मुताबिक CIK ने अनंतनाग ज़िले के डूरू इलाके में हिलर शाहबाद समेत कश्मीर के कई हिस्सों में छापेमारी की. CIK ने SIM के गलत इस्तेमाल और आतंकी गतिविधियों से जुड़े मामलों के सिलसिले में उत्तर और दक्षिण कश्मीर में कई जगहों पर छापेमारी की. अधिकारियों ने बताया कि बारामूला, शोपियां, अनंतनाग, कुपवाड़ा , बांदीपोरा और अन्य जिलों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. कार्रवाई के दौरान संदिग्ध लोगों के घरों की तलाशी ली गई.
#WATCH | Qazigund, Jammu & Kashmir: Counter Intelligence Kashmir (CIK) conducted simultaneous search operations at multiple locations across Anantnag, Shopian and Baramulla districts.
During a raid at a residential house in Hiller Shahabad, Anantnag, a CIK team led by DySP pic.twitter.com/UUJlgv5ORn
— ANI (@ANI) August 8, 2026
बाबर हमीद डार के घर पर छापा मारा
कुपवाड़ा के चनखान इलाके में CIK की टीम ने बाबर हमीद डार के घर पर छापा मारा. यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर सिम कार्ड के कथित दुरुपयोग से जुड़े मामले में की गई. जांच एजेंसी इस बात का पता लगाने में जुटी है कि सिम का इस्तेमाल किस तरह और किन गतिविधियों के लिए किया गया.
अनंतनाग के हिलर शाहबाद में एक घर पर छापेमारी के दौरान, DySP फारूक अहमद की अगुवाई वाली CIK टीम ने दो डिजिटल डिवाइस ज़ब्त किए. ये डिवाइस CIK कश्मीर पुलिस स्टेशन में IPC की धाराओं 153A और 505 और UAPA एक्ट की धाराओं 13 और 18 के तहत दर्ज FIR नंबर 03/2023 के सिलसिले में ज़ब्त किए गए.
बांदीपोरा के हाजिन में भी कार्रवाई
बांदीपोरा जिले के हाजिन इलाके में भी CIK ने छापेमारी की. यहां मुखदामयारी इलाके में अब्दुल राशिद डार की बेटी लाल्ली के आवास की तलाशी ली गई. यह कार्रवाई भी कथित सिम दुरुपयोग से जुड़े मामले में की गई है.
वहीं पट्टन के तनत्रेपोरा, पल्हालन इलाके में CIK ने अबरार नबी शेख के आवास पर तलाशी अभियान चलाया. कार्रवाई के दौरान पुलिस के साथ स्थानीय राजस्व विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे.अधिकारियों ने घर और आसपास के स्थानों की जांच की. वहीं दक्षिण कश्मीर के जैनापोरा इलाके में हशंगपोरा, नागबल स्थित गुलजार अहमद वानी के घर पर भी CIK ने तलाशी ली. यह छापेमारी यूएपीए मामले से जुड़ी है.
बेटे के खिलाफ भी दर्ज है मामला
गुलजार वानी का बेटा उस्मान गुलजार फिलहाल जम्मू के सेंट्रल जेल कोट भलवाल में बंद है. वह जैनापोरा थाने में दर्ज एफआईआर नंबर 104/2022 के मामले में हिरासत में है. यह मामला हथियार कानून, भारतीय दंड संहिता और यूएपीए की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज किया गया था.
कई ठिकानों पर तलाशी जारी
CIK की यह कार्रवाई उत्तर और दक्षिण कश्मीर में संदिग्ध आतंकी गतिविधियों, ऑनलाइन गतिविधियों और कथित कट्टरपंथी नेटवर्क की जांच का हिस्सा बताई जा रही है. एजेंसी कई स्थानों पर दस्तावेजों और अन्य संभावित सबूतों की तलाश कर रही है. फिलहाल तलाशी अभियान जारी है.

मेहराज अहमद
पत्रकारिता में 12 से अधिक साल से कार्यरत. शुरुआत रिजिनल चैनल के बाद इंडिया न्यूज, टीवी9 नेटवर्क, न्यूज़18 आईबीएन खबर, अमर उजाला, ईटीवी भारत वर्तमान में tv9 Bharatvatsh (tv9 hindi.com) का हिस्सा हूं. मानवाधिकार, आतंकवाद-रोधी जैसे मुद्दों पर रिपोर्टिंग करना पसंद है.
Read More