Updated: Monday, August 3, 2026, 22:06 [IST]
Israel Gaza War: 7 अक्टूबर 2023 को हमास के हमले ने हजारों परिवारों की जिंदगी बदल दी थी। इस हमले का दर्द आज भी कई लोगों का पीछा नहीं छोड़ रहा है। अब इसी त्रासदी से जुड़ी एक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। अपनी गर्लफ्रेंड लिरोन बार्डा को नोवा म्यूजिक फेस्टिवल हमले में खोने वाले 30 वर्षीय बार असरफ कथित तौर पर वेस्ट बैंक में उनकी कब्र के पास मृत मिले।
शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने खुद को गोली मार ली। यह मामला एक बार फिर युद्ध, हिंसा और मानसिक आघात के लंबे असर को सामने लाता है।
तीन साल तक नहीं भर सका बिछड़ने का जख्म
इजरायली मीडिया के मुताबिक, बार असरफ अपनी गर्लफ्रेंड लिरोन बार्डा की मौत के बाद कभी सामान्य जिंदगी में लौट नहीं सके। वह अक्सर उनकी कब्र पर जाकर घंटों बैठते, उनसे बातें करते और उनकी यादों में खोए रहते थे। परिवार का कहना है कि बार्डा को खोने के बाद उनकी पूरी जिंदगी बदल गई थी। उन्होंने उनकी याद में टैटू भी बनवाया था और उनके परिवार से लगातार जुड़े रहे।
ये भी पढ़ें: Netanyahu Political Tension: ट्रम्प के एक दावे से इजराइल में सियासी भूचाल! नेतन्याहू सरकार गिरने की नौबत
परिवार ने कब्र के पास खोजा, बहन ने देखी दर्दनाक तस्वीर
बताया गया कि असरफ एक पारिवारिक शादी से बिना किसी को बताए निकल गए थे। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। उनकी बहन लेही ने उन्हें लिरोन बार्डा की कब्र के पास खून से लथपथ पाया। शुरुआत में उन्हें लगा कि वह आराम कर रहे हैं, लेकिन पास में बंदूक देखकर पूरे परिवार के होश उड़ गए। इमरजेंसी टीम ने मौके पर पहुंचकर उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घायलों को बचाते हुए गई थी लिरोन बार्डा की जान
7 अक्टूबर 2023 को नोवा म्यूजिक फेस्टिवल पर हमास के हमले के दौरान लिरोन बार्डा वहां बार मैनेजर के रूप में मौजूद थीं। उनके पिता के मुताबिक, उन्होंने बेटी से वहां से निकल जाने को कहा था, लेकिन उसने घायल लोगों को छोड़कर भागने से इनकार कर दिया। दूसरों की मदद करते हुए उनकी मौत हो गई। इस घटना ने असरफ को गहरे मानसिक सदमे में डाल दिया, जिससे वह कभी पूरी तरह उबर नहीं सके।
ये भी पढे़ं: Israel Election: 27 अक्टूबर को इजरायल में आम चुनाव, नेतन्याहू के करियर का सबसे कठिन इम्तिहान क्यों?
नोवा हमले के बाद मानसिक आघात के कई मामले सामने आए
नोवा म्यूजिक फेस्टिवल हमले के बाद कई सर्वाइवर्स और पीड़ित परिवारों में गंभीर मानसिक आघात के मामले सामने आए हैं। अप्रैल 2024 में 28 वर्षीय रोई शालेव ने, जिन्होंने हमले में अपनी गर्लफ्रेंड और दोस्त को खो दिया था, कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। वहीं, अपने बेटे को हमले में खोने वाली येलेना गिलर ने भी लंबे समय तक मानसिक सदमे से जूझने के बाद अक्टूबर 2025 में कथित तौर पर अपनी जान दे दी।
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे