September 24, 2026

Ishwar Thakur Hospitalised: ईश्वर ठाकुर की हालत गंभीर, ICU में भर्ती, परिवार मांग रहा इलाज के पैसे

Time Published: Thursday, September 24, 2026, 9:03 [IST]

Ishwar Thakur Hospitalised: 'FIR' और 'भाबीजी घर पर हैं' जैसे पॉपुलर टीवी शोज में अपने कॉमेडी किरदारों से दर्शकों का मनोरंजन करने वाले एक्टर ईश्वर ठाकुर इस वक्त अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं। एक्टर की तबीयत काफी गंभीर बताई जा रही है और उन्हें ICU में भर्ती किया गया है। ईश्वर ठाकुर का इलाज जारी है लेकिन अब उनके परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। परिवार ने लोगों से इलाज के लिए आर्थिक मदद की अपील की है।

ईश्वर ठाकुर की हालत गंभीर, ICU में भर्ती
ईश्वर ठाकुर की बहन जयश्री ने उनकी मौजूदा हालत को लेकर जानकारी शेयर की है। उन्होंने बताया कि ईश्वर लंबे समय से डायबिटीज से जूझ रहे हैं और इसी वजह से उनकी सेहत से जुड़ी परेशानियां बढ़ती चली गईं।

Ishwar Thakur

साल 2020 में पैर में हुआ था घाव

-हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में जयश्री ने बताया कि करीब 6 साल पहले ईश्वर ठाकुर के पैर में एक घाव हुआ था। डायबिटीज की वजह से वह घाव ठीक नहीं हो पाया और धीरे-धीरे संक्रमण फैलता चला गया। परिवार ने अपनी क्षमता के मुताबिक उनके इलाज में पैसे लगाए लेकिन अब स्थिति ऐसी है कि उनके पास आगे के इलाज का खर्च उठाने के लिए पर्याप्त पैसे नहीं बचे हैं।

-जयश्री के मुताबिक कुछ दिन पहले ईश्वर की हालत अचानक काफी बिगड़ गई थी। इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया था। अस्पताल में भर्ती होने के बाद से उनकी स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है और वह किसी तरह की प्रतिक्रिया नहीं दे रहे हैं। परिवार इस वक्त उनके इलाज को लेकर बेहद चिंतित है।

परिवार ने इलाज में लगा दी अपनी जमा पूंजी

-ईश्वर की बहन ने बताया कि अब तक ईश्वर ठाकुर के इलाज में परिवार ने अपनी उपलब्ध सारी जमा पूंजी लगा दी है लेकिन ICU में इलाज लगातार जारी रहने के कारण खर्च भी बढ़ रहा है। ऐसे में परिवार को आर्थिक मदद की जरूरत पड़ रही है।

-जयश्री ने बताया कि ईश्वर को पहले भी स्वास्थ्य संबंधी गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ा था। पैर के घाव और संक्रमण के दौरान उन्हें फैटी लिवर की समस्या भी हुई थी। हालांकि बाद में उनकी हालत में सुधार आया था लेकिन अब एक बार फिर उनकी तबीयत बेहद खराब हो गई है।

मेकर्स और को-स्टार्स ने भी की मदद

ईश्वर ठाकुर के मुश्किल समय में उनके साथ काम कर चुके लोग भी मदद के लिए आगे आए हैं। उनकी बहन के मुताबिक FIR और भाबीजी घर पर हैं के मेकर्स ने अपनी क्षमता के अनुसार परिवार की आर्थिक मदद की है। शो के कुछ को-स्टार्स ने भी इलाज के लिए सहायता की। एक्ट्रेस कविता कौशिक का नाम भी मदद करने वालों में शामिल है। परिवार को मिली इस आर्थिक सहायता की वजह से अब तक ईश्वर का इलाज जारी रखा जा सका है। हालांकि उनकी मौजूदा हालत को देखते हुए आगे भी बड़ी रकम की जरूरत है।

54 साल के हैं ईश्वर ठाकुर के इलाज के लिए परिवार कर रहा हर जरूरी कोशिश

-आपको बता दें कि ईश्वर ठाकुर की उम्र 54 साल है और उन्होंने शादी नहीं की है। परिवार में उनकी मां और बहन ही उनका सहारा हैं। एक्टिंग के अलावा ईश्वर सोशल मीडिया पर भी एक्टिव रहे हैं और रील्स व अन्य वीडियो बनाते थे। टीवी शो FIR में उनके कॉमिक अंदाज और किरदार को दर्शकों ने काफी पसंद किया था।

-इसके अलावा भाबीजी घर पर हैं जैसे लोकप्रिय शो का हिस्सा बनकर भी ईश्वर ठाकुर ने अपनी पहचान बनाई। फिलहाल उनके परिवार की पूरी कोशिश ईश्वर के इलाज को जारी रखने की है और इसके लिए उन्हें आर्थिक मदद की दरकार है।

-ईश्वर ठाकुर की गंभीर तबीयत ने उनके फैंस और टीवी इंडस्ट्री से जुड़े लोगों को चिंता में डाल दिया है। परिवार पहले ही इलाज में अपनी जमा पूंजी खर्च कर चुका है। ऐसे में अब उनके इलाज के लिए मिलने वाली हर मदद परिवार के लिए बेहद जरूरी साबित हो सकती है।