August 6, 2026

IRE vs AFG ODI: बारिश के चलते टूटा वर्ल्ड कप 2027 में सीधा एंट्री का सपना, अब बचा है केवल एक कठिन रास्ता

क्रिकेट

  • Authored by: उमेश कुमार
  • Updated Aug 6, 2026, 09:36 AM IST

आईसीसी वनडे रैंकिंग में 12वें स्थान पर मौजूद आयरिश टीम के पास समय सीमा समाप्त होने से पहले रैंकिंग के जरिए मिलने वाला सीधा टिकट हासिल करने का मौका खत्म हो गया। मेन ड्रॉ में जगह बनाने के लिए आयरलैंड को अफगानिस्तान के खिलाफ हर हाल में 5-0 से क्लीन स्वीप करना था। हालांकि, वनडे सीरीज का पहला ही मैच बारिश के चलते रद्द हो गया और आयरलैंड की उम्मीद टूट गई।

Image

आयरलैंड की उम्मीद टूटी। फाइल फोटो

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। आयरलैंड और अफगानिस्तान के बीच 5 मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया। ब्रीडी में खेला जाने वाला पहला वनडे मैच बिना टॉस हुए ही रद्द कर दिया गया। इसके चलते आयरलैंड की टीम को बड़ा झटका लगा। उसका वनडे वर्ल्ड कप 2027 में सीधा एंट्री का सपना टूट गया।

आईसीसी वनडे रैंकिंग में 12वें स्थान पर मौजूद आयरिश टीम के पास समय सीमा समाप्त होने से पहले रैंकिंग के जरिए मिलने वाला सीधा टिकट हासिल करने का मौका खत्म हो गया। मेन ड्रॉ में जगह बनाने के लिए आयरलैंड को अफगानिस्तान के खिलाफ हर हाल में 5-0 से क्लीन स्वीप करना था। साथ ही यह भी दुआ करनी थी कि 30 सितंबर की कट-ऑफ डेट से पहले वेस्टइंडीज को दो मैचों में हार मिले।

वर्ल्ड कप क्वालीफायर में लेना होगा हिस्सा

अगर ऐसा होता तो आयरलैंड की टीम अंक तालिका में जिम्बाब्वे, वेस्टइंडीज और अफगानिस्तान को पीछे छोड़ते हुए डायरेक्ट क्वालीफिकेशन का स्थान हासिल कर सकती थी, लेकिन पहले ही मैच के बेनतीजा रहने से यह रास्ता बंद हो गया। अब आयरिश टीम के पास एक बेहद कठिन रास्ता बचा है। आयरलैंड को अब मुख्य दौर में जगह बनाने के लिए 10 टीमों वाले वर्ल्ड कप क्वालीफायर टूर्नामेंट में हिस्सा लेना होगा और जीत दर्ज करनी होगी।

जीतने वाली टीम को मिलेगा टिकट

इस क्वालीफायर टूर्नामेंट की विजेता टीम सीधे 12 टीमों वाले वर्ल्ड कप में प्रवेश करेगी। वहीं, दूसरे, तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों को 3 टीमों की सुपर सीरीज खेलनी होगी। इसमें जीतने वाली केवल एक ही टीम मुख्य मुकाबले में आगे बढ़ेगी। 10 टीमों के इस क्वालीफायर दौर में आईसीसी के दो निचले पायदान वाले पूर्ण सदस्य देश, क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग-2 की चार टॉप टीमें और क्वालीफायर प्लेऑफ की चार टीमें हिस्सा लेंगी।

पिछली बार मिली थी शिकस्त

आयरलैंड के लिए यह राह बेहद चुनौतीपूर्ण होने वाली है। क्योंकि पिछली बार भी आयरलैंड, जिम्बाब्वे में आयोजित 2023 विश्व कप क्वालीफायर के सुपर सिक्स चरण में बाहर हो गई थी और भारत में खेले गए वनडे विश्व कप में जगह नहीं बना पाई थी। अगर उसे आगामी विश्व कप में हिस्सा लेना है तो उसे अपना बेहतरीन खेल दिखाना होगा।

Umesh Kumar

उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें

  • Hindi News
  • Sports
  • Cricket

End of Article