August 17, 2026

ट्रेन में बिक रहा था बिना मंजूरी वाला पानी और खाद्य पदार्थ, IRCTC ने चलाया बड़ा अभियान, हजारों पानी की बोतलें जब्त

Image

IRCTC ने चलाया अभियान

नई दिल्ली। रेल यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाने-पीने की सामग्री उपलब्ध कराने के लिए IRCTC ने ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर बिना मंजूरी वाले खाद्य एवं पेय पदार्थों के खिलाफ सघन जांच अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत लखनऊ और चंडीगढ़ समेत कई क्षेत्रों में हजारों पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर की बोतलें और अन्य खाद्य सामग्री जब्त की गई है।

IRCTC ने इसके लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) गठित की हैं। ये टीमें रेलवे के कमर्शियल विभाग के साथ मिलकर ट्रेनों, स्टेशनों और कैटरिंग यूनिटों में अचानक जांच कर रही हैं। जांच के दौरान बिना मंजूरी वाले पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर, खाद्य पदार्थों और निर्धारित मानकों का पालन नहीं करने वाली सामग्री पर विशेष नजर रखी जा रही है। साथ ही कैटरिंग यूनिटों में लाइसेंस और अनुमति के साथ साफ-सफाई, खाद्य सुरक्षा मानकों तथा अन्य जरूरी नियमों की भी जांच की जा रही है।

लखनऊ में 5,241 पानी की बोतलें जब्त

इसी क्रम में 28 जुलाई से 8 अगस्त के बीच लखनऊ क्षेत्र में चलाए गए अभियान के दौरान 117 ट्रेनों की जांच की गई। इस दौरान बिना मंजूरी वाले ब्रांड की 5,241 पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर की बोतलें जब्त की गईं।

चंडीगढ़ क्षेत्र में 3,108 बोतलें जब्त

वहीं, 10 अगस्त को अंबाला, लुधियाना, अमृतसर, कटरा और जम्मू समेत कई स्टेशनों पर जांच अभियान चलाया गया। कुल 51 ट्रेनों की जांच के दौरान 3,108 पानी की बोतलें जब्त की गईं। इसी तरह, अंबाला में QRT की दो अलग-अलग अचानक जांच में बिना मंजूरी वाले सामान के 13 कार्टन जब्त किए गए। इनमें आइसक्रीम और फ्लेवर्ड मिल्क भी शामिल था। सहारनपुर स्टेशन पर भी बिना मंजूरी वाली आइसक्रीम, पेय पदार्थ और पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर जब्त किया गया।

साबरमती में ट्रेन में लोड हो रहा था बिना मंजूरी वाला पानी

ऐसे ही 9 अगस्त को टीम ने साबरमती बीजी स्टेशन पर ट्रेन संख्या 19223 और 19031 की जांच के दौरान बिना अनुमति वाला पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर और छाछ ट्रेन में लोड करते समय पकड़ा। जांच टीम ने दोनों सामान को जब्त कर लिया।

गुवाहाटी से डिब्रूगढ़ तक चला जांच अभियान

8 से 14 अगस्त के बीच गुवाहाटी, कामाख्या, अगरतला, कटिहार, न्यू जलपाईगुड़ी और डिब्रूगढ़ में ट्रेनों और कैटरिंग यूनिटों की जांच की गई।इस दौरान बिना मंजूरी वाले पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर और खाद्य पदार्थों के अलावा यात्रियों से अधिक कीमत वसूलने, कर्मचारियों के दस्तावेज, साफ-सफाई, कीट नियंत्रण, उपकरणों और यात्रियों को दी जा रही सेवाओं की भी जांच की गई। कई स्थानों से बिना मंजूरी वाला पानी और खाद्य सामग्री जब्त कर नष्ट की गई।

IRCTC ने दी सख्त चेतावनी

बता दें कि IRCTC ने सभी कैटरिंग सेवा प्रदाताओं को स्पष्ट निर्देश दिया है कि उनके कर्मचारी किसी भी बिना मंजूरी वाले खाने-पीने के सामान को ट्रेन में लोड, स्टॉक या बिक्री न करें। नियमों का उल्लंघन करने वाले कैटरिंग सेवा प्रदाताओं के खिलाफ लाइसेंस की शर्तों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। IRCTC ने सभी जोन और क्षेत्रों में QRT को सक्रिय कर दिया है और रेलवे के कमर्शियल विभाग के साथ मिलकर आगे भी ऐसे सघन जांच अभियान जारी रखने की बात कही है। इस अभियान का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि रेल यात्रियों को यात्रा के दौरान सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाना और पेय पदार्थ उपलब्ध हो सके।

bhawana gupta

भावना किशोरauthor

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर मूल की भावना ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIMC से 2014 में पत्रकारिता की पढ़ाई की. 12 सालों से मीडिया में काम कर रही हैं. न्यूज़ नेशन, इंडिया न्यूज़, टीवी 9 भारतवर्ष और ज़ी न्यूज़, न्यूज 18 में काम करने का अनुभव. अभी Times Now में Special correspondent हैं.दिल्ली सरकार, स्वास्थ्य ,रेल, कल्चरल, शिक्षा मंत्रालयों के साथ दिल्ली क्राइम ,पॉलिटिक्स और राजधानी की हर छोटी बड़ी खबरों पर खास तौर से नजर रखती हैं. लोगों से जुड़ी खबरों पर काम करने और लोगों तक सही और सटीक खबरें पहुंचाने को अपना मकसद मानती हैं।

और पढ़ें

  • Hindi News
  • India

End of Article