July 26, 2026

सैमसंग, iQOO, लावा और जेनो, इस हफ्ते लॉन्च हुए कई दमदार स्मार्टफोन, जानिए किसमें क्या है खास

सैमसंग, iQOO, लावा और जेनो, इस हफ्ते लॉन्च हुए कई दमदार स्मार्टफोन, जानिए किसमें क्या है खास

इस हफ्ते भारत में लॉन्च हुए स्मार्टफोन

भारतीय स्मार्टफोन बाजार में इस हफ्ते हर बजट के ग्राहकों के लिए कई नए स्मार्टफोन लॉन्च किए गए हैं. सैमसंग ने अपने नए फोल्डेबल स्मार्टफोन गैलेक्सी जेड फोल्ड 8, गैलेक्सी जेड फोल्ड 8 अल्ट्रा और गैलेक्सी जेड फ्लिप 8 पेश किए हैं. वहीं आईकू ने लंबी बैटरी वाला जेड11 लाइट लॉन्च किया, जबकि लावा और जेनो ने बजट सेगमेंट में नए फोन उतारे हैं. आइए जानते हैं इन सभी स्मार्टफोन की कीमत, फीचर्स और खास बातें.

सैमसंग गैलेक्सी जेड फोल्ड 8 में नया फोल्डेबल एक्सपीरियंस

सैमसंग ने इस सप्ताह गैलेक्सी जेड फोल्ड 8 को अपनी फोल्डेबल सीरीज के नए विकल्प के तौर पर पेश किया है. कंपनी के मुताबिक इसमें पहले के मुकाबले चौड़ा डिजाइन दिया गया है जिससे वीडियो देखने, मल्टीटास्किंग और रोजमर्रा के इस्तेमाल का अनुभव बेहतर होता है. इसमें 7.6 इंच का 120 हर्ट्ज डायनामिक एमोलेड 2एक्स इनर डिस्प्ले और 5.5 इंच का 120 हर्ट्ज कवर डिस्प्ले मिलता है. फोन में स्नैपड्रैगन 8 एलीट जेन 5 फोर गैलेक्सी प्रोसेसर, 4800 एमएएच बैटरी, 45 वॉट चार्जिंग, डुअल 50 मेगापिक्सल कैमरा, आईपी48 रेटिंग और एंड्रॉयड 17 पर आधारित वन यूआई 9 दिया गया है. इसकी शुरुआती कीमत 1,79,999 रुपये है, जबकि 512 जीबी मॉडल 1,99,999 रुपये और 1 टीबी मॉडल 2,39,999 रुपये में उपलब्ध होगा.

गैलेक्सी जेड फोल्ड 8 अल्ट्रा बना सबसे महंगा फोल्डेबल

सैमसंग का गैलेक्सी जेड फोल्ड 8 अल्ट्रा इस सीरीज का सबसे प्रीमियम मॉडल है. कंपनी ने इसमें नई फ्लेक्स टाइटेनियम तकनीक का इस्तेमाल किया है जिससे फोन पहले से ज्यादा मजबूत और पतला बनाया गया है. इसमें 8 इंच का एडाप्टिव एमोलेड डिस्प्ले, स्नैपड्रैगन 8 एलीट जेन 5 फोर गैलेक्सी चिपसेट, 5000 एमएएच बैटरी और 200 मेगापिक्सल का मुख्य कैमरा दिया गया है. इसके साथ 50 मेगापिक्सल का नया अल्ट्रा वाइड कैमरा भी मिलता है. इस फोन की शुरुआती कीमत 1,99,999 रुपये है. 512 जीबी वेरिएंट की कीमत 2,19,999 रुपये और 1 टीबी मॉडल की कीमत 2,59,999 रुपये रखी गई है.

गैलेक्सी जेड फ्लिप 8 में मिला नया कवर डिस्प्ले

सैमसंग ने अपने क्लैमशेल फोल्डेबल फोन गैलेक्सी जेड फ्लिप8 को भी लॉन्च किया है. कंपनी का कहना है कि यह अब तक का सबसे हल्का और पतला फ्लिप फोन है. इसमें 6.9 इंच का फोल्डेबल एमोलेड डिस्प्ले और 4.1 इंच का फ्लेक्स विंडो डिस्प्ले मिलता है. फोन में एक्सीनोस 2600 प्रोसेसर, 4300 एमएएच बैटरी और 50 मेगापिक्सल का मुख्य कैमरा दिया गया है. इसके अलावा एआई आधारित प्रो विजुअल इंजन और बेहतर फ्लेक्स मोड जैसे फीचर भी शामिल हैं. इसकी शुरुआती कीमत 1,24,999 रुपये है, जबकि 512 जीबी स्टोरेज वेरिएंट 1,44,999 रुपये में मिलेगा.

iQOO Z11 Lite में मिलती है लंबी बैटरी लाइफ

आईकू ने बजट सेगमेंट में जेड 11 लाइट स्मार्टफोन लॉन्च किया है. इस फोन में 6.74 इंच का 120 हर्ट्ज एचडी प्लस एलसीडी डिस्प्ले, मीडियाटेक डाइमेंसिटी 6300 प्रोसेसर और 6500 एमएएच की बैटरी दी गई है, जो 44 वॉट फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है. इसके अलावा इसमें 50 मेगापिक्सल का सोनी कैमरा, एंड्रॉयड 16 आधारित ओरिजिन ओएस और आईपी65 रेटिंग भी मिलती है. इसकी कीमत 4 जीबी + 128 जीबी वेरिएंट के लिए 19,499 रुपये, 6 जीबी + 128 जीबी के लिए 21,499 रुपये और 6 जीबी + 256 जीबी मॉडल के लिए 24,499 रुपये रखी गई है.

Lava Virat V1 Series बजट खरीदारों के लिए

लावा ने इस सप्ताह विराट वी1 और विराट वी1 5जी स्मार्टफोन लॉन्च किए हैं. विराट वी1 में 6.75 इंच का 90 हर्ट्ज एचडी प्लस डिस्प्ले, यूनिसोक एससी9863ए प्रोसेसर, 5000 एमएएच बैटरी और एंड्रॉयड 15 गो एडिशन मिलता है. वहीं विराट वी1 5जी में यूनिसोक टी8200 प्रोसेसर, 120 हर्ट्ज डिस्प्ले, 6000 एमएएच बैटरी, एंड्रॉयड 16 और 5जी सपोर्ट दिया गया है. कंपनी का कहना है कि दोनों फोन साफ सॉफ्टवेयर अनुभव और फ्री होम सर्विस के साथ आते हैं. विराट वी1 की कीमत 9,999 रुपये और विराट वी1 5जी की कीमत 12,999 रुपये है.

बजट यूजर्स के लिए आया Zeno 100 Pro

जेनो ने अपना नया एंट्री लेवल स्मार्टफोन जेनो 100 प्रो भी बाजार में उतार दिया है. फोन में 6.6 इंच का 90 हर्ट्ज एचडी प्लस आईपीएस डिस्प्ले, यूनिसोक टी7100 प्रोसेसर, 3 जीबी रैम के साथ 5 जीबी वर्चुअल रैम, 64 जीबी स्टोरेज, 8 मेगापिक्सल रियर कैमरा, 5 मेगापिक्सल फ्रंट कैमरा और 5000 एमएएच बैटरी दी गई है. यह एंड्रॉयड 15 गो एडिशन पर चलता है और इसमें साइड फिंगरप्रिंट सेंसर, आईआर ब्लास्टर, डीटीएस स्पीकर और मिलिट्री ग्रेड मजबूती जैसे फीचर मिलते हैं. इसकी कीमत 8,599 रुपये रखी गई है, जबकि जेनो लाइट की कीमत 7,999 रुपये है.

ये भी पढ़ें: ब्रेक रिमाइंडर, स्टडी मोड और पैरेंटल कंट्रोल, बच्चों के लिए चैटजीपीटी में मिलते हैं ये खास फीचर्स

विशाल मैथिल

विशाल मैथिल

भोपाल के रहने वाले हैं. कम्प्यूटर साइंस में ग्रेजुएशन और मीडिया रिसर्च में पोस्ट ग्रेजुएशन करने के बाद डिजिटल मीडिया में कदम रखा. दैनिक भास्कर से शुरुआत हुई. इसके बाद टाइम्स नाउ नवभारत और अमर उजाला जैसे संस्थान में टेक जर्नलिस्ट के दौर पर करने के बाद TV9 भारतवर्ष से जुड़े हैं. सोशल मीडिया कैंपेन को लीड करने और हिंदी मैग्जीन में भी काम करने का मौका मिला. फिलहाल टेक्नोलॉजी, सोशल मीडिया, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सिक्योरिटी और स्मार्टफोन की खबरें आप तक आसान भाषा में पहुंचाने का काम कर रहे हैं. गैजेट्स कंपेरिजन, गैजेट्स रिव्यूज और मोबाइल रिचार्ज जैसे टॉपिक्स पर भी अच्छी पकड़ रखते हैं. रिसर्च, एक्‍सप्‍लेनर, डाटा स्‍टोरी और इंफोग्राफिक्स के साथ जटिल खबरों को आसानी से कहने और टेक जगत की छोटी-बड़ी अपडेट आप तक पहुंचाने का हुनर रखते हैं. गैजेट्स के अलावा किताबों और म्यूजिक में भी खूब मन लगता है.

Read More

google button