August 15, 2026

एक करोड़ की घूस का आरोपी IPS, UPSC इंटरव्यू में मिले थे सबसे खराब नंबर? जानिए पूरी कहानी

377वीं ऑल इंडिया रैंक हासिल करने वाले IPS राहुल बंसल इन दिनों एक रिश्वतकांड को लेकर विवादों में हैं. इसी बीच सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि UPSC सिविल सेवा परीक्षा के इंटरव्यू में उनका प्रदर्शन बेहद खराब रहा था.

यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा को देश की सबसे कठिन और प्रतिष्ठित परीक्षाओं में गिना जाता है. हर साल लाखों युवा IAS-IPS बनने का सपना लेकर इस परीक्षा की तैयारी में दिन-रात एक कर देते हैं. लेकिन जब इसी सिस्टम से निकला कोई अफ़सर विवादों में घिरता है, तो उसकी पूरी एजुकेशनल जर्नी और UPSC के मार्क्स अचानक चर्चा के केंद्र में आ जाते हैं.

इन दिनों छत्तीसगढ़ कैडर के 2022 बैच के IPS अधिकारी राहुल बंसल को लेकर ऐसा ही एक मामला गरमाया हुआ है. अंबिकापुर में पोस्टिंग के दौरान एक साइबर फ्रॉड केस में कथित तौर पर 1 करोड़ रुपये की घूस लेने के आरोपों के बाद वे विवादों में हैं.

मामला कोर्ट और जांच एजेंसियों तक तो पहुंच ही चुका है, लेकिन इसी बीच सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर ऐसा दावा किया जा रहा है कि UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2021 के इंटरव्यू (Personality Test) में राहुल बंसल को पूरे बैच में सबसे खराब और कम नंबर मिले थे. आइए समझते हैं उनकी UPSC रैंक, इंटरव्यू के मार्क्स और इस पूरे एजुकेशनल बैकग्राउंड की कहानी!

UPSC 2021 का सफर कैसा रहा 

UPSC की तैयारी करने वाले हर एस्पिरेंट के लिए यह जानना काफी दिलचस्प है कि सिविल सेवा परीक्षा में सेलेक्शन का गणित कैसे काम करता है. राहुल बंसल ने साल 2021 में अपने 5वें प्रयास (Attempt) में UPSC सिविल सर्विस एग्जाम क्रैक किया था. उनकी ऑल इंडिया रैंक 377 थी. उन्हें भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अलॉट की गई. 

अगर नंबर की बात करें तो उन्हें  कुल 939 (1750 में से मेन्स लिखित परीक्षा + 275 में से इंटरव्यू) नंबर मिले थे. UPSC के आंकड़ों के मुताबिक, राहुल बंसल ने अपनी लिखित परीक्षा (मेन्स) में काफी बेहतरीन प्रदर्शन किया था, जहां उन्होंने 801 अंक हासिल किए थे. इसी मजबूत लिखित स्कोर के दम पर वे ऑल इंडिया 377वीं रैंक सिक्योर करने में सफल रहे थे.

इंटरव्यू में मिले 138 नंबर: क्यों हो रही है इतनी चर्चा?

UPSC पर्सनैलिटी टेस्ट (इंटरव्यू) कुल 275 अंकों का होता है. बोर्ड रूम में उम्मीदवार की सोच, प्रशासनिक क्षमता, नैतिक मूल्यों और प्रेशर हैंडलिंग का आकलन किया जाता है. UPSC द्वारा जारी सफल उम्मीदवारों की आधिकारिक मार्कशीट के अनुसार, राहुल बंसल को इंटरव्यू में 275 में से सिर्फ 138 नंबर मिले थे.

एस्पिरेंट्स के लिए सीख: UPSC क्रैक करने वाले अभ्यर्थियों का इंटरव्यू में औसतन स्कोर 165 से 190 के बीच माना जाता है. 138 का स्कोर इंटरव्यू के लिहाज से काफी निचला स्कोर माना जाता है. लेकिन यह केस दिखाता है कि अगर आपकी रिटेन एग्जाम पर पकड़ मजबूत है, तो इंटरव्यू के कम मार्क्स के बावजूद आप फाइनल लिस्ट में जगह बना सकते हैं.

मॉक इंटरव्यू का वो वीडियो क्यों छा गया?
सोशल मीडिया पर राहुल बंसल का एक पुराना मॉक इंटरव्यू वीडियो भी खूब शेयर किया जा रहा है, जो उन्होंने UPSC इंटरव्यू की तैयारी के दौरान एक कोचिंग इंस्टीट्यूट में दिया था.

उस वीडियो में जब एक्सपर्ट पैनल उनसे प्रशासनिक भ्रष्टाचार पर सवाल पूछता है, तो वे रिश्वतखोरी को सिस्टम के लिए एक बेहद खराब प्रैक्टिस बताते हैं. वे यह भी साझा करते हैं कि छात्र जीवन में एक बेसिक सर्टिफिकेट बनवाने के लिए उनसे भी ₹500 की घूस मांगी गई थी.

आज जब उन पर खुद 1 करोड़ रुपये की रिश्वत का गंभीर आरोप लगा है, तो सिविल सेवा की तैयारी कर रहे छात्रों और युवाओं के बीच यह वीडियो नैतिकता और प्रशासनिक ईमानदारी को लेकर एक नई बहस का विषय बन गया है.

---- समाप्त ----