August 5, 2026

ऋषभ पंत ने रचा नया इतिहास, लगभग पूरी IPL सैलरी का भरा टैक्स, सवा करोड़ जनसंख्या वाले उत्तराखंड में टॉप

Time Updated: Wednesday, August 5, 2026, 15:01 [IST]

Rishabh Pant: मैदान पर अपनी बैटिंग से धमाल मचाने वाले ऋषभ पंत ने उत्तराखंड में एक बड़ा कारनामा कर दिया है। वह इस राज्य में व्यक्तिगत रूप से सबसे ज्यादा टैक्स देने वाले इंसान बन गए हैं। ऋषभ पंत ने सवा करोड़ की आबादी वाले इस राज्य में सबको पीछे छोड़ने का काम किया है।

खास बात यह है कि यह उपलब्धि उन्होंने लगातार दूसरे साल हासिल की है, जिससे उनकी बढ़ती कमाई और वित्तीय जिम्मेदारी दोनों का अंदाजा लगाया जा सकता है। आईपीएल और इंटरनेशनल क्रिकेट के अलावा विज्ञापनों से भी उनकी आमदनी होती है।

rishabh pant

पिछले साल के मुकाबले दोगुना से भी ज्यादा टैक्स

ऋषभ पंत ने पिछले वित्तीय वर्ष में करीब 10.5 करोड़ रुपये आयकर जमा किया था। इस बार उनका टैक्स भुगतान बढ़कर 23.84 करोड़ रुपये पहुंच गया, यानी एक साल में उन्होंने दोगुने से भी अधिक आयकर चुकाया। यह बढ़ोतरी उनकी आय में आए बड़े इजाफे की ओर भी इशारा करती है। उत्तराखंड में कॉर्पोरेट और नॉन कॉर्पोरेट करदाताओं को सम्मानित किया गया, उसमें ऋषभ पंत को लेकर जानकारी सामने आई। पंत की आईपीएल सैलरी 27 करोड़ थी, इसके आस-पास ही उन्होंने टैक्स भरा है। करीबन 24 करोड़ रुपये टैक्स बहुत बड़ा अमाउंट है।

कहां से होती है ऋषभ पंत की कमाई?

पंत की कमाई केवल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट तक सीमित नहीं है। उन्हें बीसीसीआई के केंद्रीय अनुबंध से सालाना राशि मिलती है। इसके अलावा आईपीएल में उनकी कमाई भी काफी बड़ी है। वह आईपीएल 2026 में 27 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड कीमत पर खेलने वाले खिलाड़ियों में शामिल रहे। इसके साथ ही विज्ञापन, ब्रांड एंडोर्समेंट और अन्य व्यावसायिक साझेदारियां भी उनकी आय का अहम हिस्सा हैं। यही वजह है कि उनकी टैक्स राशि भी डबल से ज्यादा हो गई है।

कॉरपोरेट श्रेणी में कौन रहा सबसे आगे?

जहां व्यक्तिगत करदाताओं में ऋषभ पंत शीर्ष पर रहे, वहीं कॉरपोरेट श्रेणी में ओएनजीसी ने 13,564 करोड़ रुपये आयकर जमा कर पहला स्थान हासिल किया। आयकर विभाग ने दोनों श्रेणियों के प्रमुख करदाताओं को सम्मानित करते हुए उनके योगदान को देश के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।

कितनी है ऋषभ पंत की नेटवर्थ

ऋषभ पंत ने अपनी आमदनी का खुलासा सार्वजनिक तौर पर कभी नहीं किया है। हालांकि रिपोर्ट्स के अनुसार वह करीबन 150 करोड़ की नेटवर्थ के मालिक हैं। रकम इससे ज्यादा भी हो सकती है। इस बार आईपीएल में वह दिल्ली कैपिटल्स से खेलेंगे लेकिन राशि कम हो गई है। दिल्ली कैपिटल्स ने उनको 15 करोड़ में शामिल कर लिया है।