
iPhone DuoImage Credit source: Apple
Apple के पहले फोल्डेबल स्मार्टफोन iPhone Duo की बैटरी कैपेसिटी का खुलासा हो गया है. यूरोप के एनर्जी लेबलिंग डेटाबेस में सामने आई जानकारी के मुताबिक, इस फोन में 4,883mAh की रेटेड बैटरी दी गई है. कंपनी का दावा है कि फोन की कवर स्क्रीन पर 44 घंटे तक वीडियो प्लेबैक मिल सकता है. वहीं, अंदर की बड़ी फोल्डेबल स्क्रीन पर 31 घंटे तक वीडियो चलाया जा सकता है. भारत में इस फोन की शुरुआती कीमत 2,99,900 रुपये है. इसकी ग्लोबल सेल 23 अक्टूबर से शुरू होगी.
iPhone Duo की बैटरी और फीचर्स की पूरी जानकारी
Apple ने पिछले महीने iPhone 18 Pro सीरीज, AirPods 5 और Apple Watch Series 12 के साथ अपना पहला फोल्डेबल स्मार्टफोन iPhone Duo पेश किया था. यह फोन किताब या पासपोर्ट की तरह खुलता है. कंपनी ने इसकी बिक्री शुरू होने से कुछ दिन पहले यूरोप के सर्टिफिकेशन डेटाबेस में बैटरी से जुड़ी जानकारी दर्ज कराई है.
यूरोप के European Product Registry for Energy Labelling (EPREL) डेटाबेस में iPhone Duo को A3720 मॉडल नंबर के साथ लिस्ट किया गया है. इसके मुताबिक, फोन में 4,883mAh की रेटेड बैटरी दी गई है. इसकी बैटरी एक चार्ज पर 51 घंटे 30 मिनट तक चलने का दावा भी किया गया है. हालांकि, यह आंकड़ा कंपनी के बताए गए वीडियो प्लेबैक टाइम से अलग है, क्योंकि दोनों की टेस्टिंग का तरीका अलग हो सकता है. यूरोपीय एनर्जी लेबल में फोन को एनर्जी एफिशिएंसी के लिए A ग्रेड मिला है. वहीं, गिरने से बचाव के लिए इसे B और रिपेयरिंग में आसानी के लिए C ग्रेड दिया गया है. फोन को धूल और पानी से बचाव के लिए IP68 रेटिंग भी मिली है.
Apple के मुताबिक, iPhone Duo की अंदर वाली 7.6 इंच की फोल्डेबल स्क्रीन पर 31 घंटे तक वीडियो देखा जा सकता है. वहीं, बाहर की 5.4 इंच की कवर स्क्रीन पर वीडियो प्लेबैक का समय 44 घंटे तक बताया गया है. कंपनी का यह भी दावा है कि दोनों स्क्रीन का इस्तेमाल करने पर फोन एक बार चार्ज करने पर 22 घंटे तक चल सकता है. इसके अलावा, सिर्फ 5 मिनट चार्ज करने पर 5 घंटे तक वीडियो प्लेबैक मिलने की बात कही गई है.
iPhone Duo की कीमत और दूसरे फीचर्स
iPhone Duo की ग्लोबल सेल 23 अक्टूबर से शुरू होने वाली है. फिलहाल यह Apple के ऑनलाइन स्टोर पर प्री-ऑर्डर के लिए उपलब्ध है. भारत में इसके 256GB स्टोरेज वाले बेस वेरिएंट की शुरुआती कीमत 2,99,900 रुपये रखी गई है. फोन में Apple का 2nm टेक्नोलॉजी पर बेस्ड A20 Pro चिपसेट दिया गया है. फोटोग्राफी के लिए इसमें पीछे की तरफ डुअल कैमरा सेटअप मिलता है. इसकी सबसे बड़ी खासियत 7.6 इंच की अंदर वाली Super Retina XDR फोल्डेबल स्क्रीन और 5.4 इंच की बाहरी Super Retina XDR स्क्रीन है.
ये भी पढ़ें- ₹19,999 में लॉन्च हुआ Samsung का धांसू 5G स्मार्टफोन, 50 MP कैमरा के साथ 128GB का

महेंद्र भार्गव
महेंद्र भार्गव एक अनुभवी बिजनेस और ऑटोमोबाइल जर्नलिस्ट हैं, जो 2018 से डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं. वर्तमान में महेंद्र TV9 Bharatvarsh के साथ जुड़े हुए हैं, जहां बिजनेस और ऑटोमोबाइल से जुड़ी लेटेस्ट अपडेट्स, रिव्यू, एक्सक्लूसिव स्टोरीज़ और इन-डेप्थ एनालिसिस पर काम कर रहे हैं. ऑटोमोबाइल और बिजनेस सेगमेंट में 5+ सालों के अनुभव के साथ, Mahendra ने कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम किया है. महेंद्र नवदुनिया (दैनिक जागरण ग्रुप) अखबार से रिपोर्टर के तौर पर शुरुआत की. आगे ETV Bharat, Dainik Bhaskar, News18 और Zee News में उन्होंने डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में कई भूमिकाओं में काम किया.
Read More