ग्रेटर नोएडा में मोबाइल फोन और चेन स्नैचिंग करने वाले तीन शातिर बदमाशों को बिसरख पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपियों की पहचान सलमान उर्फ सुहैल, अजाज उर्फ अज्जू उर्फ सोनू और नईम के तौर पर हुई है. सलमान और अजाज बुलंदशहर के रहने वाले हैं, जबकि नईम हापुड़ का निवासी है. पुलिस ने इनके कब्जे से छीने गए पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनमें एक iPhone 18 Pro भी शामिल है.
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास से दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस, 2500 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी मिली है. तीनों को शुक्रवार को लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से 6% एरिया पार्क के पास से पकड़ा गया. पुलिस का कहना है कि आरोपी बाइक पर सवार होकर कुछ ही सेकंड में राहगीरों से मोबाइल छीनकर मौके से निकल जाते थे.
यह भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा में सड़क किनारे खड़ी थी हॉस्टल की बस, अचानक धू-धूकर जलने लगी... आधे घंटे में 3 दमकल गाड़ियों ने बुझाई आग
सम्बंधित ख़बरें
बिसरख थाना प्रभारी रंजीत सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपी बेहद शातिर हैं. उन्होंने थाना क्षेत्र में अलग-अलग जगहों पर मोबाइल छीनने की वारदातों को अंजाम दिया था. 21 सितंबर 2026 को चैरीकाउन्टी सोसाइटी के पास भी आरोपियों ने एक महिला से iPhone 18 Pro लिया था. बदमाशों ने महिला से फोन देखने के बहाने मांगा और मोबाइल हाथ में आते ही लेकर फरार हो गए थे.
ऐसे बनाते थे लोगों को निशाना
पुलिस के अनुसार, सलमान उर्फ सुहेल बाइक चलाता था, जबकि अजाज पीछे बैठता था. दोनों सुनसान रास्तों पर घूमते लोगों को मौका देखकर निशाना बनाते थे. ई-रिक्शा में बैठे लोगों से भी मोबाइल देखने के बहाने फोन लेने या मौका मिलते ही उसे झपटने के बाद बाइक से फरार हो जाते थे. इसी तरीके से आरोपियों ने कई घटनाओं को अंजाम दिया.
सलमान उर्फ सुहेल पिछले करीब तीन साल से नोएडा में ऑटो चलाता था. इस दौरान उसे शहर के अलग-अलग रास्तों की अच्छी जानकारी हो गई थी. पुलिस के मुताबिक, इसी जानकारी का इस्तेमाल वह वारदात के दौरान करता था. छीने और लूटे गए मोबाइल फोन आरोपियों की टीम के तीसरे सदस्य नईम तक पहुंचते थे.
नईम इन मोबाइल फोन को खरीदने के बाद दूसरे राज्यों में सप्लाई करता था. पुलिस के मुताबिक, फोन पश्चिम बंगाल और बिहार तक भेजे जाते थे. नईम पहले भी बड़े पैमाने पर छिनैती और लूट की वारदातों में शामिल रहा है. उसके खिलाफ गाजियाबाद और गौतम बुद्धनगर में दो दर्जन से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं. पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है.
पीड़ित महिला ने पुलिस को दिया धन्यवाद
पीड़ित सुरभि भंडारी ने बताया कि 21 सितंबर को वह अपने ऑफिस जा रही थीं. इसी दौरान बाइक सवार दो लड़के उनका फोन छीनकर भाग गए. इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत की थी. शुक्रवार को बिसरख कोतवाली से उन्हें फोन आया और बताया गया कि उनका मोबाइल बरामद हो गया है.
सुरभि भंडारी ने बताया कि वह कोतवाली पहुंचीं, जहां उन्होंने अपना iPhone पहचान लिया. उन्होंने उन दोनों युवकों को भी पहचान लिया, जिन्होंने उनके हाथ से मोबाइल छीना था. इसके बाद उन्होंने यूपी पुलिस का धन्यवाद किया. सुरभि ने खास तौर पर नोएडा पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह का आभार जताते हुए कहा कि उनकी मदद से उनका फोन वापस मिल सका.
पुलिस के मुताबिक, इस कार्रवाई में पांच छीने गए मोबाइल फोन, iPhone 18 Pro, दो अवैध तमंचे और दो जिंदा कारतूस, 2500 रुपये नकद तथा घटना में इस्तेमाल बाइक बरामद की गई है. बिसरख पुलिस अब आरोपियों से जुड़े अन्य मामलों और मोबाइल की सप्लाई चेन की भी जानकारी जुटा रही है.
---- समाप्त ----