
महाराष्ट्र के हिंगोली जिले से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां बंद पड़े एक पेट्रोल पंप को सील करने पहुंचे इंडियन ऑयल के सेल्स मैनेजर महेश शेलके की हत्या कर दी गई। आरोप है कि पेट्रोल पंप मालिक के परिवार से जुड़े लोगों ने विवाद के बाद उन पर धारदार हथियार से हमला किया।पुलिस ने इस मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूरी वारदात पेट्रोल पंप पर लगे CCTV कैमरे में भी कैद हुई है।
पेट्रोल पंप सील करने पहुंची थी टीम
यह मामला हिंगोली के वसमत तालुका के चोंढी इलाके का है। जानकारी के मुताबिक, इंडियन ऑयल ने करीब दो साल पहले साहेबराव पांडववीर को पेट्रोल पंप आवंटित किया था। तकनीकी कारणों से यह पेट्रोल पंप पिछले करीब तीन महीने से बंद था और वहां पेट्रोल की बिक्री भी नहीं हो रही थी।इसी के चलते मंगलवार दोपहर इंडियन ऑयल के नांदेड़ कार्यालय से अधिकारी और कर्मचारी पेट्रोल पंप को सील कर अपने कब्जे में लेने पहुंचे थे। इसी दौरान पेट्रोल पंप मालिक के परिवार के साथ अधिकारियों की बातचीत शुरू हुई।
मोहलत को लेकर बढ़ा विवाद
रिपोर्ट के मुताबिक, पेट्रोल पंप मालिक की ओर से अधिकारियों से कुछ और समय देने की मांग की गई थी। परिवार की तरफ से कहा गया कि अगर उन्हें करीब एक महीने की मोहलत मिल जाए तो वे पेट्रोल पंप दोबारा शुरू कर देंगे।हालांकि, अधिकारियों की ओर से अतिरिक्त समय देने से इनकार किए जाने के बाद विवाद बढ़ गया। इसी दौरान आरोप है कि परिवार से जुड़े एक युवक ने महेश शेलके पर हमला कर दिया।हमले में गंभीर रूप से घायल हुए महेश शेलके की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद वहां मौजूद अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौके से निकल गए।
CCTV में कैद हुई पूरी घटना
इस वारदात का CCTV फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में पेट्रोल पंप परिसर में कुछ लोगों के बीच विवाद होता दिखाई दे रहा है। इसके बाद मैनेजर पर हमला किया जाता है और आरोपी घटना के बाद वहां से कार में बैठकर फरार होते नजर आते हैं।घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। CCTV फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
हरदीप सिंह पुरी ने जताया दुख
केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने भी इस घटना पर दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में महेश शेलके की ड्यूटी के दौरान हुई मौत पर शोक व्यक्त किया और घटना की निंदा की।फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। CCTV फुटेज के आधार पर घटना से जुड़े घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ा जा रहा है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद के बाद हत्या की पूरी घटना कैसे हुई।