
बेटी की कामयाबी देख खुशी से झूम उठे पिताImage Credit source: Instagram/urwashi_18
सोशल मीडिया पर अक्सर कई तरह के वीडियो वायरल होते रहते हैं, लेकिन कुछ पल ऐसे होते हैं जो सीधे दिल को छू जाते हैं. ऐसा ही एक वीडियो इन दिनों लोगों का ध्यान खींच रहा है, जिसमें एक पिता अपनी बेटी की बड़ी उपलब्धि देखकर बेहद खुश नजर आ रहे हैं. बेटी के इंस्टाग्राम पर 5 लाख फॉलोअर्स पूरे होने की खुशी में पिता का रिएक्शन लोगों को काफी पसंद आ रहा है. कंटेंट क्रिएटर उर्वशी पालंदुरकर ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर 500K फॉलोअर्स का आंकड़ा पार किया. इस खास मौके को उन्होंने अपने पिता के साथ सेलिब्रेट करने का फैसला किया. उन्होंने अपने पिता से कहा कि वह उनके फोन में उनका इंस्टाग्राम प्रोफाइल खोलें. जैसे ही पिता ने प्रोफाइल देखा और 5 लाख फॉलोअर्स का आंकड़ा नजर आया, उनके चेहरे पर खुशी साफ दिखाई देने लगी.
बेटी की इस कामयाबी को देखकर पिता खुद को रोक नहीं पाए और उन्होंने तुरंत उर्वशी को गले लगा लिया. उनका यह एक्साइटमेंट देखकर उर्वशी भी भावुक हो गईं. इसके बाद पिता ने उन सभी लोगों का शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने उनकी बेटी के काम को पसंद किया और उसे आगे बढ़ने में सपोर्ट किया. उन्होंने उर्वशी की मेहनत और टैलेंट की तारीफ भी की. इस दौरान पिता ने बेटी को अगला लक्ष्य भी बता दिया. उन्होंने कहा कि अब 10 लाख यानी 1 मिलियन फॉलोअर्स तक पहुंचना अगला टारगेट होना चाहिए. पिता की यह बात सुनकर उर्वशी के चेहरे पर भी मुस्कान आ गई.
खुशी ने इंटरनेट पर जीता दिल
इसके बाद उर्वशी ने केक काटकर इस खास उपलब्धि का जश्न मनाया और अपने फॉलोअर्स का धन्यवाद किया. उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर उनका सफर इतना आसान नहीं रहा. शुरुआत में वह अपनी छत पर वीडियो रिकॉर्ड किया करती थीं. वीडियो बनाने के बाद उन्हें एडिट करने में कई-कई घंटे लग जाते थे. धीरे-धीरे उनके फॉलोअर्स बढ़ने लगे और उन्होंने छोटे-छोटे पड़ाव पार किए. उर्वशी ने बताया कि एक समय ऐसा भी आया था, जब उनका अकाउंट 99 हजार फॉलोअर्स पर कई हफ्तों तक अटका रहा. काफी इंतजार के बाद उन्होंने आखिरकार 1 लाख फॉलोअर्स का आंकड़ा पार किया था. ऐसे में 5 लाख तक पहुंचना उनके लिए सिर्फ एक नंबर नहीं, बल्कि उनकी पूरी मेहनत और सफर का नतीजा है.
अपनी पोस्ट में उर्वशी ने लिखा कि उन्होंने इस पेज पर अपना पूरा दिल और मेहनत लगाई है. ईमानदारी, प्यार और जुनून के साथ शुरू किया गया यह सफर 500K तक पहुंचा, तो वह खुद भी काफी भावुक हो गईं. उन्होंने इस सफर में साथ देने के लिए अपने परिवार, दोस्तों और फॉलोअर्स का शुक्रिया भी अदा किया.
यह भी पढ़ें: Viral Video: शादी में ससुर से घूंघट कर लूंगी पर महिलाओं ने लगाए ठुमके, सामने खड़े ससुर जी का रिएक्शन देख हंस पड़े लोग
वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने उर्वशी को जमकर बधाई दी. हालांकि, सबसे ज्यादा चर्चा उनके पिता के रिएक्शन की हो रही है. कई लोगों ने पिता-बेटी के इस प्यारे पल को बेहद खास बताया और उर्वशी के आगे भी इसी तरह तरक्की करते रहने की कामना की. एक यूजर ने लिखा कि उनकी ग्रोथ देखकर ऐसा लगता है जैसे यह सफर उनका अपना हो. वहीं, कई लोगों ने कहा कि वे उर्वशी के आगे के लक्ष्यों में भी उनके साथ बने रहेंगे.
यहां देखिए वीडियो

आयुष कुमार
आयुष कुमार, टीवी9 डिजिटल में सीनियर सब एडिटर हैं. अशोक और चाणक्य की धरती बिहार से हैं. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की तालीम हासिल की है. पत्रकारिता में तीन साल से तिल को बिना ताड़ बनाए किसी भी सोशल मुद्दे को 360 डिग्री समझाने की कोशिश करते हैं. अमर उजाला, फिरकी डॉट इन से अपने पत्रकारीय सफर की शुरुआत की है. पाठकों तक सरल शब्दों में खबरें पहुंचाना उद्देश्य रहा है. लेखन की इस दुनिया में दिलचस्पी इसलिए बढ़ गई, क्योंकि बचपन से ही काफी ज्यादा बातूनी रहे हैं. फिलहाल, टीवी9 में फीचर राइटिंग करते हुए सोशल मीडिया की नब्ज पकड़ने में माहिर हो गए है. अजीबोगरीब खबरों को गजब तरीके से लिखकर आप सबके सामने पेश करते हैं.
Read More