इंदौर में 11-12 सितंबर को यात्री परिवहन विजन समिट-2026 होगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा, PPP मॉडल, इलेक्ट्रिक-हाइड्रोजन मोबिलिटी, डिजिटल टिकटिंग और स्मार्ट ट्रांसपोर्ट सिस्टम पर चर्चा होगी।
इंदौर में 11-12 सितंबर को होगा यात्री परिवहन विजन समिट
- Published: 06 Sep 2026, 09:57 AM IST
- Last Updated: 06 Sep 2026, 09:57 AM IST
इंदौर: मध्यप्रदेश में यात्री परिवहन व्यवस्था को आधुनिक, सुगम और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। यात्री परिवहन विजन समिट-2026 का आयोजन 11 और 12 सितंबर को इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में होगा। दो दिवसीय समिट में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह विशिष्ट अतिथि रहेंगे। समिट का मुख्य फोकस मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा योजना पर रहेगा। इसमें निजी बस ऑपरेटर, बस निर्माता, नीति निर्माता, परिवहन प्राधिकरण, टेक्नोलॉजी कंपनियां, निवेशक और इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र के विशेषज्ञ प्रदेश की भविष्य की परिवहन व्यवस्था को लेकर मंथन करेंगे।
PPP मॉडल से मजबूत होगा यात्री परिवहन
सरकार प्रदेश में बस संचालन को बड़े स्तर पर पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल से आगे बढ़ाने की तैयारी कर रही है। समिट में आधुनिक मोबिलिटी इकोसिस्टम विकसित करने, निजी क्षेत्र की भागीदारी बढ़ाने और परिवहन व्यवस्था को वित्तीय रूप से टिकाऊ बनाने पर चर्चा होगी। मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के तहत इलेक्ट्रिक और हाइड्रोजन मोबिलिटी, बस निर्माण, डिजिटल टिकटिंग, फ्लीट मैनेजमेंट, चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर, स्मार्ट बस स्टॉप, पैसेंजर इंफॉर्मेशन सिस्टम, एआई एवं डेटा एनालिटिक्स जैसे क्षेत्रों में संभावनाएं तलाशने पर जोर रहेगा।
हर सफर को बेहतर बनाने की तैयारी…
सुरक्षित परिवहन, स्मार्ट तकनीक और हरित मोबिलिटी के विज़न के साथ इंदौर में ‘यात्री परिवहन विजन समिट-2026’ का आयोजन
💠 देशभर के नीति-निर्माता, परिवहन विशेषज्ञ, उद्योग जगत और निवेशक एक मंच पर जुटेंगे
💠 नवाचार, रोजगार और उद्यमिता के नए अवसरों… pic.twitter.com/COBLLVcf9D
— Chief Minister, MP (@CMMadhyaPradesh) September 5, 2026
उद्योगों के लिए निवेश और साझेदारी के अवसर
समिट में शामिल होने वाली कंपनियों को मध्यप्रदेश सरकार के अधिकारियों के साथ वन-टू-वन बैठक का अवसर भी मिलेगा। कंपनियां अपने तकनीकी समाधान प्रस्तुत करने के साथ पायलट प्रोजेक्ट और निवेश की संभावनाओं पर चर्चा कर सकेंगी।
समिट का उद्देश्य केवल नीतिगत चर्चा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सरकार और उद्योग के बीच सीधे सहयोग को बढ़ावा देना भी है। स्वच्छ ऊर्जा, डिजिटल पेमेंट, एआई आधारित रूट ऑप्टिमाइजेशन, स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर और मोबिलिटी फाइनेंस जैसे क्षेत्रों पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
2030 तक की मोबिलिटी व्यवस्था का रोडमैप
समिट के जरिए मोबिलिटी विजन 2030 रोडमैप, PPP को गति देने, डिजिटल-फर्स्ट मोबिलिटी फ्रेमवर्क, स्वच्छ परिवहन, निवेश और पायलट प्रोजेक्ट को बढ़ावा देने की दिशा में काम किया जाएगा। समिट में छह प्रमुख विषयों—PPP आधारित मोबिलिटी, इंटेलिजेंट ट्रांसपोर्ट मैनेजमेंट सिस्टम, वित्तीय स्थिरता, स्वच्छ मोबिलिटी, एकीकृत टिकटिंग और बेहतर यात्री अनुभव—पर विशेष चर्चा होगी।