इंदौर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बिगबास्केट, Social और Heydeli Pizza के फूड लाइसेंस सस्पेंड कर दिए हैं। जांच में कॉकरोच, जंग लगे बर्तन, जला हुआ तेल, वेज-नॉनवेज खाद्य सामग्री को एक साथ रखना, खराब सफाई और जरूरी दस्तावेजों की कमी जैसी खामियां मिलीं।
इंदौर में खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा एक्शन
- Published: 01 Sep 2026, 10:27 AM IST
- Last Updated: 01 Sep 2026, 10:27 AM IST
इंदौर: शहर में खाद्य सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच के बाद बिगबास्केट, सोशल और Heydeli Pizza के फूड लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। निरीक्षण के दौरान इन प्रतिष्ठानों में स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा से जुड़ी कई गंभीर कमियां मिली थीं। विभाग ने पहले सुधार के लिए नोटिस जारी किए थे, लेकिन तय समय में जरूरी सुधार नहीं किए गए। इसके बाद लाइसेंस सस्पेंड करने की कार्रवाई की गई।
यह कार्रवाई कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने की। विभाग ने स्पष्ट किया है कि लाइसेंस निलंबित रहने तक संबंधित प्रतिष्ठानों में खाद्य कारोबार पूरी तरह बंद रखना होगा।
Heydeli Pizza के किचन में मिले कॉकरोच
स्कीम नंबर 54 स्थित जैमिनी मॉल के Heydeli Pizza में निरीक्षण के दौरान कई गंभीर खामियां सामने आईं। टीम को फ्रीजर और किचन के फर्श पर कॉकरोच मिले। कई बर्तनों पर जंग लगी थी और कुछ बर्तन खाद्य उपयोग के लिए सुरक्षित सामग्री के नहीं पाए गए।
जांच में यह भी सामने आया कि खाद्य पदार्थों को काले और जले हुए तेल में तला जा रहा था। किचन के दरवाजे के नीचे खाली जगह होने से कीड़े-मकौड़ों के अंदर आने की संभावना भी पाई गई। पर्याप्त रोशनी, सफाई और बर्तन धोने की व्यवस्था भी मानकों के अनुरूप नहीं थी।
इसके अलावा कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट, पेस्ट कंट्रोल रिकॉर्ड और पानी की NABL लैब जांच रिपोर्ट भी उपलब्ध नहीं कराई गई।
Social में वेज-नॉनवेज एक ही फ्रीजर में
MR-10 स्थित Social Ring Road के निरीक्षण में वेज और नॉनवेज खाद्य सामग्री एक ही डीप फ्रीजर में रखी मिली। स्टोर रूम के दरवाजे खुले थे और कचरा प्रबंधन भी संतोषजनक नहीं पाया गया।
विभाग को कर्मचारियों के मेडिकल रिकॉर्ड और खाद्य जांच से जुड़े जरूरी दस्तावेज भी नहीं मिले। इन कमियों को खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन माना गया।
BigBasket में भी लापरवाही
स्कीम नंबर 54 स्थित बिगबास्केट में खाद्य सामग्री के साथ अखाद्य सामान रखा मिला। इससे क्रॉस कंटैमिनेशन का खतरा पाया गया। परिसर की सफाई भी मानकों के मुताबिक नहीं थी। Indore Food Safety: खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा एक्शन, बिगबास्केट समेत 3 के लाइसेंस सस्पेंड; जांच में मिलीं गंभीर खामियांजांच टीम को कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट, FSSAI/FoSTaC ट्रेनिंग रिकॉर्ड और पेस्ट कंट्रोल से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए।
विभाग ने तीनों प्रतिष्ठानों को पहले सुधार सूचना पत्र जारी किया था। निर्धारित समय में कमियां दूर नहीं होने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत लाइसेंस निलंबित किए गए हैं।