Updated: Sunday, July 26, 2026, 20:14 [IST]
India vs Zimbabwe: ज़िम्बाब्वे के खिलाफ अंतिम टी20 मुकाबला जीतकर टीम इंडिया ने तीन मैचों की सीरीज में क्लीन स्वीप कर दिया। भारतीय टीम ने पहले खेलते हुए 5 विकेट पर 192 का स्कोर बनाया था। जिसे ज़िम्बाब्वे की टीम हासिल करने में नाकाम रही। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारत ने लगातार तीसरी जीत दर्ज की और पहली बार सीरीज पर कब्जा जमाया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया की खराब शुरुआत रही। लगातार तीसरे मुकाबले में सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा फ्लॉप रहे, वह 2 रन बना आउट हो गए। इसके बाद वैभव सूर्यवंशी ने अपना आक्रामक रूप दिखाते हुए तूफान खड़ा कर दिया।
सूर्यवंशी ने तेजी से बैटिंग करने के अलावा संयम भी दिखाया। उन्होंने अपना दूसरा अर्धशतक पूरा करते हुए रिकॉर्ड बना दिया। 16 से कम उम्र में दो इंटरनेशनल फिफ्टी वाले वह पहले खिलाड़ी बन गए। फिफ्टी के बाद सूर्यवंशी जब शतक के करीब गए, तो आउट हो गए।
सूर्यवंशी ने 49 गेंदों का सामना करते हुए 81 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। उनके बल्ले से 8 चौके और 4 धांसू छक्के आए। ईशान किशन और श्रेयस अय्यर कुछ खास नहीं कर पाए। दोनों क्रमशः 26 और 27 रन बनाकर आउट हो गए। बाद में रिंकू सिंह ने धमाका किया।
रिंकू सिंह ने अंतिम कुछ ओवरों में 14 गेंदों का सामना किया और 25 रनों की पारी खेल डाली। इस दौरान उनके बल्ले से 2 चौके और एक छक्का देखने को मिला। पिछले मैच में फिफ्टी जड़ने वाले तिलक वर्मा इस बार नाबाद 11 रन बनाकर लौटे और भारत का स्कोर 5 विकेट पर 192 रनों तक पहुंचा दिया।
जवाबी पारी में खेलते हुए ज़िम्बाब्वे की स्थिति खराब हो गई। मयंक यादव ने पहली ही गेंद पर ब्रायन बेनेट को आउट कर वापस भेज दिया। इसके बाद यश ठाकुर ने भी अपना कमाल दिखाया। उन्होंने डियोन मेयर्स और सिकंदर रजा को लगातार गेंदों पर आउट कर ज़िम्बाब्वे की कमर तोड़ दी। ज़िम्बाब्वे ने 65 के स्कोर पर 4 विकेट गंवा दिए।
4 विकेट गंवाने के बाद रायन बर्ल और वेस्ले मैधेवेरे ने मिलकर पारी को संभालते हुए तेजी से बैटिंग की। 125 के स्कोर पर जिम्बाब्वे ने अपना पांचवां विकेट गंवाया। मैधेवेरे ने 28 रनों की पारी खेली। रायन बर्ल ने 42 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी कर ली। यह टी20 इंटरनेशनल में उनका चौथा अर्धशतक है।
वह 54 रनों पर नाबाद लौटे और ज़िम्बाब्वे का स्कोर 7 विकेट पर 157 रनों तक पहुंचा। इस तरह टीम इंडिया ने 35 रन से मैच जीतकर ज़िम्बाब्वे का 3-0 से सूपड़ा साफ़ कर दिया। भारत के लिए इस मुकाबले में मयंक यादव ने 3 और यश ठाकुर ने 2 विकेट झटके।