
क्या हो पाएगा भारत-जापान का मुकाबला? (PC-PTI)
भारत और जापान के बीच एकलौता टी20 मैच सानो के स्टेडियम में 22 सितंबर को खेला जाएगा. इस मैच से पहले भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर को थोड़ी टेंशन हो रही है. टेंशन जापान के मौसम को देखकर है. दरअसल भारत और जापान के बीच होने वाले टी20 मैच पर खराब मौसम की मार पड़ सकती है और यही बात श्रेयस अय्यर को सता रही है. श्रेयस अय्यर ने इस मैच से पहले हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में उम्मीद जताई कि मौसम इस मैच पर कोई असर नहीं डालेगा.
श्रेयस अय्यर ने जापान के खिलाफ मैच से पहले क्या कहा?
श्रेयस अय्यर ने कहा कि वो और उनकी टीम मौसम सही रहने पर मैदान पर खेल शुरू होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. उन्होंने कहा, ‘ये हमारे लिए रोमांक होने वाला है. हम पहली बार जापान के खिलाफ खेल रहे हैं. हमें यहां के हालात और पिच के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है लेकिन मैं एक अच्छे मैच की उम्मीद कर रहा हूं’. अय्यर ने आगे कहा, ‘हम जापान के खिलाफ होने वाले मैच के लिए काफी उत्साहित हैं और उम्मीद है कि बारिश नहीं होगी. स्टेडियम में आने वाले सभी फैंस को अच्छा मैच देखने को मिलेगा.’
कैसा है सानो का मौसम?
श्रेयस अय्यर का मौसम को लेकर चिंता करना सही नजर आता है क्योंकि सानो का मौसम लगातार बिगड़ रहा है. वेदर रिपोर्ट्स के मुताबिक सानो में सोमवार राज काफी तेज बारिश होगी और ऐसा ही कुछ मंगलवार सुबह और दिन में हो सकता है. मतलब मैच के दौरान भी बारिश होने की आशंका है. सवाल ये है कि अगर बारिश की वजह से स्टेडियम की आउट फील्ड खराब हुई तो ये मैच खतरे में पड़ सकता है. बता दें जापान के इस मैदान में ड्रेनेज सिस्टम की अच्छी सुविधा नहीं है. बता दें टीम इंडिया को मैच से पहले अपना प्रैक्टिस सेशन भी रद्द करना पड़ा, इसकी वजह तेज बारिश ही रही.
जापान की खूबसूरती के कायल हुए श्रेयस अय्यर
श्रेयस अय्यर जापान की खूबसूरती के कायल हो गए हैं. उन्होंने कहा, ‘ये बहुत खूबसूरत है. यहां के लोग बेहद मिलनसार हैं. यहां की मेहमाननवाजी लाजवाब है. मैंने जापान और टोक्यो शहर के बारे में बहुत कुछ सुना है और इसलिए मैं इसे और ज्यादा जानना चाहता हूं. यहां का अनुभव ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड जाने से काफी अलग है. यहां की संस्कृति अलग है.’

अनूप देव सिंह
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले का रहने वाला हूं. बचपन से ही खेलों से बेहद प्यार है. खासतौर पर क्रिकेट से जो इस देश का धर्म भी कहा जाता है. स्कूली पढ़ाई केंद्रीय विद्यालय से हुई. साल 2006 में दिल्ली यूनिवर्सिटी से हिंदी जर्नलिज्म की डिग्री हासिल की और उसके बाद मीडिया के मैदान में उतर गए और खेल की खबरों को ही अपना कर्म भी बना लिया. करियर की पहली नौकरी नेटवर्क 18 ग्रुप में मिली. शुरुआत IBN7 न्यूज चैनल से हुई जहां मैंने पांच सालों की लंबी पारी खेली. इसके बाद इंडिया टीवी, न्यूज नेशन जैसे बड़े नेशनल चैनल्स के साथ काम किया. 2016 में डिजिटल मीडिया में कदम रखा और ये मौका जी नेटवर्क ने दिया. एक साल तक क्रिकेट कंट्री के साथ काम किया और फिर हुई नेटवर्क 18 में वापसी. न्यूज 18 हिंदी की वेबसाइट में 4 सालों तक स्पोर्ट्स की हर खबर पाठकों तक पहुंचाई. अब टीवी9 के साथ हूं. क्रिकेट ही नहीं खेल की हर खबर आपतक एक नए अंदाज और नए कलेवर में पहुंचाता हूं.
Read More