India Ke Top 1%: स्टार प्लस के लोकप्रिय गेम शो ‘इंडिया के टॉप 1%’ का इस वीकेंड का एपिसोड बेहद खास होने वाला है. इस बार शो के होस्ट और बॉलीवुड के ‘एवरग्रीन’ सुपरस्टार अनिल कपूर का साथ देने आ रही हैं टीवी की नंबर वन एक्ट्रेस और घर-घर में ‘अनुपमा’ के नाम से मशहूर रुपाली गांगुली. दोनों की इस मुलाकात ने कई दशक पुरानी सुनहरी यादों को फिर से ताजा कर दिया है, खासकर अनिल कपूर की सुपरहिट फिल्म ‘साहेब’ की यादें, जिसका निर्देशन रूपाली गांगुली के दिवंगत पिता अनिल गांगुली ने किया था.
रुपाली गांगुली का मंच पर स्वागत करते हुए अनिल कपूर काफी इमोशनल नजर आए. उन्होंने रूपाली के पिता के साथ काम करने के अपने अनुभवों को याद किया और फिल्म का मशहूर गाना “प्यार बिना चैन कहां रे” गुनगुनाया. अनिल कपूर ने कहा, “अनिल गांगुली जी के साथ मैंने एक सुपरहिट फिल्म की थी, जिसका नाम था ‘साहेब’. वे इतने अच्छे और प्यारे इंसान थे. लोग मेरी बहुत सी फिल्मों में तारीफ करते हैं, लेकिन मुझे खुद ऐसा लगता है कि मेरा सबसे बेहतरीन काम ‘साहेब’ में ही था. और आज उनकी बेटी मेरे साथ खड़ी है, जिसने पूरे हिंदुस्तान के हर घर में अपनी एक मजबूत पहचान बनाई है.”
रुपाली ने याद की अनिल कपूर की सादगी
अनिल कपूर के इस प्यार को देखकर रूपाली गांगुली भी भावुक हो गईं. उन्होंने याद किया कि कैसे उनके पिता हमेशा अनिल कपूर की लगन और ईमानदारी की मिसाल दिया करते थे. रूपाली ने बताया, “सर, पापा हमेशा आपकी बातें करते थे. ‘साहेब’ की शूटिंग के वक्त आपके पास सिर्फ एक ट्रैकसूट था और दो शर्ट्स एक सफेद और एक रेड चेक्स वाली. आपके पास कोई बहुत बड़ा वार्डरोब नहीं था, लेकिन आपकी लगन से हमने बहुत कुछ सीखा है. वह सीन, जहां आप पैसे लेकर बैठे हैं और नौकरी मांगते हैं ताकि पैसे लौटा सकें, हमारे लिए एक्टिंग का पूरा स्कूल था.”
सीन खत्म होने के बाद मैं रोक नहीं पाया आंसू
उस आईकॉनिक सीन को याद करते हुए अनिल कपूर ने एक बेहद निजी और दिल छू लेने वाला खुलासा किया. उन्होंने बताया कि फिल्म का एक सीन मेरे पसंदीदा सीन्स में से एक है. उस सीन को शूट करने के बाद मैं सेट पर फूट-फूटकर रोया था. सीन के दौरान तो मेरा किरदार अपने इमोशंस को कंट्रोल कर रहा था, लेकिन जैसे ही कट बोला गया, मैं अपने आंसू नहीं रोक पाया. वह बहुत ही खूबसूरत सीन था.

सोनाली नाईक
सोनाली करीब 15 सालों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. जर्नलिज्म की पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रहार न्यूज पेपर से उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की थी. इस न्यूज पेपर में बतौर रिपोर्टर काम करते हुए सोनाली ने एंटरटेनमेंट बीट के साथ-साथ सीसीडी (कॉलेज कैंपस और ड्रीम्स) जैसे नए पेज पर काम किया. उन्होंने वहां 'फैशनेरिया' नाम का कॉलम भी लिखा. इस दौरान एलएलबी की पढ़ाई भी पूरी की, लेकिन पत्रकारिता के जुनून की वजह से इसी क्षेत्र में आगे बढ़ने के इरादे से 2017 में टीवी9 से सीनियर कोरेस्पोंडेंट के तौर पर अपनी नई पारी शुरू की. टीवी9 गुजराती चैनल में 3 साल तक एंटरटेनमेंट शो की जिम्मेदारी संभालने के बाद सोनाली 2020 में टीवी9 हिंदी डिजिटल की एंटरटेनमेंट टीम में शामिल हुईं. सोनाली ने टीवी9 के इस सफर में कई ब्रेकिंग, एक्सक्लूसिव न्यूज और ऑन ग्राउंड कवरेज पर काम किया है. हिंदी के साथ-साथ गुजराती, मराठी, इंग्लिश भाषा की जानकारी होने के कारण डिजिटल के साथ-साथ तीनों चैनल के लिए भी उनका योगदान रहा है. रियलिटी शोज और ग्लोबल कंटेंट देखना सोनाली को पसंद है. नई भाषाएं सीखना पसंद है. संस्कृत भाषा के प्रति खास प्यार है. नुक्कड़ नाटक के लिए स्क्रिप्ट लिखना पसंद है. सोनाली के लिखे हुए स्ट्रीट प्लेज 'पानी', 'मेड इन चाइना' की रीडिंग 'आल इंडिया रेडियो' पर सोशल अवेयरनेस के तौर पर की जा चुकी है.
Read More