October 23, 2026

IND-W vs ZIM-W: प्रतिका ने ठोका जोरदार शतक, चरणी ने चटकाए 4 विकेट, भारत की जोरदार जीत

IND-W vs ZIM-W: प्रतिका ने ठोका जोरदार शतक, चरणी ने चटकाए 4 विकेट, भारत की जोरदार जीत

प्रतिका रावल ने नाबाद शतक जमायाImage Credit source: PTI

टी20 सीरीज में क्लीन स्वीप के बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने वनडे सीरीज के पहले मैच में भी जिम्बाब्वे को आसानी से हरा दिया. वडोदरा में सीरीज के पहले मैच में भारतीय टीम ने 198 रन के लक्ष्य को सिर्फ 28 ओवर के अंदर हासिल कर लिया. टीम इंडिया की इस जीत की स्टार रहीं स्पिनर श्री चरणी और ओपनर प्रतिका रावल. चरणी ने करियर की बेस्ट परफॉर्मेंस देते हुए 4 विकेट लिए, जबकि प्रतिका ने एक लाजवाब शतक जमाते हुए टीम को 9 विकेट से जीत दिलाने में बड़ी भूमिका निभाई.

चरणी-क्रांति के आगे जिम्बाब्वे ढेर

शुक्रवार 23 अक्टूबर को वनडे सीरीज के पहले मैच में भी भारतीय गेंदबाजों ने वही कमाल किया, जो टी20 सीरीज में देखने को मिला था. एक बार फिर श्री चरणी समेत भारतीय स्पिनरों ने जिम्बाब्वे को छोटे स्कोर पर रोक दिया. जिम्बाब्वे के लिए बिलवेड बीजा ने जुझारू पारी खेली और सबसे ज्यादा 62 रन बनाए. उनके अलावा अन्य कोई बल्लेबाज 30 का आंकड़ा भी नहीं छू सकी. आखिरी ओवरों में मिशेल मावुंगा ने तेजी से 29 रन बटोरे, जिसके दम पर टीम 49.5 ओवर में किसी तरह 197 रन तक पहुंच पाई.

भारत के लिए चरणी ने 10 ओवर में सिर्फ 23 रन दिए और 4 विकेट लिए. ये उनके वनडे करियर का बेस्ट परफॉर्मेंस है. उनके अलावा युवा तेज गेंदबाज क्रांति गौड ने 3 और दीप्ति शर्मा ने 2 विकेट लिए. शेफाली वर्मा को भी 1 विकेट मिला, जिन्होंने बाद में बल्ले से भी तहलका मचाया.

प्रतिका का शतक, शेफाली का तूफान

वहीं टीम इंडिया के लिए कप्तान स्मृति मंधाना और प्रतिका रावल ने 93 रन की जोरदार शुरुआत की, जिसमें दबदबा शतकवीर बल्लेबाज का रहा. कप्तान मंधाना तो 32 रन बनाकर आउट हो गईं लेकिन जिम्बाब्वे को इसके बाद कोई विकेट नहीं मिला. प्रतिका ने जहां अपना सधी हुई बल्लेबाजी जारी रखी तो वहीं शेफाली ने आते ही ताबड़तोड़ चौके-छक्के जमाने शुरू कर दिए. शेफाली ने सिर्फ 29 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. वहीं 27वें ओवर की आखिरी गेंद पर चौका जमाकर प्रतिका ने 96 गेंदों में अपना शतक पूरा किया.

ये प्रतिका के वनडे करियर का तीसरा शतक है. संयोग से उनका पिछला शतक भी 23 अक्टूबर को ही आया था, जब वर्ल्ड कप 2025 में उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ 122 रन की पारी खेली थी. इस बार प्रतिका ने 96 गेंदों में 100 रन बनाए, जिसमें 15 चौके शामिल थे. फिर 28वें ओवर की पहली गेंद पर शेफाली ने चौका जमाकर टीम को जीत दिला दी. शेफाली ने सिर्फ 33 गेंदों में 64 रन (5 चौके, 4 छक्के) जड़े.

सुमित सुन्द्रियाल

सुमित सुन्द्रियाल

इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.

Read More

google button