October 10, 2026

IND vs WI: अभिषेक, संजू या होप... इंदौर में कौन तोड़ेगा रोहित शर्मा का ये विस्फोटक रिकॉर्ड?

IND vs WI: अभिषेक, संजू या होप… इंदौर में कौन तोड़ेगा रोहित शर्मा का ये विस्फोटक रिकॉर्ड?

तीसरे टी20 मैच में भी बल्लेबाजों का ही पलड़ा भारी रहने की उम्मीद हैImage Credit source: PTI

वनडे सीरीज आसानी से जीतने वाली भारतीय टीम को टी20 सीरीज की शुरुआत में ही जोर का झटका लग गया. वेस्टइंडीज को पहले मैच में हराने के बाद टीम इंडिया को दूसरे मैच में हार का सामना करना पड़ा. वो भी 249 रन जैसा बड़ा स्कोर बनाकर. रांची में विंडीज कप्तान शे होप ने टीम इंडिया से जीत छीनी और सीरीज को बराबरी पर पहुंचा दिया. अब इस सीरीज का कारवां इंदौर पहुंच गया है, जहां रविवार को तीसरा टी20 मैच खेला जाना है.

खूब बनते हैं इंदौर में रन

इंदौर के होल्कर स्टेडियम में रविवार 11 अक्टूबर को भारत-वेस्टइंडीज के बीच ये मुकाबला खेला जाएगा. इस मैदान पर अभी तक कुल 4 टी20 मैच खेले गए हैं लेकिन विंडीज टीम पहली बार यहां उतरेगी. हालांकि वेस्टइंडीज ने यहां एक वनडे मैच खेला है लेकिन वो 15 साल पहले 2011 में खेला गया था. उस विंडीज टीम का कोई भी खिलाड़ी मौजूदा टीम का हिस्सा नहीं है. ऐसे में सभी खिलाड़ियों के लिए ये एक नया अनुभव होगा.

हालांकि इंदौर में भी बल्लेबाजों की ही मौज रहने की उम्मीद है क्योंकि ये मैदान हाई स्कोरिंग वेन्यू रहा है. सिर्फ टी20 की ही बात करें तो टीम इंडिया ने 2017 में यहां 260 रन बनाए थे, जो होल्कर स्टेडियम में सबसे बड़ा स्कोर है. इसी मुकाबले में स्टार ओपनर रोहित शर्मा ने 118 रन की विस्फोटक पारी खेली थी. ये इस मैदान पर किसी भी बल्लेबाज का सबसे बड़ा स्कोर भी है. तब रोहित ने 10 छक्के और 12 चौके लगाए थे और श्रीलंका के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की थी.

किन बल्लेबाजों पर रहेगी नजर?

ऐसे में रविवार को नजरें एक बार फिर बल्लेबाजों पर रहेंगी क्योंकि गेंदबाजों को इस पूरी सीरीज (वनडे मिलाकर) संघर्ष ही करना पड़ा है. इंदौर में क्या कोई बल्लेबाज रोहित शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ पाएगा? टीम इंडिया के पास अभिषेक शर्मा और ईशान किशन जैसे बल्लेबाज हैं जो लगातार रन बना रहे हैं. वहीं पिछले मैच में संजू सैमसन का बल्ला भी चल पड़ा था. वैभव सूर्यवंशी को मौका मिलने की संभावना ऐसे में अब और कम हो गई है. इसलिए इन तीनों से बड़ी पारी की उम्मीद रहेगी.

दूसरी ओर वेस्टइंडीज के कप्तान शे होप भी विस्फोटक फॉर्म में चल रहे हैं. वनडे सीरीज में लगातार 2 शतक और इस सीरीज में एक अर्धशतक-एक शतक लगाकर होप भारतीय टीम के लिए सिरदर्द बने हुए हैं. वो भी इस तरह की बड़ी पारी खेलने की काबिलियत रखते हैं. इसलिए रविवार को एक बार फिर गेंदबाजों का कड़ा इम्तेहान होने वाला है, जबकि बल्लेबाज फिर बाउंड्री बरसाकर वाहवाही लूटते हुए नजर आ सकते हैं.

सुमित सुन्द्रियाल

सुमित सुन्द्रियाल

इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.

Read More

google button