September 2, 2026

IND vs WI: विराट कोहली के पास होगा इतिहास रचने का सुनहरा मौका, ऐसा करते ही बन जाएंगे दुनिया के नंबर-1 खिलाड़ी

Virat Kohli ODI Records: भारत और वेस्टइंडीज के बीच सितंबर-अक्टूबर में व्हाइट बॉल क्रिकेट खेला जाएगा. वेस्टइंडीज की टीम इसी महीने भारतीय दौरे पर आ रही है. पहले दोनों टीमों के बीच 3 वनडे मैचों की सीरीज खेली जाएगी, इसके बाद टी20 सीरीज का आगाज होगा. वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज से रोहित शर्मा और विराट कोहली की टीम इंडिया में वापसी होगी. दोनों दिग्गज बल्लेबाज जब मैदान पर उतरेंगे तो कई रिकॉर्ड भी उनके निशाने पर होंगे. कोहली के पास तो वेस्टइंडीज के खिलाफ इतिहास रचने का मौका होगा. वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में विराट शतक लगाने में कामयाब हो जाते हैं तो वो एक बड़ा कीर्तिमान बना देंगे.

विराट कोहली के निशाने पर होगा ऐतिहासिक रिकॉर्ड

विराट कोहली वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे क्रिकेट में अब तक 9 शतक लगा चुके हैं. अगर वो आगामी सीरीज में एक और शतक लगाने में कामयाब होते हैं, तो कोहली कैरेबियाई टीम के खिलाफ 10 वनडे शतक जड़ने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन जाएंगे. गौरतलब है कि किसी एक टीम के खिलाफ वनडे इतिहास में सबसे ज्यादा शतक लगाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी कोहली के नाम ही दर्ज है, जहां उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ 10 शतक लगाए हैं. ऐसे में वेस्टइंडीज के खिलाफ 10वां शतक लगाते ही वे दो अलग-अलग टीमों के खिलाफ 10-10 शतक लगाने वाले दुनिया के इकलौते बल्लेबाज बन जाएंगे और अपने ही महा-रिकॉर्ड की बराबरी कर लेंगे. 

वेस्टइंडीज के खिलाफ खुब चलता है विराट कोहली का बल्ला

विराट कोहली का बल्ला वेस्टइंडीज के खिलाफ खूब चलता है. वे जब भी कैरेबियाई टीम के खिलाफ मैदान पर उतरते हैं, तो रिकॉर्ड्स की झड़ी लग जाती है. उनका वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे में बेहतरीन रिकॉर्ड रहा है. विराट कोहली ने वेस्टइंडीज के खिलाफ अब तक 42 वनडे मैच खेले हैं, जिसकी 41 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने कुल 2261 रन अपने नाम किए हैं, जो भारत की तरफ से वेस्टइंडीज के खिलाफ किसी भी बल्लेबाज द्वारा बनाए गए सबसे ज्यादा रन हैं. इस दौरान उनका औसत 66.50 का और स्ट्राइक रेट 96.95 का रहा है. कोहली ने इस दौरान 215 चौका और 93 छक्का लगाया है.

ऐसा करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन सकते हैं विराट कोहली

अब वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी 3 मैचों की वनडे सीरीज में कोहली सिर्फ 239 रन बनाने में कामयाब हो जाते हैं, तो वो वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे इतिहास में 2,500 रनों का जादुई आंकड़ा छूने वाले दुनिया के इकलौते बल्लेबाज बन जाएंगे. वेस्टइंडीज के खिलाफ विराट कोहली का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नाबाद 157 रन रहा है, जो उनके करियर की सबसे शानदार पारियों में से एक है.

विराट कोहली ने वेस्टइंडीज के खिलाफ अपनी पिछली वनडे सीरीज जुलाई-अगस्त 2023 में खेली थी. हालांकि उस सीरीज में विराट कोहली एक भी गेंद नहीं खेल पाए थे. पहले वनडे मैच में भारत ने अपने बल्लेबाजी क्रम में प्रयोग किया और लोअर ऑर्डर के बल्लेबाजों को मौका देने के लिए विराट कोहली नंबर-7 पर बल्लेबाजी करने उतरे थे, लेकिन उनके आते ही भारत ने 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया, जिससे कोहली 'डिड नॉट बैट' (DNB) रहे. इसके बाद एशिया कप और वनडे वर्ल्ड कप 2023 की तैयारियों को देखते हुए दूसरे और तीसरे वनडे मैच में विराट कोहली और रोहित शर्मा को रेस्ट दिया गया था.

भारत बनाम वेस्टइंडीज वनडे सीरीज शेड्यूल 2026

पहला वनडे मैच - 27 सितम्बर, रविवार, ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम, तिरुवनंतपुरम, भारतीय समयानुसार दोपहर 2:00 बजे

दूसरा वनडे मैच - 30 सितम्बर, बुधवार, बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम, गुवाहाटी, दोपहर 2:00 बजे

तीसरा वनडे - 3 अक्टूबर, शनिवार, महाराजा यादविन्द्र सिंह स्टेडियम, न्यू चंडीगढ़, दोपहर 2:00 बजे

यह भी पढ़ें:  विराट कोहली ने 5 साल पहले ही आज के दिन हासिल की थी बड़ी उपलब्धि, सचिन, संगकारा, पोंटिंग को पीछे छोड़ बने थे नंबर-1