October 6, 2026

IND vs URU: अनिरुद्ध थापा ने दोहराया 44 साल पुराना इतिहास, लेकिन उरुग्वे ने दागे 6 गोल, भारत को 1-6 से मिली करारी हार

IND vs URU: अनिरुद्ध थापा ने दोहराया 44 साल पुराना इतिहास, लेकिन उरुग्वे ने दागे 6 गोल, भारत को 1-6 से मिली करारी हार

उरुग्वे ने भारत को 6-1 से हराया. (फोटो- PTI)

Uruguay Beat India: कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम में मंगलवार रात खेले गए इंटरनेशनल फ्रेंडली फुटबॉल मुकाबले में भारतीय टीम को दुनिया की 20वें नंबर की टीम उरुग्वे के हाथों 1-6 की करारी हार का सामना करना पड़ा. एक समय भारतीय मिडफील्डर अनिरुद्ध थापा ने एक यादगार गोल दागकर मुकाबले को 1-1 की बराबरी पर ला खड़ा किया था, लेकिन भारी बारिश और आसमानी बिजली के चलते हुए 35 मिनट के ब्रेक के बाद साउथ अमेरिकी दिग्गज उरुग्वे ने मुकाबले को एकतरफा अंदाज में अपने नाम कर लिया.

44 साल बाद दोहराया इतिहास

अनिरुद्ध थापा का 22वें मिनट में किया गया गोल भारतीय फुटबॉल इतिहास के पन्नों में अमर हो गया. इससे पहले भारत ने उरुग्वे के खिलाफ अपना इकलौता गोल 1982 के नेहरू कप में ईडन गार्डन्स के मैदान पर दागा था, जब मानस भट्टाचार्य ने 1-3 की हार के दौरान गोल किया था. ठीक 44 साल बाद, उसी शहर में और उसी उरुग्वे के खिलाफ अनिरुद्ध थापा ने गेंद को जाल में उलझाकर इतिहास रच दिया. 22वें मिनट में रेयान विलियम्स के जोरदार शॉट को उरुग्वे के गोलकीपर गैस्टन कार्डोजो पूरी तरह रोक नहीं सके, जिस पर मुस्तैद थापा ने रिबाउंड पर गेंद को गोल में तब्दील कर दिया.

मौसम की मार और उरुग्वे का तूफान

मैच के 11वें मिनट में प्रमवीर की ओर से बॉक्स में फेडेरिको विनास को गिराने के बाद मिली पेनल्टी पर स्टार स्ट्राइकर डार्विन नुनेज ने उरुग्वे को 1-0 की बढ़त दिलाई. फिर थापा के बराबरी के गोल के बाद तेज बारिश और बिजली कड़कने के कारण खेल करीब 30-35 मिनट तक रुका रहा. खेल दोबारा शुरू होते ही नाहितान नांदेज के लो-क्रॉस पर मैक्सिमिलियानो अराउजो ने गोल कर उरुग्वे को 2-1 से आगे कर दिया.

दूसरे हाफ में उरुग्वे के आक्रमण के सामने भारतीय डिफेंस बेबस नजर आया. 53वें मिनट में रोड्रिगो जालाजार ने बॉक्स के बाहर से बुलेट शॉट लगाते हुए स्कोर 3-1 कर दिया. इसके कुछ ही देर बाद अराउजो ने अपना दूसरा गोल दागकर स्कोर 4-1 कर दिया. आखिरी पलों में मैनचेस्टर यूनाइटेड के पूर्व विंगर फाकुंदो पेलिस्ट्री ने अपनी क्लास दिखाते हुए दो शानदार असिस्ट किए, जिसकी मदद से जुआन सानाब्रिया और रोड्रिगो अगुइरे ने गोल दागकर स्कोर 6-1 कर दिया.

मोहिद खान

मोहिद खान

मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.

Read More

google button