
पडिक्कल-राहुल ने लगाई श्रीलंका की क्लास. (फोटो- PTI)
IND vs SL 1st Test, DAY-1: भारत और श्रीलंका के बीच गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में शुरू हुए पहले टेस्ट मैच के पहले दिन भारतीय बल्लेबाजों का पूरी तरह दबदबा देखने को मिला. भारतीय टीम ने खेल के तीनों सेशन में अपना शानदार खेल दिखाया और दिन का खेल खत्म होने तक पहली पारी में 73 ओवरों में 2 विकेट के नुकसान पर 288 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा कर लिया. इस दौरान केएल राहुल और देवदत्त पडिक्कल के बल्लों से कमाल की पारी देखने को मिली.
पडिक्कल-राहुल ने लगाई श्रीलंका की क्लास
टीम इंडिया ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया. केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल अच्छी शुरुआत करने में भी कामयाब रहे. लेकिन 47 रन के स्कोर पर यशस्वी जायसवाल 32 रन बनाकर रन आउट हो गए. इसके बाद नंबर-3 पर उतरे देवदत्त पडिक्कल ने शानदार खेल दिखाते हुए शतक जड़ा. दिन का खेल खत्म होने तक पडिक्कल 131 रन बनाकर नाबाद लौटे. इसी के साथ 15 अगस्त यानी स्वतंत्रता दिवस के ऐतिहासिक मौके पर वो शतक लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज भी बने.
दूसरी ओर, अनुभवी बल्लेबाज केएल राहुल ने भी 77 रनों की एक ठोस पारी खेली, लेकिन गंभीर क्रैम्प्स के कारण उन्हें 197 के स्कोर पर रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान छोड़ना पड़ा. उन्होंने दूसरे विकेट के लिए पडिक्कल के साथ 150 रन भी जोड़े. फिर कप्तान शुभमन गिल 16 रन बनाकर प्रभात जयसूर्या की गेंद पर आउट हुए. इसके बाद दिन का खेल खत्म होने तक ऋषभ पंत 27 रन बनाकर पडिक्कल के साथ क्रीज पर टिके हुए हैं.
तीनों सेशन में भारतीय बल्लेबाजों का राज
- पहला सेशन: 27 ओवर में 3.74 के रन रेट से 1 विकेट के नुकसान पर 101 रन.
- दूसरा सेशन: 26 ओवर में 3.69 के रन रेट से बिना विकेट गंवाए 96 रन.
- तीसरा तीसरा: 20 ओवर में 4.55 के तेज रन रेट से 1 विकेट गंवाकर 91 रन.
श्रीलंकाई गेंदबाजों की बेबसी
श्रीलंका के गेंदबाज पूरे दिन विकेट की तलाश में संघर्ष करते दिखे. डेब्यू कर रहे ऑफ-स्पिनर केशारा नुवांता ने 21 ओवर में 98 रन लुटाए और उन्हें कोई सफलता नहीं मिली. श्रीलंका की ओर से इकलौता विकेट प्रभात जयसूर्या को मिला. हालांकि, उन्होंने भी 24 ओवर में कुल 77 रन दिए.

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More