
मोहम्मद शमी होंगे परफेक्ट रिप्लेसमेंट? (फोटो- PTI)
Mohammed Shami Records In Sri Lanka: श्रीलंका के खिलाफ 15 अगस्त से गाले में शुरू होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है. भारत के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह इस टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं. इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे वनडे मैच के दौरान बुमराह के बाएं घुटने में दर्द की समस्या शुरू हुई थी, जो अभी तक पूरी तरह ठीक नहीं हो सकी है. ऐसे में अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी उनके परफेक्ट रिप्लेसमेंट हो सकते हैं.
क्यों मोहम्मद शमी होंगे परफेक्ट रिप्लेसमेंट?
अजीत अगरकर की अगुवाई वाली सीनियर सेलेक्शन कमेंटी जल्द ही बुमराह के रिप्लेसमेंट के नाम का ऐलान कर सकती है. बुमराह की गैरमौजूदगी में भारत के पास फिलहाल मोहम्मद सिराज, गुरनूर बराड़ और प्रसिद्ध कृष्णा के रूप में तेज गेंदबाजी के विकल्प मौजूद हैं. ऐसे में अनुभवी तेज गेंदबाजों की कमी को देखते हुए मोहम्मद शमी एक बेहतरीन विकल्प साबित हो सकते हैं. हालांकि, 35 साल के शमी ने भारत के लिए अपना आखिरी टेस्ट मुकाबला जून 2023 में खेला था. उसके बाद से भले ही सेलेक्टर्स युवाओं को तरजीह देकर उन्हें नजरअंदाज कर रहे हों, लेकिन शमी लगातार घरेलू क्रिकेट में रेड-बॉल फॉर्मेट खेलकर अपना लोहा मनवा रहे हैं.
मोहम्मद शमी को चोट और फिटनेस के चलते टीम इंडिया से बाहर का रास्ता दिखाया गया था. लेकिन वो घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और अपनी फिटनेस भी साबित कर चुके हैं. बंगाल की ओर से खेलते हुए शमी ने रणजी ट्रॉफी 2025-26 के 7 मुकाबलों में शानदार गेंदबाजी करते हुए 37 विकेट भी हासिल किए थे. ऐसे में सेलेक्टर्स स्क्वॉड में एक अनुभवी गेंदबाजी की कमी को पूरा करना चाहे तो शमी पहली पसंद बन सकते हैं.
श्रीलंका में बन सकते हैं बड़े मैच विनर
श्रीलंका की पिचों पर शमी का प्रदर्शन काफी प्रभावित करने वाला रहा है. उन्होंने वहां खेले 3 टेस्ट मैचों में 60.5 ओवर गेंदबाजी करते हुए 17.7 की बेहतरीन औसत से 10 विकेट चटकाए हैं. साल 2017 के दौरे पर उन्होंने अपने आखिरी टेस्ट में 5 विकेट भी झटके थे. वहीं, श्रीलंका की कंडीशन में शमी की पुरानी गेंद से रिवर्स स्विंग कराने की काबिलियत भारतीय टीम के काफी काम आ सकती है. श्रीलंका दौरे पर भारतीय पेस अटैक में अनुभव की सख्त जरूरत है. क्योंकि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल की रेस में बने रहने के लिए ये सीरीज काफी अहम है. ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि सेलेक्टर्स रणजी में लगातार विकेट चटका रहे शमी के अनुभव पर दोबारा भरोसा जताते हैं या नहीं.

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More