October 23, 2026

IND vs NZ: दूसरे टी20 से बाहर हुए ईशान किशन, क्या वैभव सूर्यवंशी की खुल सकती है किस्मत?

IND vs NZ 2nd T20I: ईशान किशन चोट के कारण दूसरे टी20 मुकाबले से बाहर हो गए हैं। ऐसे में क्या 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में मौका मिलेगा? जानें टीम इंडिया की संभावित रणनीति क्या हो सकती है...

Ishan Kishan Injury: भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला शनिवार को क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में खेला जाना है। इस मैच से पहले भारतीय टीम को झटका लगा है। विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन चोट के कारण दूसरे टी20 मुकाबले से बाहर हो गए हैं। ऐसे में 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में मौका मिलने की संभावना बढ़ गई है।

क्या हुआ ईशान किशन को?

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के मुताबिक, ईशान किशन को पहले टी20 मुकाबले के दौरान दाएं पैर की मांसपेशियों के पास चोट लगी थी। उन्हें लो-ग्रेड राइट एडडक्टर स्ट्रेन हुआ है। टीम की मेडिकल यूनिट उनकी स्थिति पर नजर रख रही है, लेकिन वह दूसरे मैच में नहीं खेल पाएंगे। ईशान के बाहर होने के बाद भारतीय टीम मैनेजमेंट के सामने प्लेइंग इलेवन चुनने का सवाल है।

और पढे़ं- टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाली टॉप 5 टीमें, भारत पहले नंबर पर

क्या ईशान किशन की जगह वैभव सूर्यवंशी को मिलेगा मौका?

ईशान किशन के इंजर्ड होने के बाद वैभव सूर्यवंशी भी टीम के संभावित विकल्पों में शामिल हैं। वह पहले टी20 मैच में नहीं खेले थे। अगर उन्हें दूसरे मुकाबले में मौका मिलता है, तो यह भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन में उनकी वापसी होगी। वैभव पहले ही सीनियर इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू कर चुके हैं। इसके अलावा, वह 2026 एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने वाली भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम का हिस्सा भी रहे हैं। कम उम्र में अपने प्रदर्शन से पहचान बनाने वाले वैभव पर अब सबकी नजरें रहेंगी।

पहले टी20 में भारत ने कैसे हासिल की जीत?

सीरीज के पहले मुकाबले में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट पर 225 रन बनाए थे। ग्लेन फिलिप्स ने 40 गेंदों पर नाबाद 82 रन की शानदार पारी खेली। फिन एलन ने 24 गेंदों पर 45 रन बनाए, जबकि बेवन जैकब्स ने 16 गेंदों पर 31 रन का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने तेज शुरुआत दिलाई। संजू ने 33 गेंदों पर 67 रन बनाए, जबकि अभिषेक शर्मा ने 12 गेंदों पर 29 रन की पारी खेली। दोनों ने पहले विकेट के लिए 93 रन जोड़े। इसके बाद भारतीय टीम ने जल्दी-जल्दी विकेट गंवाए और एक समय उसका स्कोर 122 रन पर 4 विकेट हो गया। कप्तान श्रेयस अय्यर ने 28 गेंदों पर 42 रन बनाकर पारी को संभाला। अक्षर पटेल ने भी 24 रन बनाए। आखिर में नमन धीर ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 15 गेंदों पर नाबाद 42 रन बनाए और भारत को जीत दिला दी। भारतीय टीम ने दो गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया।

दूसरे टी20 में किस पर रहेंगी सबकी नजरें?

ईशान किशन की गैरमौजूदगी में भारतीय टीम को बल्लेबाजी क्रम में बदलाव करना पड़ सकता है। वैभव सूर्यवंशी को मौका मिलता है या टीम मैनेजमेंट किसी दूसरे खिलाड़ी पर भरोसा जताता है, यह देखना दिलचस्प होगा। भारत ने पहले मुकाबले में रिकॉर्ड लक्ष्य का पीछा करते हुए सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई थी। अब टीम की कोशिश दूसरा मैच जीतकर बढ़त मजबूत करने की होगी। वहीं, न्यूजीलैंड की टीम वापसी करते हुए सीरीज बराबर करना चाहेगी।