
टीम इंडिय की प्लेइंग 11 में किसे मिलेगा मौका? (फोटो- PTI)
India Probable Playing XI vs Afghanistan for 1st T20I: भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन टी20 मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला रविवार को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाना है. एशियन गेम्स की तैयारियों के लिहाज से यह सीरीज काफी अहम मानी जा रही है, लेकिन मैच से पहले हेड कोच गौतम गंभीर और कप्तान श्रेयस अय्यर के सामने सबसे बड़ा सिरदर्द ओपनिंग कॉम्बिनेशन को लेकर खड़ा हो गया है. टीम मैनेजमेंट इस पहेली में उलझा है कि युवा सनसनी 15 साल के वैभव सूर्यवंशी पर दांव लगाया जाए या फिर अनुभवी संजू सैमसन पर भरोसा जताया जाए.
संजू सैमसन या वैभव सूर्यवंशी, किसे मिलेगा मौका?
इंग्लैंड दौरे पर वैभव सूर्यवंशी को सैमसन की जगह प्लेइंग इलेवन में मौका दिया गया था, लेकिन सीरीज के आखिरी मैच में अनुभवी सैमसन की वापसी हुई थी. हालांकि, जिम्बाब्वे सीरीज में संजू सैमसन को आराम देकर वैभव सूर्यवंशी को ही खिलाया गया था. हालांकि, 11 सितंबर को हुए नेट सेशन के दौरान विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन की पीठ में आए खिंचाव ने सेलेक्शन के समीकरण बदल दिए हैं.
दलीप ट्रॉफी फाइनल में 270 और 80 रनों की तूफानी पारियां खेलकर लौटे ईशान अगर पहले मुकाबले से बाहर होते हैं, तो सैमसन और सूर्यवंशी दोनों एक साथ प्लेइंग इलेवन में खेलते नजर आ सकते हैं. लेकिन ईशान किशन मैच से पहले फिट हो जाते हैं तो टीम मैनेजमेंट को वैभव सूर्यवंशी और संजू सैमसन में से किसी एक खिलाड़ी को बेंच पर बैठाना पड़ सकता है.
बॉलिंग कॉम्बिनेशन की बड़ी चुनौती
अरुण जेटली स्टेडियम की पिच काफी धीमी नजर आ रही है. ऐसे में स्पिन ऑलराउंडर के तौर पर अक्षर पटेल का खेलना तय माना जा रहा है, वहीं तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर के रूप में नीतीश कुमार रेड्डी और शिवम दुबे प्लेइंग 11 में नजर आ सकते हैं. तेज गेंदबाज के रूप में जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह मौजूद हैं. इनके अलावा स्पिनर के तौर पर वरुण चक्रवर्ती टीम की पहली पंसद हो सकते हैं. हालांकि, स्क्वॉड में वॉशिंगटन सुंदर जैसे स्टार ऑलराउंडर भी मौजूद हैं.
भारत की संभावित प्लेइंग 11
अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), नितीश कुमार रेड्डी, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह.

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More