September 1, 2026

IND vs AFG: पाकिस्तान ने 7 खिलाड़ी निकाले, तो टीम इंडिया ने 8 बाहर किए... BCCI ने क्यों लिया ये फैसला?

IND vs AFG: पाकिस्तान ने 7 खिलाड़ी निकाले, तो टीम इंडिया ने 8 बाहर किए... BCCI ने क्यों लिया ये फैसला?

टीम इंडिया ने 8 खिलाड़ी बाहर किए. (फोटो- PTI)

IND vs AFG T20I Series: अफगानिस्तान के खिलाफ 13 सितंबर से दिल्ली में शुरू होने वाली तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए भारतीय सेलेक्शन कमेटी ने जब 15 सदस्यीय स्क्वॉड का ऐलान किया, तो टीम शीट देखकर कई फैंस हैरान रह गए. भारत ने अपनी पिछली टी20 सीरीज जिम्बाब्वे के खिलाफ खेली थी, लेकिन उस दौरे का हिस्सा रहे 8 खिलाड़ियों को इस बार टीम में जगह नहीं मिली है. हाल ही में पाकिस्तान ने भी इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट में शर्मनाक हार के बाद 7 खिलाड़ियों को बाहर किया है, लेकिन भारतीय टीम में हुए इन 8 बदलावों की वजह कोई पैनिक या सजा नहीं, बल्कि सीनियर मैच-विनर्स की स्क्वॉड में वापसी है.

जिम्बाब्वे दौरे के ये 8 खिलाड़ी हुए बाहर

जिम्बाब्वे के खिलाफ मौका पाने वाले युवाओं को अब सीनियर खिलाड़ियों के लौटने पर बेंच पर बैठना पड़ा है. इनमें तेज गेंदबाज मयंक यादव, प्रिंस यादव, यश ठाकुर और अशोक शर्मा शामिल हैं. वहीं, ऑलराउंडर सूर्यंश शेडगे और हर्ष दुबे भी टीम में अपनी जगह बरकरार नहीं रख सके हैं. विकेटकीपर-बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह और फिनिशर रिंकू सिंह भी इस लिस्ट का हिस्सा हैं. हालांकि, इसमें रिंकू सिंह का नाम काफी चौंकाने वाला है.

इन खिलाड़ियों की हुई वापसी

जिम्बाब्वे दौरे पर कई सीनियर खिलाड़ियों को आराम दिया गया था और कुछ चोट के चलते हिस्सा नहीं बन पाए थे. अब अफगानिस्तान के खिलाफ पूरी ताकत से उतरने के लिए सेलेक्टर्स ने 8 खिलाड़ियों की टीम में वापसी कराई है. इसमें जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा की पेस तिकड़ी शामिल है. स्पिन अटैक में अक्षर पटेल के साथ मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती लौट आए हैं.

वहीं, संजू सैमसन, वॉशिंगटन सुंदर और नीतीश कुमार रेड्डी को फिर से जगह मिली है. ऐसे में सीनियर खिलाड़ियों के आने से कॉम्बिनेशन पूरी तरह बदल गया, जिसके चलते जिम्बाब्वे दौरे पर डेब्यू या बैकअप के तौर पर गए युवा खिलाड़ियों को बाहर का रास्ता देखना पड़ा है.

T20I सीरीज के लिए टीम इंडिया का स्क्वॉड

श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा.

मोहिद खान

मोहिद खान

मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.

Read More

google button