
कौन लेगा वरुण चक्रवर्ती की जगह? (फोटो- PTI)
IND vs AFG 2nd T2OI, India Probable Playing 11: अफगानिस्तान के खिलाफ 15 सितंबर को नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में होने वाले दूसरे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले से पहले भारतीय क्रिकेट टीम को करारा झटका लगा है. पहले मैच में धारदार गेंदबाजी करने वाले मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती साइड स्ट्रेन की दिक्कत के कारण पूरी तीन मैचों की टी20 सीरीज से बाहर हो गए हैं. इस अनचाही चोट के चलते भारतीय टीम मैनेजमेंट को दूसरे मैच के लिए अपनी विजयी प्लेइंग इलेवन में मजबूरी में फेरबदल करना पड़ेगा.
कौन लेगा वरुण चक्रवर्ती की जगह?
चोट से उबरकर पहले टी20 में मैदान पर उतरे वरुण चक्रवर्ती ने काफी किफायती गेंदबाजी की थी. उन्होंने अपने कोटे के 4 ओवरों में सिर्फ 16 रन देकर 1 विकेट निकाला था और बीच के ओवरों में अफगान बल्लेबाजों को पूरी तरह बांधकर रखा था. लेकिन मैच के दौरान उन्हें साइड स्ट्रेन की दिक्कत उभर आई, जिसके चलते वो अब इस सीरीज में आगे नहीं खेल पाएंगे. ऐसे में उनका बाहर होना टीम की रणनीतियों पर सीधा असर डालेगा.
भारतीय स्क्वॉड में वरुण के विकल्प के तौर पर रवि बिश्नोई और वॉशिंगटन सुंदर मौजूद हैं. टीम मैनेजमेंट वरुण चक्रवर्ती के लाइक-फॉर-लाइक रिप्लेसमेंट के रूप में लेग स्पिनर रवि बिश्नोई को तरजीह दे सकता है. बिश्नोई एक स्पेशलिस्ट स्पिनर हैं और पूर्व में आईसीसी टी20 रैंकिंग में दुनिया के नंबर-1 गेंदबाज भी रह चुके हैं.
ओपनिंग में बदलाव मुश्किल
पहले मैच में अभिषेक शर्मा के साथ संजू सैमसन ने पारी का आगाज किया था, लेकिन वो फ्लॉप रहे. हालांकि, मैनजमेंट उन पर भरोसा बरकरार रख सकता है. ऐसे में टीम इंडिया सिर्फ 1 बदलाव के साथ मैदान पर उतर सकती है.
भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन
अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, तिलक वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, रवि बिश्नोई.

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More