August 14, 2026

पीके बोले- सरकार का चरित्र ही अपराध का है: IGIMS फायरिंग को लेकर मुख्यमंत्री पर हमला, गिरिराज सिंह को भी घेरा - Patna News

जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने पटना के IGIMS अस्पताल के पास हुई फायरिंग की घटना को लेकर बिहार सरकार और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर तीखा हमला बोला।

.

उन्होंने कहा कि जब तक बिहार का नेतृत्व अपराधी प्रवृत्ति के व्यक्ति के हाथ में रहेगा, तब तक राज्य में अपराध मुक्त समाज की कल्पना करना बेईमानी होगी।

प्रशांत किशोर ने कहा कि सरकार के मुखिया का चरित्र अगर अपराध की प्रवृत्ति वाला है तो उसका असर पूरे शासन-तंत्र और समाज पर पड़ता है। उन्होंने IGIMS के पास हुई फायरिंग की घटना को कानून-व्यवस्था की स्थिति से जोड़ते हुए सरकार पर सवाल खड़े किए।

‘सरकार का चरित्र ही अपराध का है’

PK ने कहा कि बिहार में अपराध की स्थिति को केवल छोटी-बड़ी घटनाओं के तौर पर नहीं देखा जा सकता। उनके मुताबिक, सरकार का नेतृत्व ही अगर अपराधी प्रवृत्ति के व्यक्ति के पास हो तो अपराध पर नियंत्रण की उम्मीद करना मुश्किल है।

सूखे नशे को लेकर सरकार पर निशाना

प्रशांत किशोर ने बिहार में बढ़ते सूखे नशे को लेकर भी सरकार की शराबबंदी नीति पर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि बिहार में लागू शराबबंदी कानून की वजह से आने वाले समय में सूखे नशे का चलन और बढ़ सकता है।

उन्होंने कहा कि उन्होंने करीब दो साल पहले ही बिहार में बढ़ते नशे को लेकर चेतावनी दी थी। PK ने पंजाब में नशे की समस्या का उदाहरण देते हुए कहा कि आने वाले समय में 'उड़ता पंजाब' की तरह 'उड़ता बिहार' की चर्चा हो सकती है।

उन्होंने कहा कि शराबबंदी के नाम पर बने कानून का फायदा भ्रष्ट पुलिस अधिकारियों और शराब माफिया को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि शराब की उपलब्धता पर रोक के बाद नशे के दूसरे विकल्पों का बाजार बढ़ रहा है और इसका सबसे ज्यादा नुकसान समाज तथा युवाओं को उठाना पड़ सकता है। PK ने कहा कि यदि इस दिशा में समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो सूखा नशा घर-घर तक पहुंचने का खतरा है।

बांकीपुर के लोगों से पीके लगातार इंटरैक्ट कर रहे हैं।

बांकीपुर के लोगों से पीके लगातार इंटरैक्ट कर रहे हैं।

गिरिराज सिंह पर भी PK का हमला

प्रशांत किशोर ने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि बेगूसराय में कुशवाहा समाज के लोगों का वोट हासिल करने की कोशिश में गिरिराज सिंह इन दिनों मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पक्ष में बयान दे रहे हैं। उन्होंने गिरिराज सिंह पर अनाप-शनाप और अनर्गल बयान देने का आरोप लगाया।

प्रशांत किशोर ने कहा कि लोग गिरिराज सिंह की बातों को नजरअंदाज करते हैं, लेकिन अगर वे जरूरत से ज्यादा बोलेंगे तो उनकी 'पूरी कुंडली जनता के सामने रखी जाएगी'।