August 23, 2026

ICC टेस्ट टीम रैंकिंग में बांग्लादेश ने रचा इतिहास, भारत और पाकिस्तान किस नंबर पर? ऑस्ट्रेलिया का दबदबा जारी

Aug 23, 2026 01:52 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान

Follow us on Google News

share

Latest ICC Test Team Rankings: बांग्लादेश को आईसीसी टेस्ट टीम रैंकिंग में एक  स्थान का फायदा हुआ है। भारत टॉप 5 में मौजूद है।ऑस्ट्रेलियाई टीम का दबदबा जारी है।

Latest ICC Test Team Rankings

बांग्लादेश के कप्तान नजमुल हुसैन शांन्तो और भारतीय खिलाड़ी

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने रविवार (23 अगस्त) को टेस्ट टीमों की ताजा रैंकिंग जारी की है। बांग्लादेश ने इतिहास रच डाला है। नजमुल हुसैन शान्तो की कप्तानी वाली बांग्लादेश टीम एक स्थान चढ़कर छठे पायदान पर पहुंच गई है। बांग्लादेश ने पहली बार टॉप 6 में एंट्री मारी है। उसके खाते में 78 रेटिंग अंक हैं। बांग्लादेश ने साल 2000 में अपना पहला टेस्ट मैच खेला था। बांग्लादेश बनाम ऑस्ट्रेलिया दो मैचों की टेस्ट सीरीज 1-1 से ड्रॉ रही। बांग्लादेश ने डार्विन में आयोजित सीरीज के पहले मैच में 9 विकेट से ऐतिहासिक जीत दर्ज की। यह बांग्लादेश की ऑस्ट्रेलियाई सरमजीं पर पहली टेस्ट जीत थी। ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश को दूसरे टेस्ट में एक पारी और 51 रनों से रौंदा। यह मैच दो दिन के भीतर समाप्त हुआ।

भारत और पाकिस्तान किस नंबर पर?

आईसीसी टेस्ट टीम रैंकिंग में भारत चौथे नंबर पर कायम है। भारत के खाते में 104 अंक हैं। भारतीय टीम फिलहाल श्रीलंका दौरे पर दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेल रही है। भारत ने 1-0 की बढ़त बना रखी है। भारत ने गॉल में पहला टेस्ट 165 रनों से जीता था। श्रीलंका टीम सातवें स्थान पर है। उसके 76 अंक हैं। पाकिस्तान 75 अंकों के साथ आठवें नंबर पर है। पाकिस्तान को हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में पारी और 103 रनों से शिकस्त का सामना करना पड़ा था। यह मैच लीड्स में खेला गया। ऑस्ट्रेलिया का रैंकिंग में दबदबा जारी है। ऑस्ट्रेलियाई टीम 126 अंकों के साथ शीर्ष पर काबिज है। साउथ अफ्रीका दूसरे नंबर पर है। उसके खाते में 119 अंक हैं। न्यूजीलैंड (106 अंक) तीसरे स्थान पर मौजूद है।

Latest ICC Test Team Rankings

मिचेल स्टार्क ने किया बांग्लादेश को 'तबाह'

ऑस्ट्रेलिया ने मिचेल स्टार्क की कातिलाना गेंदबाजी की बदौलत बांग्लादेश को दूसरे टेस्ट में 'तबाह' किया। उन्होंने मैच में 51 रन देकर 10 विकेट चटकाए। उन्होंने पहली पारी में 12 रन देकर छह और दूसरी पारी में 39 रन पर चार शिकार किए। पैट कमिंस (10 रन पर तीन विकेट) और नाथन लियोन (25 रन पर तीन विकेट) ने भी तीन-तीन विकेट लेकर स्टार्क का अच्छा साथ दिया। बांग्लादेश की दूसरी पारी 38.3 ओवर में 95 रन पर सिमट गई। कप्तान नजमुल ने 31 रन बनाए जबकि मुशफिकुर रहीम 29 रन बनाकर नाबाद रहे। इन दोनों के अलावा कोई अन्य बल्लेबाज दोहरे अंक में भी नहीं पहुंच पाया। स्टार्क ने टेस्ट क्रिकेट में चौथी बार मैच में 10 विकेट चटकाए। वह दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज तेज गेंदबाज डेल स्टेन को पीछे छोड़कर टेस्ट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में 10वें स्थान पर पहुंच गए। उनके नाम अब 445 विकेट हैं। स्टार्क प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द सीरीज चुने गए।

लेखक के बारे में

Md.Akram

मोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार

परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।

अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।

शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।

विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय

और पढ़ें