July 31, 2026

IAS अफसर बनकर NEET छात्रा से रेप किया: बहन के बॉयफ्रेंड ने पास कराने का झांसा देकर होटल बुलाया; 2 नाबालिग से भी कर चुका दरिंदगी - Ajmer News

अजमेर की 18 साल की नीट छात्रा से उसकी बहन के बॉयफ्रेंड ने रेप किया। आरोपी ने खुद को IAS अधिकारी बताकर पहले दोस्ती की। फिर NEET का पेपर दिलाने और परीक्षा पास कराने का झांसा देकर होटल बुलाया।

.

होटल में उसने छात्रा को 'प्रसाद' बताकर लड्डू खिलाया। बेहोश होने पर आरोपी ने छात्रा के साथ रेप किया। उसने छात्रा को धमकी दी कि अगर किसी को बताया तो जान से मार देगा। डर के कारण छात्रा ने काफी समय तक यह बात अपने परिवार को नहीं बताई।

बाद में छात्रा ने अपनी बहन को घटना की जानकारी दी। यह भी सामने आया कि आरोपी ने पीड़िता की एक और नाबालिग बहन के साथ भी रेप किया है। पीड़िता अपनी मां के साथ जोधपुर के रातानाडा थाने पहुंची, जहां 27 जुलाई को जीरो FIR दर्ज की गई। घटनास्थल अजमेर होने के कारण मामला अजमेर पुलिस को भेज दिया गया है।

4 पॉइंट्स में समझिए पूरा मामला…

1. आरोपी ने खुद को IAS अफसर बताया

पुलिस को दी शिकायत में छात्रा ने बताया- मैं 12वीं पास करने के बाद NEET की तैयारी कर रही हूं। जून 2025 में गर्मी की छुट्टियों के दौरान जोधपुर में मेरी ममेरी बहन ने अपने बॉयफ्रेंड से मेरी मुलाकात कराई थी। पहली मुलाकात में आरोपी ने खुद को IAS अधिकारी बताया और कहा कि NEET का पेपर उपलब्ध कराकर परीक्षा पास करवा देगा।

फरवरी 2026 में आरोपी ने मुझे फोन करके अजमेर मिलने बुलाया और फिर से NEET परीक्षा पास कराने और बड़े लोगों से पहचान होने का दावा किया। इसके बाद मार्च 2026 में उसने दोबारा संपर्क कर कहा कि वह NEET का पेपर लेकर आया है। उसने मुझे वैशाली नगर स्थित एक होटल में मिलने बुलाया।

2. 'प्रसाद' बताकर लड्डू खिलाया, फिर रेप किया

छात्रा के अनुसार- होटल के कमरे में आरोपी ने तकिए के नीचे रखा एक लिफाफा दिखाकर कहा कि इसमें NEET का पेपर है, लेकिन खोलने पर उसमें पुराने प्रश्नपत्र निकले। इसी दौरान आरोपी ने टिफिन से लड्डू निकाला और 'प्रसाद' बताकर खिला दिया। लड्डू खाते ही मुझे चक्कर आने लगे। अचेत अवस्था में आरोपी ने मेरे साथ रेप किया। होश आने पर आरोपी ने धमकी दी कि किसी को भी बताया तो जान से मार देगा। डर से मैंने काफी समय तक यह बात परिवार को नहीं बताई।

होटल में आरोपी ने टिफिन से लड्डू निकाला और 'प्रसाद' बताकर छात्रा को खिला दिया।

होटल में आरोपी ने टिफिन से लड्डू निकाला और 'प्रसाद' बताकर छात्रा को खिला दिया।

3. पीड़ित की 2 नाबालिग बहनों से भी की दरिंदगी

छात्रा के अनुसार, बाद में उसने अपनी ममेरी बहन को इसके बारे में बताया और परिवार के पूछने पर आपबीती बताई। इस दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी ने पीड़िता की 2 नाबालिग बहनों (जिनकी उम्र 13 और 17 साल है) के साथ भी रेप किया था।

आरोपी ने 17 साल की नाबालिग को बोर्ड परीक्षा में नंबर बढ़ाने और सरकारी नौकरी दिलवाने का झांसा देकर जोधपुर में उसके साथ रेप किया। बाद में उसी के जरिए 13 साल की मासूम बहन को बुलाकर उसके साथ भी दरिंदगी की।

4. जोधपुर में जीरो FIR, आरोपी गिरफ्तार

पूरी सच्चाई सामने आने के बाद पीड़िता अपनी मां के साथ जोधपुर के रातानाडा थाने पहुंची, जहां 27 जुलाई को जीरो FIR दर्ज की गई। NEET के नाम पर धोखाधड़ी और रेप की मुख्य घटना अजमेर की थी, इसलिए मामला आगे की जांच के लिए अजमेर पुलिस को भेज दिया गया।

वहीं, 2 नाबालिग बहनों के साथ जोधपुर में हुई दरिंदगी की रिपोर्ट पर कार्रवाई करते हुए जोधपुर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

---

यह खबर भी पढ़िए..

खुद को IAS बताकर लड़कियों से रेप करने वाला गिरफ्तार:बोर्ड परीक्षा में नंबर बढ़वाने और सरकारी नौकरी का लालच देकर होटल बुलाता था

लड़कियों को बोर्ड परीक्षा में नंबर बढ़ाने, पेपर दिलाने और सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर रेप करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी खुद को IAS अधिकारी बताकर लड़कियों को फंसाता था। इसके बाद होटल बुलाकर रेप करता था। आरोपी के खिलाफ दो मामले जोधपुर में दर्ज किए गए। जबकि एक मामला अजमेर का होने से जीरो नंबरी FIR दर्ज की गई है। पढ़ें पूरी खबर