इंडिया में अब नई गाड़ी लॉन्च होनी बहुत आम बात हो गई है. क्योंकि हर दिन कोई न कोई कार लॉन्च होती रहती है. आज के दिन हुंडई ने अपनी एक नई कार लॉन्च की है. कंपनी ने अपनी नई एसयूवी बेयॉन को भारत में लॉन्च कर दिया है. जिसके बाद से अब इसकी चर्चा हर तरफ हो रही है. हुंडई ने इस कार को क्रेटा से नीच रखा है और कीमत भी काफी है.
जिसके चलते आज हम आपको इस खबर में बताएंगे कि क्या बेयॉन मार्केट में अपनी दबदबा बना चुकी क्रेटा को टक्कर दे पायेगी या नहीं. अगर पहली नजर में देखें तो यह मुकाबला सीधा लग सकता है लेकिन दोनों गाड़ियों के साइज, डिज़ाइन, इंजन ऑप्शंस और फीचर्स की तुलना बेहद दिलचस्प और पेचीदा है. अगर आप भी इन दोनों में से किसी एक को चुनने में असमंजस महसूस कर रहे हैं तो चलिए जानतें हैं इनके बीच के हर छोटे-बड़े अंतर.
किसका पलड़ा भारी?
बात करें अगर गाड़ी के लंबाई की तो क्रेटा 4330mm लंबी है जबकि बेयॉन 4245mm लंबी है यानी क्रेटा लंबाई में 85mm ज्यादा बड़ी है. हालांकि चौंकाने वाली बात यह है कि चौड़ाई के मामले में बेयॉन (1810mm) क्रेटा (1790mm) से पूरे 20mm ज्यादा चौड़ी है. दोनों गाड़ियों के व्हीलबेस में भी सिर्फ 10mm का ही मामूली फर्क है. जहां बेयॉन का व्हीलबेस 2600mm और क्रेटा का 2610mm है.
वहीं ग्राउंड क्लीयरेंस के मामले में भी बेयॉन 205mm के साथ क्रेटा (190mm) से आगे निकल जाती है. इसके अलावा बेयॉन में 505-लीटर का विशाल बूट स्पेस मिलता है. जो क्रेटा के 433-लीटर बूट स्पेस से काफी ज्यादा है. यानी कॉम्पैक्ट लुक के बावजूद बेयॉन केबिन स्पेस के मामले में क्रेटा से बहुत पीछे नहीं है.

यह भी पढ़ें: कम बजट में पावरफुल 4x4 SUV, ये हैं 3 बेस्ट ऑप्शन
इंजन की तुलना में कौन बेहतर?
अब पावर और परफॉर्मेंस की बात करें तो बेयॉन और क्रेटा दोनों में ही 1.5-लीटर का 4-सिलेंडर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन दिया गया है. जो 115 PS की पावर जनरेट करता है. दोनों गाड़ियों में 6-स्पीड मैनुअल और iVT ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का विकल्प मिलता है. लेकिन बेयॉन के iVT ऑटोमैटिक में एक खास बूस्ट मोड दिया गया है.
हालांकि क्रेटा का सबसे बड़ा फायदा यह है कि वह ग्राहकों को 1.5-लीटर डीजल और 1.5-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन का पावरफुल ऑप्शन भी देती है. जो बेयॉन में फिलहाल नहीं हैं. बेयॉन में आने वाले समय में कंपनी सीएनजी वेरिएंट पेश कर सकती है. इसलिए जो लोग सिर्फ पेट्रोल गाड़ी चाहते हैं उनके लिए दोनों गाड़ियां पावर के मामले में लगभग एक बराबर हैं.

फीचर्स और सेफ्टी में कौन आगे?
वहीं दोनों ही गाड़ी केबिन में दी जाने वाली सुविधाओं के मामले में एक से बढ़कर एक फीचर्स से लैस हैं. हुंडई बेयॉन में डुअल 12.3-इंच की डिजिटल डिस्प्ले स्क्रीन, पैनोरमिक सनरूफ, वेंटिलेटेड सीट्स, बोस ऑडियो सिस्टम और लेवल-2 प्रो ADAS जैसे हाई-टेक फीचर्स दिए गए हैं. वहीं क्रेटा में भी पैनोरमिक सनरूफ, एम्बिएंट लाइटिंग, पावर्ड सीट्स और ADAS जैसे फीचर्स मिलते हैं.
हालांकि क्रेटा का केबिन ज्यादा बॉक्सी और एसयूवी जैसा महसूस होता है. जबकि बेयॉन का इंटीरियर एक मॉडर्न क्रॉसओवर जैसा स्पोर्टी फील देता है. सेफ्टी के लिहाज से भी 6 एयरबैग्स, 360-डिग्री कैमरा और स्टेबिलिटी कंट्रोल जैसे फीचर्स दोनों ही गाड़ियों में आपकी यात्रा को पूरी तरह सुरक्षित बनाते हैं.
दोनों में है कीमत का अंतर
अब बात करें अगर कीमत की तो हुंडई बेयॉन 9.99 लाख रुपये की शुरुआती कीमत पर आती है. जबकि क्रेटा की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत लगभग 10.90 लाख रुपये से शुरू होती है. बेयॉन करीब 1 लाख सस्ती होने के कारण उन ग्राहकों के लिए एक बेहतरीन ऑप्शन बन जाती है जो कम बजट में क्रेटा जैसी चौड़ाई, फीचर्स और पेट्रोल परफॉर्मेंस का अनुभव चाहते हैं.
कुल मिलाकर देखा जाये तो बेयॉन सीधे तौर पर क्रेटा की बिक्री को पूरी तरह खत्म नहीं करेगी बल्कि उन खरीदारों को अपनी तरफ खींचेगी जो क्रेटा का टॉप मॉडल खरीदने के लिए अपना बजट नहीं बढ़ा पा रहे हैं. अगर आपको डीजल या टर्बो इंजन चाहिए तो क्रेटा बेस्ट है. लेकिन अगर बजट कम है और आधुनिक टेक्नोलॉजी व ज्यादा बूट स्पेस प्राथमिकता है तो बेयॉन आपके लिए एकदम सटीक साबित होगी.
यह भी पढ़ें: Hyundai Bayon की एंट्री, फीचर्स और स्पेस देख चौंक जाएंगे