July 14, 2026

Hybrid vs EV vs CNG vs Petrol: अगले 10 साल के लिए कौन-सी Car रहेगी बेस्ट? समझें फायदे और नुकसान

Image

Hybrid vs EV vs CNG vs Petrol कौन-सा ऑप्शन ज्यादा बेहतर (AI Generated Image)

नई कार खरीदने की योजना बना रहे हैं तो सबसे बड़ा सवाल मन में यही आ रहा होगा कि Petrol, CNG, Hybrid या EV (इलेक्ट्रिक कार) में से कौन-सा विकल्प चुना जाए। यहां आपको समझने की जरूरत है कि हर तकनीक के अपने फायदे और सीमाएं हैं। ऐसे में केवल ईंधन की कीमत देखकर फैसला नहीं लिया जा सकता है। अगर आप अगले 8-10 साल तक कार इस्तेमाल करने की योजना बना रहे हैं, तो सही पावरट्रेन चुनना आपके हजारों नहीं बल्कि लाखों रुपये बचा सकता है।

Petrol Car किसके लिए बेहतर?

पेट्रोल कार आज भी सबसे लोकप्रिय विकल्पों में से एक है। इसकी शुरुआती कीमत कम होती है और देशभर में पेट्रोल पंप आसानी से उपलब्ध हैं। अगर आपकी मंथली ड्राइविंग कम है या आप सालाना 8,000 से 10,000 किलोमीटर तक ही कार चलाते हैं, तो पेट्रोल कार एक प्रैक्टिकल ऑप्शन हो सकता है। हालांकि, पेट्रोल की कीमत अधिक होने के कारण ज्यादा चलाने पर इसकी रनिंग कॉस्ट भी बढ़ जाती है।

CNG Car में सबसे कम रनिंग कॉस्ट

अगर आपकी रोजाना ड्राइविंग ज्यादा है और शहर में CNG स्टेशन आसानी से उपलब्ध हैं, तो CNG कार बेहतर विकल्प साबित हो सकती है। हालांकि CNG कारों में बूट स्पेस कम हो सकता है और सभी इलाकों में CNG स्टेशन उपलब्ध नहीं होते।

Hybrid Car देती है डबल फायदा

हाइब्रिड कार में पेट्रोल इंजन और इलेक्ट्रिक मोटर दोनों मिलकर काम करते हैं। इसमें अलग से चार्जिंग की जरूरत नहीं होती, क्योंकि बैटरी ब्रेकिंग और इंजन के जरिए चार्ज होती रहती है। यही वजह है कि शहर और हाईवे दोनों पर बेहतर माइलेज मिल सकता है। हालांकि Hybrid कारों की शुरुआती कीमत पेट्रोल मॉडल से अधिक होती है। अगर आपकी सालाना ड्राइविंग अधिक है, तो समय के साथ बेहतर माइलेज इस अतिरिक्त कीमत की भरपाई कर सकता है।

EV कार किसके लिए सही रहेगी?

इलेक्ट्रिक कारों की सबसे बड़ी खासियत उनकी कम रनिंग कॉस्ट है। इलेक्ट्रिक मोटर एनर्जी का इस्तेमाल पारंपरिक पेट्रोल इंजन की तुलना में कहीं अधिक दक्षता से करती है। हालांकि EV खरीते समय चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर, लंबी दूरी की यात्रा और शुरुआती कीमत जैसे पहलुओं पर भी ध्यान देना जरूरी है। अगर आपके घर या ऑफिस में चार्जिंग की सुविधा है और रोजाना की ड्राइविंग तय दूरी तक सीमित रहती है तो EV एक अच्छा विकल्प बन सकती है।

अगले 10 साल के हिसाब से कौन-सा विकल्प बेहतर?

कौन-सी कार आपके लिए सबसे बेहतर रहेगी, इसका जवाब आपकी जरूरतों और इस्तेमाल के तरीके पर निर्भर करता है। अगर आप रोजाना 20-30 किलोमीटर तक शहर में ड्राइविंग करते हैं और घर या ऑफिस में चार्जिंग की सुविधा उपलब्ध है, तो EV भविष्य के लिहाज से एक अच्छा विकल्प हो सकती है। वहीं, अगर चार्जिंग की सुविधा नहीं है लेकिन बेहतर माइलेज चाहते हैं, तो Hybrid कार संतुलित विकल्प साबित होती है। ज्यादा दूरी तय करने वाले और CNG नेटवर्क वाले शहरों में रहने वाले लोगों के लिए CNG कार सबसे किफायती मानी जा सकती है।

Shivani Kotnala

शिवानी कोटनाला author

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने ... और देखें

  • Hindi News
  • Auto

End of Article