
इंग्लैंड ने भारत कोो हराया. (फोटो- Hockey India)
Hockey World Cup 2026: एफआईएच पुरुष हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के अपने दूसरे पूल-डी मुकाबले में भारतीय पुरुष हॉकी टीम को पहली हार का सामना करना पड़ा. नीदरलैंड्स के एम्सटेलवीन में खेले गए काफी अहम मुकाबले में वर्ल्ड की तीसरे नंबर की टीम इंग्लैंड ने दूसरे हाफ में जबर्दस्त पलटवार करते हुए भारत को 4-2 से मात दी. पहला हाफ भारतीय टीम के नाम रहा. लेकिन दूसरे हाफ में इंग्लैंड ने शानदार खेल दिखाते हुए एक दमदार जीत हासिल की.
पहले हाफ में भारत की शानदार वापसी
मुकाबले की शुरुआत में इंग्लैंड ने आक्रामक रुख अपनाया और पहले क्वार्टर के आखिरी पलों में निकोलस बंदुराक ने शानदार फील्ड गोल दागकर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी. इसके बाद दूसरे क्वार्टर में भारतीय टीम ने जबरदस्त खेल दिखाया. कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर को सटीक गोल में बदलकर भारत को 1-1 की बराबरी पर ला खड़ा किया. कुछ ही देर बाद दिलप्रीत सिंह ने एक बेहतरीन मूव को गोल में तब्दील कर भारत को मुकाबले में पहली बार 2-1 की बढ़त दिला दी.
दूसरे हाफ में इंग्लैंड का दबदबा
हाफ टाइम तक 2-1 से आगे चल रही भारतीय टीम दूसरे हाफ में अपनी लय बरकरार नहीं रख सकी और इंग्लैंड के आक्रामक हमलों के आगे डिफेंस बिखर गया. तीसरे क्वार्टर में स्टुअर्ट रशमेरे ने बराबरी का गोल दागा, जिसके तुरंत बाद हेनरी क्रॉफ्ट ने गेंद को नेट में डालकर इंग्लैंड को 3-2 से आगे कर दिया. मैच के आखिरी क्वार्टर में निकोलस बंदुराक ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर इंग्लैंड की बढ़त 4-2 कर दी, जो जीत के लिए काफी साबित हुआ.
पाकिस्तान के खिलाफ करो या मरो का मैच
इस हार के बाद भारत के लिए पूल-डी से राउंड-2 में सीधी एंट्री की राह थोड़ी मुश्किल हो गई है. भारतीय टीम को अगले राउंड में जगह पक्की करने के लिए अपने अगले पूल मुकाबले में पाकिस्तान के खिलाफ हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी. अगर वेल्स की टीम इंग्लैंड को नहीं हरा पाती है, तो पाकिस्तान के खिलाफ ड्रॉ भी भारत को आगे ले जाने के लिए काफी हो सकता है.

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More