August 16, 2026

Hockey World Cup: टीम इंडिया का दमदार आगाज, ओलंपिक रनर-अप चीन को जीत से रोका

Hockey World Cup: टीम इंडिया का दमदार आगाज, ओलंपिक रनर-अप चीन को जीत से रोका

वर्ल्ड कप में भारतीय महिला टीम की सधी शुरुआतImage Credit source: Hockey India

नीदरलैंड और बेल्जियम में एक साथ पुरुष और महिला हॉकी वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत हो चुकी है और ये आगाज भारत की दोनों टीमों के लिए अच्छा रहा है. मेंस वर्ल्ड कप में टीम इंडिया ने अपने पहले पूल मैच में वेल्स को 3-1 से हरा दिया. इस जीत के एक दिन बाद विमेंस वर्ल्ड कप में भारतीय महिला टीम ने चीन के खिलाफ 2-2 का ड्रॉ खेलते हुए मजबूत शुरुआत की. भारतीय टीम ने मौजूदा ओलंपिक मेडलिस्ट चीन को लगातार दबाव में रखा और लंबे वक्त तक मैच में बढ़त बनाए रखी लेकिन अंत में मैच ड्रॉ पर खत्म हुआ.

टीम इंडिया का लगातार दबदबा

नीदरलैंड के एम्सटेलवीन में रविवार 16 अगस्त को पूल D के अपने पहले मैच में टीम इंडिया ने ये दमदार प्रदर्शन किया.टीम इंडिया ने इस मैच में शुरुआती बढ़त ली, जब 8वें मिनट में नवनीत कौर ने फील्ड गोल किया. टीम इंडिया की ये बढ़त हालांकि ज्यादा देर नहीं रही और पहले क्वार्टर के आखिरी मिनट (15) में चीन को पेनल्टी स्ट्रोक मिला और झांग यिंग ने गोल करते हुए स्कोर 1-1 से बराबर कर लिया. ठीक 10 मिनट बाद एक बार फिर टीम इंडिया ने बढ़त हासिल कर ली. इस बार 25वें मिनट में दीपिका ने पेनल्टी कॉर्नर से गोल करते हुए स्कोर को 2-1 कर दिया.

अगले करीब 14 मिनट तक टीम इंडिया बढ़त में रही लेकिन 39वें मिनट में चीन ने भी पेनल्टी कॉर्नर से गोल करते हुए स्कोर 2-2 की बराबरी पर ला खड़ा किया. ऐसा लग रहा था कि चीन अब बढ़त हासिल करेगी लेकिन उसके 3 पेनल्टी कॉर्नर समेत हर कोशिश को मजबूत भारतीय डिफेंस ने नाकाम कर दिया और पूरे 60 मिनट के खेल के बाद स्कोर 2-2 की बराबरी पर खत्म हुआ. इस नतीजे के साथ ही दोनों टीम को 1-1 पॉइंट मिला है. चीन पूल में दूसरे और भारत तीसरे स्थान पर है. पहले पर इंग्लैंड है जिसने अपना पहला मैच जीता था.

क्यों अहम है ये ड्रॉ?

भारतीय टीम के लिए चुनौती आसान नहीं थी क्योंकि सामने चीन जैसी मजबूत टीम थी. चीन की इस टीम ने ही पेरिस ओलंपिक 2024 में सिल्वर मेडल जीता था, जबकि भारतीय टीम उस ओलंपिक में खेल भी नहीं पाई थी. वहीं उससे पहले 2023 में एशियन गेम्स में इसी टीम ने गोल्ड मेडल भी जीता था. ऐसे में इस टीम के खिलाफ हार को छोड़कर कोई भी नतीजा शानदार होने वाला था और यही हुआ भी. टीम इंडिया का अगला मैच अब 18 अगस्त को साउथ अफ्रीका से है जो अपना पहला मैच इंग्लैंड से हारी.

सुमित सुन्द्रियाल

सुमित सुन्द्रियाल

इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.

Read More

google button