August 21, 2026

Himanshu Bhau Gang: नामी डॉक्टर की हत्या का प्लान फेल...दिल्ली पुलिस मुठभेड़ में हिमांशु भाऊ गैंग के 2 शार्प शूटर गिरफ्तार - Haribhoomi

Himanshu Bhau Gang: दिल्ली पुलिस ने मुठभेड़ में हिमांशु भाऊ गैंग के 2 शूटरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए शूटरों पर आरोप है कि यह एक डॉक्टर की हत्या करने के इरादे से बक्करवाला जा रहे थे।

Himanshu Bhau Gang

हिमांशु भाऊ गैंग के 2 शूटर गिरफ्तार।

  • Published: 21 Aug 2026, 11:05 AM IST
  • Last Updated: 21 Aug 2026, 11:06 AM IST

Himanshu Bhau Gang: दिल्ली पुलिस ने मुठभेड़ में  हिमांशु भाऊ गैंग के 2 शूटरों को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि दोनों शूटर हिंद्रा थार कार में सवार होकर बक्करवाला में शख्स की हत्या करने के इरादे से जा रहे थे।

क्राइम ब्रांच RK पुरम की टीम को सूत्रों के हवाले से शूटरों के बारे में जानकारी मिली। जिसके बाद पुलिस टीम ने उन्हें पकड़ने के लिए योजना बनाई। योजना के तहत सुरक्षा एजेंसियों ने जाल बिछाया और रन्हौला इलाके में दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहालल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।  

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच और हरियाणा पुलिस की सीआईए यूनिट ने मिलकर इस अभियान को अंजाम दिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समीर और कुश के रूप में हुई है। मीर हरियाणा के रिठाल फोगाट गांव का निवासी बताया गया है, जबकि कुश मूल रूप से घुबाना गांव का रहने वाला है, जो इन दिनों रोहतक के विजय नगर क्षेत्र में रह रहा था।  

नामी डॉक्टर की हत्या का प्लान 

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी एक नामी डॉक्टर की हत्या करने की योजना के तहत दिल्ली पहुंचे थे।  खुफिया सूचना मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने जाल बिछाया और रन्हौला इलाके में दोनों को घेर लिया। गिरफ्तारी से पहले आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल हो गए।  

Delhi: Following an encounter between the Delhi Police Crime Branch and criminals, police arrested two accused linked to the Himanshu Bhau gang, including a minor.

(Visuals from the spot) pic.twitter.com/R4q898wAOr

— IANS (@ians_india) August 20, 2026

पुलिस ने आरोपियों को कैसे पकड़ा ?

बताया जा रहा है कि जब पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए मौके पर पहुंची तो,  थार एसयूवी में में सवार आरोपियों ने भागने की कोशिश की। लेकिन उनकी गाड़ी एक टी-पॉइंट पर सामने से आ रही बोलेरो पिकअप से टकरा गई। टक्कर के बावजूद भी दोनों आरोपी नहीं रुके और वाहन से निकलकर पास के खेतों की ओर भागने लगे, वहां पहले से मौजूद पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया है। 

आरोपियों ने खुद को पुलिस से घिरा हुआ पाया तो, उन्होंने बचने के लिए टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें दोनों आरोपी घायल हो गए।

घायल अवस्था में उन्हें हिरासत में लेकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज कराया जा रहा है।पुलिस ने उनके कब्जे से हथियार और अन्य सामग्री भी बरामद की है। पुलिस का कहना है कि दोनों लंबे समय से हिमांशु भाऊ गिरोह के लिए काम कर रहे थे और कई आपराधिक गतिविधियों में उनकी भूमिका की जांच की जा रही है।