August 16, 2026

​High-Voltage Accident: लखनऊ के सरोजनीनगर में हाई-वोल्टेज लाइन की चपेट में आई महिला - Haribhoomi

​लखनऊ में हाई-वोल्टेज लाइन की चपेट में आने से महिला गंभीर रूप से झुलस गई। वहीं, मोहनलालगंज में करंट लगने से एक मजदूर की मौत हो गई।

A woman was struck by a high-voltage line.

हाई-वोल्टेज लाइन की चपेट में आई महिला

  • Published: 16 Aug 2026, 04:07 PM IST
  • Last Updated: 16 Aug 2026, 04:07 PM IST

​उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सरोजनीनगर और मोहनलालगंज थाना क्षेत्रों में रविवार सुबह करंट की चपेट में आने से दो अलग अलग दर्दनाक हादसे हो गए। सरोजनीनगर में जहां दूसरी मंजिल पर कपड़े सुखा रही एक महिला 11,000 वोल्टेज के हाई-टेंशन तार की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गई, वहीं मोहनलालगंज में एक निर्माणाधीन मकान पर काम कर रहा मजदूर करंट लगने से अपनी जान गंवा बैठा। इन दोनों घटनाओं से पीड़ितों के परिवारों में कोहराम मच गया है।

​सरोजनीनगर हाई-वोल्टेज तार से चिपकी रही महिला, मची अफरा-तफरी

​सरोजनीनगर के जयराजपुरी कॉलोनी निवासी संदीप रावत घरों में वाईफाई लगाने का काम करते हैं। उनकी पत्नी मीरा 35 रविवार सुबह करीब नौ बजे घर के कामों से निपटने के बाद मकान की दूसरी मंजिल की छत पर कपड़े सुखाने गई थीं। छत के बगल से ही 11,000 वोल्टेज की हाई-टेंशन लाइन गुजरी हुई है। कपड़े डालते समय अचानक मीरा का दुपट्टा और पैर उस हाई-वोल्टेज तार की चपेट में आ गया।

​करंट लगते ही मीरा बाउंड्री के बाहर छज्जे पर गिर गईं और उनका पैर तार से चिपक गया। तार से संपर्क में आते ही उनके शरीर से धुआं उठने लगा और वह करीब पांच मिनट तक तड़पती रहीं। आसपास के लोगों ने जब यह भयावह नजारा देखा तो शोर मचाया, जिससे नीचे सो रहे पति संदीप की नींद खुली। बाहर आकर जब उसने पत्नी की यह हालत देखी तो उसके होश उड़ गए। मोहल्ले के लोगों ने तुरंत गोहरू पावर हाउस फोन कर बिजली की सप्लाई बंद करवाई। इसके बाद गंभीर रूप से झुलसी मीरा को नीचे उतारकर एंबुलेंस से सरोजनीनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीएचसी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए सिविल अस्पताल रेफर कर दिया। सिविल अस्पताल में उनका इलाज जारी है, जहां डॉक्टरों ने उनकी स्थिति नाजुक बताई है।

​मोहनलालगंज निर्माणाधीन मकान में काम कर रहे मजदूर की मौत

​उधर, मोहनलालगंज के ज्योतिनगर में रविवार सुबह एक और दर्दनाक हादसा सामने आया। ज्योतिनगर निवासी मोहम्मद अरमान सुबह मजदूर चौराहे से दिहाड़ी पर काम करने के लिए एक मजदूर को अपने निर्माणाधीन मकान पर लेकर गए थे। काम के दौरान मकान में मौजूद बिजली के तारों की चपेट में आने से मजदूर गंभीर रूप से झुलस गया।

​घटना की सूचना मिलते ही मोहनलालगंज पुलिस मौके पर पहुंची और झुलसे हुए मजदूर को तत्काल सीएचसी मोहनलालगंज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान मनोज 22, निवासी रानीखेड़ा, मजरा बैरीसालपुर, थाना मोहनलालगंज के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना देने के साथ ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।