August 1, 2026

खालिस्तानी आतंकी सुखविंदर ढिल्लो को इलाहाबाद HC से जमानत, 31 साल बाद हुई थी गिरफ्तारी

खालिस्तानी आतंकी सुखविंदर ढिल्लो को इलाहाबाद HC से जमानत, 31 साल बाद हुई थी गिरफ्तारी

इलाहाबाद हाईकोर्टImage Credit source: PTI (फाइल फोटो)

खालिस्तान कमांडो फोर्स के ऑपरेटिव सुखविंदर सिंह ढिल्लो को इलाहाबाद हाईकोर्ट से जमानत मिल गई है. साल 1993 के आर्म्स एक्ट केस से जुड़े मामले में कोर्ट ने उसे जमानत दी है. उत्तर प्रदेश के नोएडा में 1993 में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था और इसी साल यूपी एटीएस और नोएडा पुलिस ने उसे पंजाब से गिरफ्तार किया था. रिपोर्ट्स के मुताबिक, साल 1995 के बाद से वह कोर्ट में पेश नहीं हुआ था, जिसके बाद उसे फरार घोषित किया गया था. इसके बाद उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी हुआ था और फिर 31 साल बाद 18 फरवरी को वो गिरफ्तार हुआ.

हालांकि कोर्ट ने साक्ष्य देखने के बाद माना कि पहली नजर में अभियुक्त ने पूर्व में मिली स्वतंत्रता का दुरुपयोग नहीं किया, न ही वह कानून की नजर में जानबूझकर फरार हुआ था. सुखविंदर सिंह ढिल्लो मूल रूप से पंजाब के कपूरथला का रहने वाला है. उसपर पंजाब में भी कई पुराने मामले दर्ज हैं. जेल से छूटने के बाद अगस्त 1995 के बाद से वह कोर्ट में उपस्थित नहीं हुआ था, जिसके चलते उसे गिरफ्तार किया गया था. हालांकि अब जस्टिस कृष्ण पहल की सिंगल बेंच ने उसे जमानत देने का आदेश दिया है.

1993 में भी मिली थी जमानत

यूपी पुलिस ने जब सुखविंदर सिंह ढिल्लो उर्फ ​​दयाल सिंह उर्फ ​​राकेश शर्मा उर्फ ​​छिंदा को गिरफ्तार किया था, तब बताया था कि वो अवैध रूप से फायर आर्म्स रखने और उसके उपयोग करने से संबंधित एक मामले में वांछित था. पुलिस के मुताबिक, सुखविंदर को इससे पहले 18 अप्रैल 1993 को नोएडा पुलिस ने गिरफ्तार किया था और उसके पास से एक एके-56 राइफल और 121 कारतूस बरामद किए गए थे. इस मामले में उसे 9 दिसंबर 1993 को स्थानीय अदालत से जमानत मिल गई थी.

सुखविंदर पर कई मामले दर्ज

रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुखविंदर पर कपूरथला (1992) और जालंधर (1984) में हत्या के मामले, फागवारा (1985) में हत्या का प्रयास और एक लोक सेवक पर हमला करने के मामले, साथ ही कपूरथला (1983 और 1987) में सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत कई मामले दर्ज हैं.

ये भी पढ़ें: राम मंदिर ‘चंदा चोरी’ प्रदर्शन पर राहुल गांधी, पप्पू यादव और अवधेश प्रसाद पर FIR, वाराणसी में संतों की शिकायत पर केस दर्ज

पंकज चतुर्वेदी

पंकज चतुर्वेदी

पंकज चतुर्वेदी को पत्रकारतिा के क्षेत्र में एक दशक से ज्यादा का अनुभव है. देश और उत्तरप्रदेश की राजनीति को कवर करते आ रहे हैं. दिल्ली में अमर उजाला और पंजाब केसरी से पत्रकारिता की यात्रा की शुरुआत हुई.  दिल्ली में 2 साल की पत्रकारिता के बाद मिट्टी की खुशबू यूपी खींच लाई और तब से राजधानी लखनऊ में ही पत्रकारिता हो रही है. 2017 में यात्रा को विस्तार देते हुए इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े. राजनीतिक खबरों में गहरी रुचि और अंदर की खबर को बाहर लाने का हुनर, साथ ही यूपी की ब्यूरोकेसी में खास पकड़.  पत्रकारिता का फलसफा खबरों को खबर के रूप में ही जनता तक पहुंचाना.

Read More

google button