एक्ट्रेस खुशी कपूर को दिल्ली हाईकोर्ट से पर्सनैलिटी राइट्स की सुरक्षा मिली है। इसके चलते अब उनकी इजाजत के बिना उनके नाम, तस्वीर, आवाज का गलत इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा।
खुशी कपूर | Instagram
- Published: 12 Aug 2026, 07:20 PM IST
- Last Updated: 12 Aug 2026, 07:20 PM IST
Khushi Kapoor Personality Rights: बॉलीवुड एक्ट्रेस खुशी कपूर को उनकी पहचान और पर्सनैलिटी राइट्स के कथित दुरुपयोग के मामले में दिल्ली हाईकोर्ट से राहत मिली है। कोर्ट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर मौजूद कथित अश्लील और आपत्तिजनक कंटेंट को हटाने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही अभिनेत्री के नाम और उनकी पहचान, आवाज, तस्वीर से जुड़े पहलुओं का कथित तौर पर बिना अनुमति इस्तेमाल कर बेचे जा रहे मर्चेंडाइज पर भी कार्रवाई का आदेश दिया गया है।
खुशी कपूर के पर्सनैलिटी राइट्स की सुरक्षा की मांग
खुशी कपूर ने अपनी पहचान और पब्लिसिटी राइट्स की सुरक्षा के लिए अदालत का रुख किया था। एक्ट्रेस की ओर से अदालत में दायर याचिका में उनके नाम, पहचान और व्यक्तित्व से जुड़े अधिकारों के कथित अवैध इस्तेमाल पर रोक लगाने की मांग की गई थी।
अदालत के निर्देशों में सोशल मीडिया पर प्रसारित कथित अश्लील और पोर्नोग्राफिक सामग्री के अलावा ऐसे उत्पादों को भी शामिल किया गया है, जिनमें अभिनेत्री के नाम या उनकी पहचान से जुड़े तत्वों का कथित तौर पर बिना अनुमति इस्तेमाल किया गया है।
जान्हवी कपूर को भी मिली थी राहत
खुशी कपूर का मामला ऐसे समय सामने आया है, जब उनकी बहन और अभिनेत्री जान्हवी कपूर को भी दिल्ली हाईकोर्ट से इसी तरह की राहत मिली थी।
हाल ही में अदालत ने जान्हवी कपूर से जुड़े कथित आपत्तिजनक कंटेंट को हटाने और उनकी पर्सनैलिटी राइट्स के अनधिकृत इस्तेमाल के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए थे। दोनों मामलों ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर सेलिब्रिटीज की पहचान के कथित दुरुपयोग को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज कर दी है।
कई सेलेब्रिटीज ने पर्सनैलिटी राइट्स को लेकर बढ़ाया कदम
हाल ही में के समय में ऐश्वर्या राय, अमिताभ-अभिषेक बच्चन, तब्बू, कार्तिक आर्यन, करण जौहर, सलमान खान, जैसे कई सितारे कोर्ट में अपनी पर्सनैलिटी राइट्स की सुरक्षा की पहल कर चुके हैं।
क्या है पर्सनैलिटी राइट्स?: डिजिटल दौर में किसी सेलिब्रिटी के नाम, तस्वीर, आवाज, चेहरे या पहचान से जुड़े दूसरे पहलुओं का इस्तेमाल कुछ ही समय में बड़े पैमाने पर किया जा सकता है। कई मामलों में सोशल मीडिया, ई-कॉमर्स और AI जैसी तकनीकों के जरिए किसी सार्वजनिक हस्ती की पहचान को उनकी अनुमति के बिना इस्तेमाल या बदला जा सकता है।
Personality Rights किसी व्यक्ति को अपनी पहचान, नाम, छवि, आवाज और समानता के व्यावसायिक या अन्य अनधिकृत इस्तेमाल के खिलाफ कानूनी सुरक्षा देने से जुड़े अधिकार हैं। सेलिब्रिटीज इन अधिकारों के उल्लंघन की स्थिति में अदालत से राहत मांग सकते हैं।