प्रदेश में अगले 4 से 5 दिनों तक मानसून की गतिविधियां बनी रहेंगी। जबकि 1 और 2 अगस्त से बारिश का दायरा और बढ़ेगा। 24 घंटों में सिरसा 38.2°C के साथ सबसे गर्म रहा और गुरुग्राम में न्यूनतम तापमान सबसे कम 24.6°C दर्ज किया गया।
हरियाणा में मौसम विभाग ने पंचकूला-अंबाला समेत 5 जिलों में भारी बारिश का जारी किया अलर्ट।
- Published: 30 Jul 2026, 03:55 PM IST
- Last Updated: 30 Jul 2026, 03:55 PM IST
हरियाणा में गुरुवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। जींद, सिरसा और फतेहाबाद में तेज बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। बारिश के साथ तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जबकि कई इलाकों में सड़कों और गलियों में पानी भर गया। दूसरी ओर, भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और करनाल में कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
3 जिलों में हुई झमाझम बारिश
आज सिरसा में सुबह से बादल छाए रहे, पहले हल्की बूंदाबांदी हुई, जिसके बाद करीब 7 बजे के बाद बारिश शुरू हो गई। जींद के नरवाना और फतेहाबाद में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई। बारिश शुरू होते ही लोग बचने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए, जबकि कई युवाओं ने बारिश का आनंद लेते हुए वीडियो भी बनाए।
कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और करनाल में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, नूंह, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
4 अगस्त तक सक्रिय रहेगा मानसून मौसम विभाग ने जताई संभावना
आईएमडी के अनुसार, हरियाणा में मानसून अगले 4 से 5 दिनों तक सक्रिय रहने की संभावना है। 31 जुलाई को उत्तर और पूर्वी हरियाणा में बारिश का असर बना रहेगा, जबकि 1 अगस्त को उत्तर-पूर्वी जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। 2 अगस्त से पश्चिमी जिलों में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ने के आसार हैं।
तापमान में उतार-चढ़ाव
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में औसतन 3.7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। सबसे अधिक तापमान सिरसा में 38.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान में औसतन 1.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई और सबसे कम तापमान गुरुग्राम में 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग का कहना है कि जिन क्षेत्रों में अच्छी बारिश होगी, वहां तापमान में और गिरावट आने की संभावना है, जबकि कम बारिश वाले इलाकों में गर्मी और उमस का असर बना रह सकता है।
हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।