Harley-Davidson भारतीय बाजार में अपनी सबसे किफायती मोटरसाइकिल रेंज को और मजबूत करने की तैयारी कर रही है. कंपनी ने कुछ महीने पहले ही पुष्टि की थी कि वह 'Sprint 440' नाम से एक नई एंट्री-लेवल क्रूजर बाइक पेश करेगी. यह बाइक Hero MotoCorp के साथ मिलकर तैयार किए गए X440 प्लेटफॉर्म पर बेस्ड होगी. अब कंपनी ने सोशल मीडिया पर इसका पहला टीजर जारी किया है, जिसमें बाइक की झलक देखने को मिली है. टीजर से साफ है कि Sprint 440 का डिजाइन X440 से काफी अलग और ज्यादा ट्रेडिशनल क्रूजर स्टाइल वाला होगा.
टीजर में Harley-Davidson Sprint 440 का डिजाइन काफी क्लासिक नजर आ रहा है. बाइक के आगे राउंड-शेप हेडलाइट दी गई है, जिसके ऊपर एक छोटा प्लास्टिक कवर दिखाई देता है. माना जा रहा है कि इसके पीछे वायरिंग और केबल्स को छिपाया गया है, ताकि बाइक का फ्रंट हिस्सा ज्यादा साफ-सुथरा दिखे.

Sprint 440 में आगे का पहिया पीछे के मुकाबले बड़ा दिखाई देता है. यह सेटअप बाइक को ट्रेडिशनल क्रूजर स्टांस देने के साथ-साथ सीट की ऊंचाई कम रखने में भी मदद करेगा. फिलहाल Harley-Davidson X440 की सीट हाइट 805 मिमी है, जबकि Sprint 440 की सीट इससे कम होने की उम्मीद है. कम सीट हाइट के लिए कंपनी X440 के मुकाबले बाइक के सबफ्रेम में भी बड़ा बदलाव कर सकती है. हालांकि, फ्रेम का आगे वाला हिस्सा X440 से मिलता-जुलता दिखाई दे रहा है.
सम्बंधित ख़बरें
टैंक और सीट भी होंगे अलग
Sprint 440 के फ्यूल टैंक का डिजाइन भी X440 से काफी अलग है. इसमें ज्यादा राउंड शेप और क्लासिक डिजाइन वाला टैंक दिया गया है, जिसकी डिजाइन Harley-Davidson की लो राइडर और स्ट्रीट बॉब जैसी बड़ी क्रूजर बाइक्स से मिलती-जुलती नजर आती है. टैंक के पीछे सिंगल-पीस स्कूप्ड सीट दी गई है. यह सीट राइडर के साथ पीछे बैठने वाले पैसेंजर के लिए भी पर्याप्त जगह देने वाली होगी. बाइक की राइडिंग पोजिशन भी X440 से अलग होगी.
यह भी पढें: चकाचौंध से दूर... सिंपल लाइफ! नाना के दिल के करीब थी ये गाड़ी
टीजर में टेपरिंग और पीछे की ओर झुका हुआ हैंडलबार दिखाई देता है, जिससे राइडर को ज्यादा कम्फर्टेबल और रिलैक्स्ड राइडिंग पोजिशन मिलने की उम्मीद है. फुटपेग की तस्वीर अभी साफ नहीं है, लेकिन इन्हें मिड-सेट या थोड़ा आगे की तरफ रखा जा सकता है.
Harley-Davidson Sprint 440 में आगे अप-साइड-डाउन USD फोर्क और पीछे ट्विन शॉक एब्जॉर्बर दिए जाएंगे. हालांकि, कंपनी X440 में इस्तेमाल किए गए सस्पेंशन को सीधे इस्तेमाल करने के बजाय इनके सेटअप में बदलाव कर सकती है या Sprint 440 के लिए अलग यूनिट इस्तेमाल कर सकती है. टीजर में पीछे के शॉक एब्जॉर्बर X440 के मुकाबले ज्यादा झुके हुए नजर आते हैं.

नया इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिलने की उम्मीद.
Sprint 440 में राइडर के सामने अलग डिजाइन वाला डिस्प्ले देखने को मिल सकता है. इसके अलावा बाइक के राइट-हैंड साइड स्विच क्लस्टर में भी बदलाव नजर आ रहा है. X440 में गोल पॉड के अंदर छोटा रेक्टेंगुलर TFT डिस्प्ले मिलता है, जबकि Sprint 440 में ज्यादा ट्रेडिशनल और बेहतर तरीके से इंटीग्रेटेड इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया जा सकता है.
इंजन और परफॉर्मेंस
Sprint 440 और X440 के बीच सबसे बड़ा कॉमन लिंक इसका इंजन होगा. दोनों बाइक्स में 440 सीसी का सिंगल-सिलेंडर एयर-ऑयल-कूल्ड इंजन मिलने की उम्मीद है. इसके साथ 6-स्पीड गियरबॉक्स दिया जाएगा. यह इंजन 27hp की पावर और 38Nm का टॉर्क जेनरेट करता है. Sprint 440 में भी पावर और टॉर्क का आंकड़ा लगभग इसी के आसपास रहने की उम्मीद है. हालांकि, क्रूजर कैरेक्टर को ध्यान में रखते हुए कंपनी इंजन की ट्यूनिंग में बदलाव कर सकती है.
यह भी पढें: सिंगर मीका ने खरीदी वो SUV जो भारत में नहीं मिलती, कीमत है इतनी
लॉन्च से पहले कीमत के बारे में कुछ भी कहना मुश्किल है, लेकिन इसकी कीमत X440 से ज्यादा हो सकती है. X440 की शुरुआती कीमत 2.75 लाख रुपये है. फिलहाल कंपनी ने Sprint 440 के बारे में सिर्फ टीजर के जरिए शुरुआती जानकारी दी है. इससे इतना साफ हो गया है कि भले ही यह बाइक X440 के 440cc प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करेगी, लेकिन इसका डिजाइन, राइडिंग पोजिशन, सबफ्रेम, सस्पेंशन और कई दूसरे हिस्से काफी अलग होंगे.
---- समाप्त ----