September 25, 2026

Happy Birthday Rahil Azam: छोटे पर्दे का सुपरहीरो 'हातिम' अब किस हाल में जी रहा है? कई साल से नहीं मिला कोई लीड रोल!

आज भारतीय टेलीविजन के उस चहेते चेहरे का जन्मदिन है, जिसने 2000 के दशक में करोड़ों बच्चों और युवाओं के दिलों की धड़कनें तेज कर दी थीं. 25 सितंबर को अपना जन्मदिन मना रहे अभिनेता राहिल आजम को जब भी कोई याद करता है, तो जेहन में सिर्फ एक ही छवि तैरती हैहाथ में जादुई तलवार, लंबे बाल और सात पहेलियों की तलाश में निकला शूरवीर ‘हातिम’. साल 2003 में जब स्टार प्लस पर ‘हातिम’ टेलीकास्ट हुआ था, तो राहिल आजम रातों-रात नेशनल क्रश और छोटे पर्दे के सबसे बड़े फैंटेसी सुपरहीरो बन गए थे.

उस दौर में ऐसा लगता था कि टीवी इंडस्ट्री का अगला सुपरस्टार मिल चुका है और वे आने वाले दशकों तक बतौर लीड हीरो राज करेंगे. लेकिन आज, उस शो के 23 साल गुजर जाने के बाद दर्शक जब टीवी का रिमोट उठाते हैं, तो एक टीस और हैरानी भरा सवाल सामने आता है, आखिर छोटे पर्दे का वो चमकता सुपरहीरो अब किस हाल में जी रहा है? और इतना बड़ा नाम होने के बावजूद उन्हें पिछले कई सालों से किसी बड़े टीवी शो में सोलो लीड रोल क्यों नहीं मिला?

सॉफ्टवेयर इंजीनियर से टीवी का ‘हातिम’

बेंगलुरु से सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग की डिग्री लेकर मुंबई की मायानगरी में किस्मत आजमाने आए राहिल आजम की पर्सनैलिटी और स्क्रीन प्रेजेंस कमाल की थी. ‘हातिम’ की कामयाबी के बाद उनके सामने ऑफर्स की कोई कमी नहीं थी. लेकिन यहीं से टीवी इंडस्ट्री का वो कड़वा सच सामने आया, जिसे बहुत कम लोग समझ पाते हैं. उस दौर में टीवी पर सास-बहू के डेली सोप्स का सैलाब आ चुका था, जहां पुरुष एक्टर का काम ज्यादातर शादी के मंडप में खड़े रहना या बैकग्राउंड में चाय का कप पकड़ना रह गया था. राहिल आजम उन कलाकारों में से नहीं थे जो सिर्फ स्क्रीन टाइम पाने के लिए किसी भी घिसे-पिटे रोल में खुद को खपा देते. उन्होंने कभी खुद को किसी एक सांचे या इमेज में बंधने नहीं दिया. इसका नतीजा यह हुआ कि मेकर्स ने उन्हें सोलो रोमांटिक लीड के तौर पर कास्ट करने के बजाय या तो खूंखार विलेन के रूप में देखा या फिर मजबूत सपोर्टिंग रोल्स तक सीमित कर दिया.

सीआईडी के ‘नकुल’ से ‘अनुपमा’ के ‘यशपाल’ तक का सफर

भले ही उन्हें पिछले दो दशकों में कोई बड़ा सोलो लीड रोल नहीं मिला, लेकिन जब-जब राहिल कैमरे के सामने आए, उन्होंने अपनी एक्टिंग का ऐसा खौफ और असर छोड़ा कि मुख्य हीरो भी फीके पड़ गए. ‘सीआईडी’ जैसे आइकॉनिक सीरियल को ही देख लीजिए एसीपी प्रद्युम्न के बागी और साइको बेटे ‘नकुल’ का किरदार निभाकर उन्होंने पूरे देश को हिला दिया था. इसके बाद कलर्स के शो ‘तू आशिकी’ में अधेड़ उम्र के क्रूर और रईस बिजनेसमैन ‘जेडी’ का ग्रे-शेड रोल हो, या ‘मैडम सर’ में डीएसपी अनुभव सिंह की रौबदार वर्दी राहिल ने हर किरदार को अपनी क्लासिक एक्टिंग से हिट बना दिया.

हाल के समय की बात करें तो वे स्टार प्लस के नंबर वन टीआरपी शो ‘अनुपमा’ में भी नजर आए थे. हाल के समय की बात करें तो वे स्टार प्लस के नंबर वन टीआरपी शो ‘अनुपमा’ में भी नजर आए. शो में उन्होंने ‘पराग कोठारी’ का बेहद संजीदा किरदार निभाया. अपने करियर में हमेशा यंग और डायनेमिक रोल्स करने वाले राहिल ने इस शो में पहली बार पर्दे पर पिता का रोल स्वीकार कर सबको चौंका दिया था. अनुपमा के साथ उनके सीन्स और स्क्रीन प्रेजेंस ने खूब सुर्खियां बटोरी थीं. ये साफ दिखाता है कि इंडस्ट्री चाहे उन्हें मुख्य पोस्टर से दूर रखे, लेकिन जब किसी सीन में गहराई और वजन लाना होता है, तो डायरेक्टर्स आज भी राहिल आजम के हुनर पर ही भरोसा जताते हैं.

ये भी पढ़ें- जब मुश्ताक खान का हुआ था अपहरण, 12 घंटे तक बनाया बंधक, मांगी गई थी 1 करोड़ की फिरौती

अब किस हाल में हैं राहिल?

निजी जिंदगी की बात करें तो राहिल आजम ने हमेशा ग्लैमर और पीआर की चकाचौंध से 100 मील की दूरी बनाकर रखी. जब इंडस्ट्री का हर एक्टर लाइमलाइट में रहने के लिए पैपराजी और रील्स का सहारा ले रहा था, तब राहिल सोशल मीडिया पर ज्यादा एक्टिव नहीं थे. वे काम खत्म होते ही अपनी निजी जिंदगी के शांत दायरे में लौट जाते थे. हालांकि अब राहिल आजम सोशल मीडिया (खासकर इंस्टाग्राम) पर भी एक्टिव नजर आने लगे हैं. अपनी शानदार फिटनेस, सलीकेदार लुक्स और शूटिंग की बिहाइंड-द-सीन्स तस्वीरों के जरिए वे अपने पुराने और नए चाहने वालों से सीधे जुड़ रहे हैं. 50 के पड़ाव के करीब होकर भी उनकी फिटनेस और लुक्स आज भी ठीक वैसे ही हैं, जैसे 23 साल पहले हुआ करते थे.

लीड रोल न मिलना किसी कलाकार की असफलता नहीं होती, बल्कि ये उस कलाकार का चुनाव होता है जो भेड़चाल का हिस्सा बनने से इनकार कर देता है. जन्मदिन के इस खास मौके पर फैंस आज भी अपने इस पसंदीदा सुपरहीरो को उसी शिद्दत से याद करते हैं, क्योंकि रोल भले बड़े न मिले हों, लेकिन राहिल आजम का रुतबा आज भी किसी टीवी के सुपरस्टार से कम नहीं है.

सोनाली नाईक

सोनाली नाईक

सोनाली करीब 15 सालों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. जर्नलिज्म की पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रहार न्यूज पेपर से उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की थी. इस न्यूज पेपर में बतौर रिपोर्टर काम करते हुए सोनाली ने एंटरटेनमेंट बीट के साथ-साथ सीसीडी (कॉलेज कैंपस और ड्रीम्स) जैसे नए पेज पर काम किया. उन्होंने वहां 'फैशनेरिया' नाम का कॉलम भी लिखा. इस दौरान एलएलबी की पढ़ाई भी पूरी की, लेकिन पत्रकारिता के जुनून की वजह से इसी क्षेत्र में आगे बढ़ने के इरादे से 2017 में टीवी9 से सीनियर कोरेस्पोंडेंट के तौर पर अपनी नई पारी शुरू की. टीवी9 गुजराती चैनल में 3 साल तक एंटरटेनमेंट शो की जिम्मेदारी संभालने के बाद सोनाली 2020 में टीवी9 हिंदी डिजिटल की एंटरटेनमेंट टीम में शामिल हुईं. सोनाली ने टीवी9 के इस सफर में कई ब्रेकिंग, एक्सक्लूसिव न्यूज और ऑन ग्राउंड कवरेज पर काम किया है. हिंदी के साथ-साथ गुजराती, मराठी, इंग्लिश भाषा की जानकारी होने के कारण डिजिटल के साथ-साथ तीनों चैनल के लिए भी उनका योगदान रहा है. रियलिटी शोज और ग्लोबल कंटेंट देखना सोनाली को पसंद है. नई भाषाएं सीखना पसंद है. संस्कृत भाषा के प्रति खास प्यार है. नुक्कड़ नाटक के लिए स्क्रिप्ट लिखना पसंद है. सोनाली के लिखे हुए स्ट्रीट प्लेज 'पानी', 'मेड इन चाइना' की रीडिंग 'आल इंडिया रेडियो' पर सोशल अवेयरनेस के तौर पर की जा चुकी है.

Read More

google button