August 31, 2026

Gwalior Crime News: बॉयकट बाल, पहनावा और नौकरी बनी दुश्मन... पिता ने भाई संग मिलकर बेटी की गला दबाकर की हत्या

Gwalior Crime News: बॉयकट बाल, पहनावा और नौकरी बनी दुश्मन... पिता ने भाई संग मिलकर बेटी की गला दबाकर की हत्या

पिता-चाचा ने गला दबाकर मार डाला.

Gwalior News: जिस बेटी को परिवार के बीच सुरक्षित होना चाहिए था, वही अपने घर में हिंसा का शिकार हो गई. ग्वालियर के डबरा में 21 साल की युवती की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोप है कि बेटी के बॉयकट बाल, पहनावे और घर से बाहर नौकरी करने को लेकर पिता नाराज था. इसी विवाद में पिता ने अपने भाई के साथ मिलकर बेटी की जान ले ली. पुलिस ने मामले में पिता को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके भाई यानी मृतका के चाचा की तलाश की जा रही है.

दरअसल, यह पूरा मामला पिछोर थाना क्षेत्र के ग्राम पथरियापुरा का है. मृतका की पहचान अनु उर्फ नंदनी यादव के रूप में हुई. पुलिस के मुताबिक, सोमवार दोपहर परिवार में किसी बात को लेकर विवाद हुआ. इस दौरान आरोपी पिता भगवान सिंह यादव और उसके भाई संतोष यादव ने पहले घर में मौजूद 17 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ मारपीट की. आरोप है कि दोनों ने उसका गला दबाने की भी कोशिश की. लड़की की मां ने बीच-बचाव कर उसे बचाया.

ये भी पढ़ें- मां, ये लोग मुझे मार डालेंगे मदद मांगती रही कल्पना, कुछ घंटे बाद जच्चा-बच्चा की मौत; रीवा के अस्पताल का Video

इसके बाद दोनों दूसरे मकान में पहुंचे, जहां अनु मौजूद थी. दोनों ने अनु के साथ मारपीट शुरू कर दी. पुलिस के मुताबिक, युवती पर हमला करने के बाद उसका गला दबाया गया, जिससे उसकी मौत हो गई. पुलिस जांच में सामने आया कि अनु कर्नाटक के विजयपुर में एक मॉल में नौकरी करती थी. वह रक्षाबंधन के मौके पर अपने घर आई थी. परिवार के लोगों को उसका रहन-सहन और पहनावा पसंद नहीं था. वह बॉयकट हेयर रखती थी और अपनी पसंद के मुताबिक कपड़े पहनती थी. बताया जा रहा कि उसके बाहर जाकर नौकरी करने को लेकर भी परिवार में नाराजगी थी.

हत्या के बाद पिता और चाचा फरार

पुलिस को आशंका है कि इन्हीं बातों को लेकर परिवार में विवाद बढ़ा और मामला हिंसा तक पहुंच गया. हालांकि हत्या की वास्तविक वजह और घटनाक्रम को लेकर पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है. घटना के बाद पिता भगवान सिंह यादव और उसका भाई संतोष यादव मौके से फरार हो गए. सूचना मिलने पर पिछोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की.

एसडीओपी सौरभ कुमार ने दी जानकारी

थाना प्रभारी शिवम सिंह राजावत की टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पिता भगवान सिंह यादव को गांव के बाहर से गिरफ्तार कर लिया. एसडीओपी सौरभ कुमार के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला ऑनर किलिंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. युवती की हत्या के मामले में उसके पिता और चाचा पर आरोप है. एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरे आरोपी संतोष यादव की तलाश में पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं.

शिव चौबे

शिव चौबे

शिव चौबे को इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एक दशक का अनुभव है. शिव ने काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) से संस्कृत विषय में शिक्षा प्राप्त की, जिसके बाद उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की. उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत दैनिक अखबार से की. इसके बाद वर्ष 2019 में वे ETV भारत से बतौर संवाददाता जुड़े, जहां ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट और शिक्षा से जुड़ी उनकी कई महत्वपूर्ण रिपोर्टों ने राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा बटोरी. वर्ष 2020 में कोरोना महामारी के दौरान उन्होंने जान जोखिम में डालकर जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग की और व्यवस्थाओं की कमियों को उजागर किया. उनकी रिपोर्ट्स के बाद जिला प्रशासन और प्रदेश सरकार को कई महत्वपूर्ण निर्णय लेने पड़े. वर्ष 2021 में शिव चौबे ने TV9 भारतवर्ष में जिला रिपोर्टर के रूप में नई भूमिका की शुरुआत की. इसके बाद वर्ष 2023 में वे PTI (Press Trust of India) से जुड़े. यहां उन्होंने कई महत्वपूर्ण खोजी रिपोर्टें कीं, जिनमें सिवनी जिले का चर्चित सर्पदंश घोटाला, नानाजी देशमुख पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय से जुड़ा गोबर घोटाला तथा स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कई घोटाले शामिल है. इसके अलावा उन्होंने CAA के दौरान लगे कर्फ्यू, बरगी क्रूज हादसे और अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं की जमीनी रिपोर्टिंग कर अपनी अलग पहचान बनाई. निष्पक्ष, जनसरोकारों से जुड़ी और खोजी पत्रकारिता के लिए शिव चौबे को विशेष रूप से जाना जाता है.

Read More

google button