कैथल जिले में गांव ग्योंग पबनावा के बीच ट्रेन में लूट की एक अफवाह ने रेलवे विभाग में हड़कंप मचा दिया। रेल में सवार होकर नरवाना से कुरुक्षेत्र जा रहे एक यात्री ने एक वॉट्सएप ग्रुप में मैसेज लिखकर डाल दिया कि ट्रेन में लूट हो गई है।
.
वहीं ट्रेन में सवार एक महिला ने भी अपने परिवार को कॉल करके कह दिया कि गांव ग्योंग के स्टेशन से कुछ बदमाश प्रवृत्ति के युवक ट्रेन में चढ़े और हुड़दंग मचाते हुए यात्रियों से छीना झपटी का प्रयास किया। महिला के परिजनों ने इसकी सूचना जीआरपी टीम को दी तो टीम तुरंत हरकत में आ गई।
अधिकारियों ने लूट की घटना को नकारा
हालांकि जीआरपी टीम ने लूट की घटना को सिरे से नकार दिया। अधिकारियों ने कहा कि जिस व्यक्ति ने सूचना ग्रुप में डाली थी और जिस महिला ने परिवार को लूट की सूचना दी थी, उन दोनों का जांच में शामिल कर पूछताछ की गई तो कोई ऐसी घटना सामने नहीं आई। उन्होंने इसे केवल एक अफवाह करार देते हुए कहा कि महिला रेल के डिब्बे में अकेली थी और युवक ट्रेन में चढ़ गए।
उसने डर से परिजनों को कॉल किया कि कोई वारदात हो सकती है, जबकि पूछताछ में महिला ने उसके साथ लूट या स्नैचिंग जैसी घटना से साफ मना कर दिया।

कैथल से जींद की रेलवे लाइन।
छीनाझपटी का प्रयास हुआ
बता दें कि रविवार को ट्रेन में जा रहे कुरुक्षेत्र निवासी चंद्रमौली गौड़ नामक व्यक्ति ने वॉट्सएप ग्रुप में सूचना डाली थी कि ट्रेन में कुछ बदमाश चढ़े और छीनाझपटी का प्रयास किया। इस संबंध में जब चंद्रमौली से बातचीत की गई, तो उन्होंने कहा कि वे उस समय ट्रेन में ही थे। छीनाझपटी का प्रयास हुआ था। ट्रेन के डिब्बों में अफरा-तफरी मची, तो उन्होंने यह मैसेज डाला।

घटना के बारे में बताते सुनीता देवी के पति राजेंद्र।
बालियां छीन नहीं सके, इसलिए शिकायत नहीं दी
वहीं दूसरी ओर जब परिवार को कॉल करने वाली महिला से ढांड निवासी अनिता देवी व उसके पति राजेंद्र से बातचीत की गई, तो उन्होंने बताया कि युवक ट्रेन में चाकू लेकर आए थे, उसकी बालियां छीनने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हुए।
महिला ने कहा कि उन्होंने अभी तक जीआरपी को इसकी शिकायत इसलिए नहीं की, क्योंकि बदमाश उसकी बालियां छीनने में सफल नहीं हो सके।
महिला अकेली थी, परिवार को कॉल की
मामले को लेकर जीआरपी चौंकी इंचार्ज करण सिंह ने बताया कि पुलिस ने सभी स्टेशनों के अधिकारियों, ट्रेन में मौजूद लोगों, यहां तक कि परिवार को सूचना देने वाली महिला और मैसेज भेजने वाले व्यक्ति से पूछताछ की है। लूट जैसी कोई घटना सामने नहीं आई। महिला ने डर के मारे परिवार के पास कॉल की थी। उसके बाद वह दूसरे यात्रियों के पास चली गई।
वहां मौजूद यात्री ने ग्रुप में मैसेज डाल दिया कि लूट हो गई है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में किसी भी यात्री की कोई शिकायत उनके पास नहीं आई है। अगर लूट होती, तो अब तक शिकायत भी आ जानी चाहिए थी। वे लगातार मामले की जांच में लगे हुए हैं।