Govinda and David Dhawan Partnership: 90 के दशक में गोविंदा और डेविड धवन की जोड़ी बॉलीवुड की सबसे हिट एक्टर-डायरेक्टर पार्टनरशिप में से एक रही है. दोनों ने साथ में 3-4 नहीं, बल्कि पूरी 17 फिल्मों में काम किया, जिनमें से कई फिल्में 90s के कॉमेडी दौर की पहचान बन गईं. हालांकि, 17 फिल्मों के बाद दोनों का साथ काम करना बंद हो गया, जिससे उनके फैंस काफी निराश हुए. अब सालों बाद गोविंदा ने खुलासा किया कि आखिर दोनों ने साथ काम करना क्यों बंद किया. एक्टर ने बताया कि वो डेविड धवन के साथ और फिल्में करना चाहते थे, लेकिन उन्हें लगा कि डायरेक्टर अब उनके साथ आगे काम नहीं करना चाहते थे.
गोविंदा और डेविड धवन ने साथ में ‘कुली नंबर 1’, ‘राजा बाबू’ और ‘हीरो नंबर 1’ जैसी 17 सुपरहिट कॉमेडी फिल्में दीं. लेकिन बाद में दोनों ने अचानक काम करना बंद कर दिया था, जिसके बाद तमाम तरह की अटकलें लगाई जाने लगीं. अब एक हालिया इंटरव्यू में गोविंदा ने बताया कि 17 फिल्मों के बाद डेविड धवन को लगा कि वो अब साथ आगे नहीं बढ़ सकते, इसलिए उन्होंने काम करना बंद कर दिया.
गोविंदा और डेविड धवन के बीच क्या हुआ था?
हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में गोविंदा ने डेविड धवन के साथ काम करना बंद होने की वजह बताई. उन्होंने डायरेक्टर की तारीफ करते हुए उन्हें भगवान का बच्चा तक कहा. गोविंदा ने कहा, “हमने साथ में 17 फिल्में कीं. डेविड भगवान का बच्चा है. जिस वक्त उसे ऐसा लगा कि समय आ गया है कि मैं गोविंदा के साथ और आगे नहीं बढ़ पाऊंगा, वो ठहर गए. मैं चाहता था कि हम 18वीं और 19वीं फिल्म भी साथ करें, लेकिन उन्होंने नहीं किया. तो मुझे लगा कि वो अपनी सोच के हिसाब से चल रहे थे. मुझे इस बात को लेकर कभी कोई शक नहीं था.”
यह भी पढ़ें – दूरी बनाने के लिए तोहमत लगाना जरूरी है?, सुनीता आहूजा के आरोपों पर गोविंदा का पलटवार
अभी भी होती है बातचीत
एक्टर ने आगे कहा कि कई बार वो डेविड धवन से नाराज भी हो जाते थे. उन्होंने कहा, “कभी-कभी मैं उनसे नाराज हो जाता था. मैं उन्हें फोन करता था और वो समझ जाते थे. आज भी जब मेरा टॉपिक आता है, तो वो रोने लगते हैं. वो सच्चे इंसान हैं. वो अच्छे आदमी हैं.” गोविंदा ने बताया कि आज भी डेविड धवन के साथ उनका रिश्ता अच्छा है.
- पहली फिल्म: ‘ताकतवार’ (1989) से दोनों ने साथ काम शुरू किया था.
- सुपरहिट फिल्में: ‘आंखें’, ‘राजा बाबू’, ‘कुली नंबर 1’, ‘हीरो नंबर 1’ और ‘बड़े मियां छोटे मियां’.
- आखिरी फिल्म: दोनों आखिरी बार साल 2007 में आई फिल्म ‘पार्टनर’ में साथ काम किया था.
दोनों के बीच है अच्छा रिश्ता
एक्टर ने बताया कि उन्होंने हाल ही में डेविड की फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ की रिलीज से पहले उन्हें फोन किया था. गोविंदा ने कहा, “अभी जब उनकी फिल्म आने से पहले फोन किया था. मुझे लगा उनसे मुलाकात करनी चाहिए. उन्होंने रिलीज के बाद मुझे कॉल किया और कहा कि तू अपनी तकलीफ से बाहर निकल.”
यह भी पढ़ें – तू हीरो है, पर लगता नहींसलमान खान से ऐसा क्यों बोले थे गोविंदा? दी थी जिंदगी बदलने वाली सलाह
जब डेविड धवन ने की गोविंदा की तारीफ
डेविड धवन इसी साल मार्च में कपिल शर्मा शो में पहुंचे थे, जहां उन्होंने गोविंदा के साथ अपनी पार्टनरशिप को लेकर बात की थी. उन्होंने गोविंदा को बेहतरीन एक्टर्स में से एक बताया था. इस दौरान डेविड ने फिल्मों के सेट पर गोविंदा के लेट पहुंचने की अफवाहों का भी बचाव किया था. डेविड धवन ने कहा था, “यहां मैं आपको बताना चाहता हूं, लोग बोलते हैं ना लेट आता है सेट पर, आज कौन नहीं लेट आता है? वो आता है, अपना काम खत्म करके जाता है.”
सुनाया पार्टनर का किस्सा
डेविड ने गोविंदा के साथ फिल्म ‘पार्टनर’ में काम करने का एक किस्सा भी शेयर किया था. उन्होंने बताया कि एक बार गोविंदा ने चार पेज का एक सीन बहुत ध्यान से पढ़ा और उसे एक ही टेक में शानदार तरीके से कर दिया था. डेविड ने कहा था, “उसने उस सीन में हर तरह की कलाबाजी की, आप सोच भी नहीं सकते. फिर उसने मुझसे कहा कि सीन को जैसे चाहो एडिट कर लेना. अविश्वसनीय. गोविंदा कमाल के हैं.”

सना चौधरी
सना यूपी के गाजियाबाद की रहने वाली हैं. सना ने हाईटेक इंस्टीट्यूट से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है. पढ़ाई के साथ-साथ कंटेंट ऑप्टिमाईजेशन और वीडियो एडिटिंग भी सीखा है. जिसके बाद सना ने अलग-अलग जगहों पर डिजिटल कॉन्टेंट राइटर और वीडियो एडिटर के तौर पर काम किया. इससे पहले सना Zee मीडिया में बतौर वीडियो और कंटेंट एडिटर काम कर चुकी हैं. उन्होंने जी न्यूज में सोशल मीडिया पेज मैनेज किया है. Zee के बाद सना ने टीवी9 भारतवर्ष की वेबसाइट TV9hindi.com में बतौर ट्रेनी ज्वाइन किया. सना को न्यूज़ एंकरिंग का भी शौक है.
Read More