Published: Sunday, August 16, 2026, 16:23 [IST]
Govinda Wife Sunita Ahuja: गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा के बीच जुबानी जंग एक बार फिर सुर्खियों में है। सुनीता ने हाल ही में गोविंदा की को-एक्ट्रेस कोमल रानी स्वर्णकार के साथ उनकी नजदीकियों को लेकर कई तीखे बयान दिए थे। उन्होंने कथित तौर पर गोविंदा पर बेटी की उम्र की लड़की को साथ घुमाने का आरोप लगाते हुए उन्हें शर्म करने की सलाह दी थी। इतना ही नहीं, सुनीता आहूजा ने कोमल को लेकर शुगर डैडी जैसा बयान भी दिया था। अब इन बयानों पर गोविंदा ने खुलकर प्रतिक्रिया दी है और सुनीता को हद में रहने की नसीहत दी है।
सुनीता आहूजा के बयानों पर क्या बोले गोविंदा?
गोविंदा ने पत्नी सुनीता आहूजा के आरोपों पर बात करते हुए कहा कि वह जो काम कर रहे हैं, उसमें लगातार दखल दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब सुनीता खुद अलग-अलग प्रोजेक्ट्स का हिस्सा बनीं, तब उन्होंने भी उनका सहयोग किया था लेकिन अब जब वह फिल्मों में वापसी कर रहे हैं तो उनके खिलाफ लगातार बयान दिए जा रहे हैं।
'मेरे प्रति लोगों की धारणा खराब हो सकती है'
गोविंदा ने कहा कि उन्हें इस बात का डर है कि इन बयानों की वजह से उनके प्रति लोगों की धारणा खराब हो सकती है और उनके काम पर भी असर पड़ सकता है। गोविंदा के मुताबिक उनके बारे में इस तरह की बातें लगातार की जा रही हैं, जिससे उन्हें बदनाम करने की कोशिश होती नजर आ रही है।
गोविंदा ने कोमल रानी स्वर्णकार का किया बचाव
गोविंदा ने अपनी को-एक्ट्रेस कोमल रानी स्वर्णकार का बचाव करते हुए कहा कि अगर कोई कलाकार किसी साधारण परिवार से फिल्म इंडस्ट्री में आता है, तो उसे इस तरह बदनाम या शर्मिंदा नहीं किया जाना चाहिए कि वह अपना करियर ही छोड़ दे। एक्टर ने कहा कि उनके पास पैसा, शोहरत और इज्जत जैसी चीजें हैं लेकिन हर किसी के पास ये सब नहीं होता। ऐसे में किसी कम संसाधन वाले व्यक्ति को अपमानित करना ठीक नहीं है। उन्होंने सुनीता के कथित बयानों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि ऐसा व्यवहार उन्हें शोभा नहीं देता।
'हद में रहिए', सुनीता को गोविंदा की नसीहत
-सुनीता आहूजा की ओर से गोविंदा की उम्र और उनकी को-एक्ट्रेस के साथ काम करने को लेकर की गई टिप्पणियों पर भी एक्टर ने जवाब दिया। गोविंदा ने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री में बड़े-बड़े सुपरस्टार्स ने अपने करियर में कम उम्र की एक्ट्रेसेस के साथ काम किया है। उनके मुताबिक नई पीढ़ी के कलाकारों के साथ काम करने से एक्टर पर्दे पर युवा नजर आते हैं।
-गोविंदा ने आगे कहा कि अगर वह युवा कलाकारों के साथ काम कर रहे हैं तो इसमें कुछ गलत नहीं है। उन्होंने सुनीता से अपील करते हुए कहा कि वह इस तरह के बयान देने से बचें और जिस पॉडकास्ट के जरिए वह अपनी बातें रख रही हैं, वहां थोड़ा हद में रहकर बात करें।
'बहुत मां-बहन की गालियां देने लगी हैं'
गोविंदा ने बातचीत के दौरान सुनीता आहूजा के कथित तौर पर अपशब्दों के इस्तेमाल पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि वह इन दिनों मां-बहन की गालियों का इस्तेमाल बहुत ज्यादा करने लगी हैं। एक्टर ने कहा कि किसी को भी इस तरह की भाषा का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए और उन्हें उम्मीद है कि सुनीता आगे इस बात का ध्यान रखेंगी।
सुनीता ने गोविंदा की को-एक्ट्रेस को लेकर क्या कहा था?
-दरअसल हाल ही में गोविंदा को उनकी अपकमिंग फिल्म रूपा की को-एक्ट्रेस कोमल रानी स्वर्णकार के साथ एयरपोर्ट पर स्पॉट किया गया था। इसके बाद सुनीता ने एक इंटरव्यू में इस पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि गोविंदा इस उम्र में बेटी की उम्र की लड़की के साथ घूम रहे हैं और उन्हें इस बात पर शर्म आनी चाहिए।
-सुनीता आहूजा ने कोमल के पहनावे पर भी टिप्पणी की थी। उन्होंने कथित तौर पर कहा था कि अगर गोविंदा उनके शुगर डैडी हैं और इतने अमीर हैं, तो उन्हें बेहतर कपड़े पहनने चाहिए। सुनीता ने ये भी कहा था कि हर व्यक्ति का अपना एक स्टैंडर्ड होना चाहिए और लोगों को अपने रहन-सहन पर ध्यान देना चाहिए।
'मुझे कोमल नाम से नफरत है'
सुनीता आहूजा ने इससे पहले गोविंदा के कथित अफेयर रूमर्स पर बात करते हुए भी कोमल का जिक्र किया था। मिस मालिनी को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि जवानी में गलतियां हो सकती हैं लेकिन 63 साल की उम्र में ऐसी बातें सुनना उन्हें ठीक नहीं लगता।उन्होंने कोमल के नाम पर भी आपत्ति जताते हुए कहा था कि उन्हें कोमल नाम से ही नफरत है। सुनीता के इस बयान के बाद से गोविंदा और कोमल की जोड़ी लगातार चर्चा में बनी हुई है।
कोमल के साथ दो बार स्पॉट हो चुके हैं गोविंदा
गोविंदा को 7 अगस्त 2026 को कोमल रानी स्वर्णकार के साथ एयरपोर्ट पर स्पॉट किया गया था। इसके बाद दोनों को एक बार फिर साथ देखा गया। दोनों की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए, जिसके बाद उनके रिश्ते को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि गोविंदा की ओर से कोमल के साथ किसी निजी रिश्ते की पुष्टि नहीं की गई है। वह उन्हें अपनी अपकमिंग फिल्म की को-एक्ट्रेस के तौर पर पेश कर चुके हैं।
गोविंदा की फिल्म से बॉलीवुड डेब्यू करेंगी कोमल
-गोविंदा करीब 7 साल बाद फिल्मों में वापसी करने की तैयारी कर रहे हैं। उनकी अपकमिंग फिल्म रूपा से कोमल रानी स्वर्णकार भी बॉलीवुड में कदम रखने जा रही हैं। ये फिल्म गोविंदा के प्रोडक्शन से जुड़ी बताई जा रही है। इसके अलावा कोमल के गोविंदा की एक अन्य फिल्म दुनियादारी में भी नजर आने की खबरें हैं।
-जुलाई 2026 फिल्म रूपा से जुड़ी एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान गोविंदा ने कोमल का मीडिया से परिचय कराया था। इस दौरान उन्होंने उनकी तारीफ करते हुए कहा था कि फिल्म देखने के बाद दर्शक उन्हें एक अच्छी एक्ट्रेस के तौर पर पहचानेंगे।
-फिलहाल गोविंदा और सुनीता आहूजा के बीच चल रही ये जुबानी जंग लगातार चर्चा में है। जहां सुनीता ने गोविंदा और उनकी को-एक्ट्रेस को लेकर सवाल उठाए हैं, वहीं गोविंदा ने अब उनके बयानों पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए न सिर्फ अपना बचाव किया है बल्कि कोमल का भी खुलकर समर्थन किया है।